सहारनपुर में 500 लोगों ने किया योगाभ्यास: स्वामी भारत भूषण ने दिए स्वस्थ जीवन के मंत्र,स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया – Saharanpur News h3>
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सहारनपुर में चेंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज द्वारा एक विशाल निशुल्क योग शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर नेताजी सुभाष चंद्र पार्क, कंपनी बाग में हुआ, जिसमें स्वास्थ्य के प्रति लोगों का उत्साह देखने को मिला। पद्मश्री से सम्मानित अंतर्राष्ट्रीय योग गुरु स्वामी भारत भूषण के मार्गदर्शन में 500 से अधिक नागरिकों ने योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों और संस्था पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर नगर विधायक राजीव गुंबर, मां शाकंभरी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर विमलाबाई और सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बलजीत सिंह चावला ने किया। योग गुरु स्वामी भारत भूषण ने शिविर में उपस्थित लोगों को विभिन्न योग क्रियाओं, प्राणायाम और स्वास्थ्यवर्धक अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति,आत्मिक संतुलन और बेहतर जीवन का आधार भी है। उन्होंने नियमित योगाभ्यास से कई बीमारियों से बचाव की बात कही और सूर्य की पहली किरण का स्वागत करने से प्राकृतिक स्वास्थ्य लाभ मिलने पर जोर दिया। संस्था अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही सफलता की असली पूंजी है। उन्होंने बताया कि व्यापार, परिवार और सामाजिक जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन तभी संभव है,जब व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ हो। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए संस्था ने इस योग शिविर का आयोजन किया। शिविर में मैक्स हॉस्पिटल साकेत, नई दिल्ली की चिकित्सकों की टीम ने निशुल्क शुगर और ब्लड प्रेशर जांच की सुविधा प्रदान की। लगभग 500 लोगों ने इस स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए नगर निगम की ओर से मोबाइल शौचालय की व्यवस्था भी की गई थी। कार्यक्रम के समापन पर योग गुरु स्वामी भारत भूषण को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया और स्मृति स्वरूप एक पौधा भेंट किया गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अन्य अतिथियों को भी पौधे प्रदान किए गए।योग शिविर के बाद प्रतिभागियों को अंकुरित पौष्टिक आहार,गुड़-चना, छाछ और ताजे फलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में संस्था अध्यक्ष, सचिव अमित कुमार ठक्कर, कोषाध्यक्ष नीरज मिड्डा, संयुक्त कोषाध्यक्ष सक्षम बत्रा समेत विभिन्न सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। पदाधिकारियों ने आयोजन की सफलता पर सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार जताते हुए योग को रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews