सहारनपुर SDCA में नेतृत्व परिवर्तन: अकरम के इस्तीफे के बाद परविंदर चेयरमैन, यशपाल सचिव नियुक्त – Saharanpur News

0
सहारनपुर SDCA में नेतृत्व परिवर्तन:  अकरम के इस्तीफे के बाद परविंदर चेयरमैन, यशपाल सचिव नियुक्त – Saharanpur News

सहारनपुर SDCA में नेतृत्व परिवर्तन: अकरम के इस्तीफे के बाद परविंदर चेयरमैन, यशपाल सचिव नियुक्त – Saharanpur News

तारिक सिद्दीक़ी | सहारनपुर10 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (SDCA) में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। चेयरमैन मोहम्मद अकरम के इस्तीफे के बाद परविंदर सिंह को SDCA का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वहीं, सचिव पद पर रहे लतीफ उर रहमान ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की एपेक्स काउंसिल का सदस्य बनने के बाद अपना पद छोड़ दिया। उनके स्थान पर यशपाल सिंह को नया सचिव बनाया गया है।

नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही SDCA की कमान अब नई टीम संभालेगी। इसमें परविंदर सिंह चेयरमैन, राजीव गुप्ता अध्यक्ष, यशपाल सिंह सचिव, गोपाल कृष्ण कालरा कोषाध्यक्ष, रवि सिंघल उपाध्यक्ष, ऋषि चौधरी संयुक्त सचिव और सैयद मशकूर मीडिया मैनेजर की जिम्मेदारी निभाएंगे।

UPCA एपेक्स काउंसिल के सदस्य लतीफ उर रहमान ने इस अवसर पर SDCA से जुड़े पदाधिकारियों, खिलाड़ियों, क्रिकेट क्लबों, मीडिया कर्मियों, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि पिछले 12-13 वर्षों में SDCA ने सामूहिक प्रयासों से जिले की क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है।

लतीफ उर रहमान ने पूर्व चेयरमैन मोहम्मद अकरम के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से सहारनपुर क्रिकेट में कई सकारात्मक बदलाव आए। उन्होंने बताया कि जिले के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। सहारनपुर में अभ्यास करने वाले प्रशांत वीर वर्तमान में आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। मोहम्मद अमान भारतीय अंडर-19 टीम की कप्तानी कर चुके हैं, जबकि वासु वत्स ने भी भारतीय अंडर-19 टीम में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है।

लतीफ उर रहमान ने यह भी कहा कि सहारनपुर की बेटियां भी क्रिकेट में आगे बढ़ रही हैं। SDCA ने खिलाड़ियों को बेहतर मंच और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी भी इसी प्रतिबद्धता के साथ जिले में क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

SDCA अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने कहा कि नई टीम खिलाड़ियों के हित और क्रिकेट के विकास को प्राथमिकता देगी। सचिव यशपाल सिंह ने संगठन की परंपराओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों तथा क्लबों की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar Pradesh News