Advertising
<

संडे जज्बात-फौजी विधवा की 8 साल के देवर से शादी: मैं मेजर जनरल थी, उसकी बात सुनकर कांप गई; मन करता है कैसे भी उससे मिल लूं

4
संडे जज्बात-फौजी विधवा की 8 साल के देवर से शादी:  मैं मेजर जनरल थी, उसकी बात सुनकर कांप गई; मन करता है कैसे भी उससे मिल लूं

संडे जज्बात-फौजी विधवा की 8 साल के देवर से शादी: मैं मेजर जनरल थी, उसकी बात सुनकर कांप गई; मन करता है कैसे भी उससे मिल लूं

मैं रिटायर्ड मेजर जनरल मुक्ति शर्मा हूं। अभी चंडीगढ़ में रहती हूं। सेना के वेस्टर्न कमांड अस्पताल को कमांड करने वाली भारत की पहली महिला सेना अधिकारी थी। एक दफा हम रात में डिनर कर रहे थे। मुझे कर्नल ब्रिगेडियर बनाया जाने वाला था। मेरे बेटे गौरव को जब

.

उस समय वो 17 साल का था। उसने कहा- अब क्या होगा, घर में गोलियां चलेंगी और आपको तो मूछें आ जाएंगी! चारों तरफ हंटर चलेंगे। दरअसल, उसके दिमाग में फिल्मों वाला कर्नल ब्रिगेडियर था। फिल्मों में उसे वैसा ही दिखाया जाता है।

उसके बाद वो बहुत डर गया। उसे लग रहा अब मैं मम्मी नहीं रह जाऊंगी। कहने लगा कि अब वो अपने दोस्तों को क्या बताएगा कि मेरी मम्मी ब्रिगेडियर हो गईं। आखिर सोचिए जरा, उस वक्त मैं ब्रिगेडियर बनने के लिए दुआ कर रही थी, लेकिन बेटा डरा बैठा था। बड़ी मुश्किल से उसे समझाया था। आज वो देश का जाना-माना रीढ़ की हड्डी का डॉक्टर है। इसी तरह जब कारगिल युद्ध हुआ तो बहुत सी दिक्कतें झेलीं, लेकिन उस वक्त ये भी समझ में आया कि जिंदगी बहुत खूबसूरत भी है। एक सेक्सुअल हैरासमेंट के केस में मेरे बॉस जनरल बिपिन रावत की ईमानदारी ने मेरा दिल जीत लिया था।

अपने ऑफिस में काम करने के दौरान मेजर जनरल मुक्ति शर्मा हूं। सेना के वेस्टर्न कमांड अस्पताल को कमांड करने वाली भारत की पहली महिला सेना अधिकारी थी।

दरअसल, जब 9 साल की थी तो पापा की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। उनकी मौत ने मेरे दिलो-दिमाग पर गहरा असर डाला था। आज भी उस घटना का सदमा महसूस करती हूं। दरअसल, पापा आईपीएस अधिकारी थे। एकदम स्वस्थ। वो उस समय मेरठ के एसएसपी थे। वो दफ्तर से घर आए, चाय पी। अचानक उनके सीने में दर्द शुरू हुआ। हम उन्हें लेकर हॉस्पिटल गए। वहां से दिखाकर घर लौटे तो कुछ देर में अचानक गिरे और उनकी मौत हो गई।

Advertising

उस वक्त यह सोच कर हैरान थी कि इस तरह कोई स्वस्थ आदमी भला दुनिया से कैसे जा सकता है। उसी एक बात ने मेरे अंदर डॉक्टर बनने की इच्छा पैदा की। सोचती थी कि डॉक्टर बनकर हार्ट अटैक पर रिसर्च करूंगी। उसके बाद जब स्कूल की पढ़ाई पूरी हुई तो मैंने आर्म्ड फोर्सेज मेडिकल, पुणे में एडमिशन लिया। वहां पढ़ने के लिए शर्त होती है कि आगे चलकर आर्मी में सेवा देनी होगी। इस बात को लिखकर देना होता है।

इस तरह सेना के अस्पताल में पढ़ाई किया और फिर सेना में ही डॉक्टर बनी। सेना में डॉक्टर बनकर न केवल बीमार, जख्मी जवानों का ख्याल रखना होता है, बल्कि उनके परिवारों को भी संभालना होता है। उनके परिवारों की काउंसलिंग करते रहना होता है। उनके साथ समय भी बिताना पड़ता है, ताकि उनका हौसला बना रहे।

मेरी शादी हुई। मेरे पति भी सेना में डॉक्टर थे। मुझे जुड़वां बेटे पैदा हुए। जिनका नाम वरुण और गौरव रखा। बच्चे होने के बाद जब हमारी अलग-अलग जगहों पर पोस्टिंग हुई, तो घर बदलने में बहुत दिक्कतें झेलीं। कई बार दोनों बच्चों को डयूटी पर साथ लेकर जाती। हालांकि उस वक्त मेरे परिवार और ससुराल के लोगों ने बच्चों को पालने में बड़ी मदद की।

अपने जुड़वां बच्चों गौरव और वरुण के साथ रिटायर्ड सेना की अधिकारी और डॉक्टर रहीं मेजर जनरल मुक्ति शर्मा।

उस जिंदगी की भागमभाग में कई बार बच्चों के स्कूल अपनी यूनिफॉर्म में ही चली जाती। उस पर मेरे बच्चे बोलते- मम्मी आप हमारे स्कूल में ये क्या पहनकर आ जाती हो। उनके साथी बच्चे भी उनका मजाक उड़ाते कि तुम्हारी मम्मी ये सब क्या पहनकर आ जाती हैं। एक दिन तो मेरे बेटे गौरव ने कहा- मम्मी आप टीचर क्यों नहीं बन जातीं? उस पर सोच रही थी कि आखिर क्या जवाब दूं।

एक दिन रात को 8 बजे ऑफिस से घर जाने की तैयारी कर रही थी। उस दिन मुझे एक सीनियर ने बुलाया। उसने कहा कि हम सेना के अस्पतालों में जेनेटिक डिपार्टमेंट शुरू करने जा रहे हैं। आप अभी इसी वक्त सर गंगाराम अस्पताल, दिल्ली जाइए और उनके जेनेटिक डिपार्टमेंट का सिस्टम समझकर आइए। उसके बाद रिपोर्ट कल 11 बजे तक मेरे टेबल पर दीजिए।

उसी वक्त रात में ही सर गंगाराम अस्पताल गई। वहां उनका जेनेटिक डिपार्टमेंट खुलवाया और सारा सिस्टम समझ कर आई। फिर आधी रात को वापस ऑफिस आकर, सुबह तक रिपोर्ट बनाती रही। सुबह 11 बजे से पहले सीनियर की टेबल पर वो रिपोर्ट रख दी।

यानी महिला होने के नाते आप यह नहीं बोल सकतीं कि घर में मेरे बच्चे अकेले हैं। पेट में दर्द हो रहा है। आज घर का काम करने बाई नहीं आई। कुक नहीं आई। दरअसल, सेना में जेंडर के आधार पर कोई रियायत नहीं मिलती। वहां सिर्फ रैंक के आधार पर आपसे पेशेवर व्यवहार किया जाता है।

मेरे करियर का सबसे खतरनाक दौर कारगिल युद्ध था। मुझे याद है कि उस वक्त आरआर आर्मी अस्पताल, दिल्ली में तैनात थी। वैसे तो हमारे पास पूरे देश से मामले आते थे, लेकिन उस वक्त नॉर्दर्न कमांड से आने वाले मामले बढ़ गए। अस्पताल में जख्मी जवानों की तादाद बढ़ गई। हमारी छुट्टियां रद्द कर दी गईं।

उस वक्त तो हमारे कैजुअल्टी वॉर्ड भर गए, जिनमें बच्चे, औरतें और सेना के जवान सभी थे। किसी जवान की आंखें चली गई थीं, किसी की नाक। कई जवानों के चेहरे जल गए थे, जिनकी प्लास्टिक सर्जरी होनी थी। किसी के गन शॉट्स के केस थे। उस वक्त सबको संभालना बहुत मुश्किल हो रहा था।

उस समय मेरा काम सीनियर डॉक्टर्स की मदद करना था। डॉक्यूमेंटेशन, हेल्प डेस्क संभालती थी। खासतौर से हर शाम जवानों के परिवारों के साथ बिता रही थी। उस वक्त उनके बूढ़े मां-बाप की काउंसलिंग करती थी, ताकि उनका डर कम हो और वे सहज महसूस कर सकें।

दरअसल, उस वक्त सबसे ज्यादा दिक्कत किसी जवान के मरने पर होती थी। उस वक्त उनके बूढ़े मां-बाप आंसू नहीं बहाते, लेकिन काउंसलर होने के नाते जान जाती कि उन पर क्या गुजर रही है। जिस तरह वे अफसोस में पड़ते, उन्हें समझा पाना मुश्किल होता। कभी-कभी तो खुद को बहुत कमजोर पाती।

उस समय परिवारों के सामने और जख्मी जवानों के सामने बहुत मजबूत बनकर रहना होता था, लेकिन जब रात होती और अस्पताल में किसी जवान सिपाही को मरते हुए देखती, तो दिल भारी हो जाता था। युवा सिपाही को मरते देखना सबसे खराब लगता था।

लेकिन हां, यह भी कहूंगी कि उस वक्त सबसे खूबसूरत दुनिया भी देखी। मुझे याद है कि उन दिनों फिल्म एक्टर नाना पाटेकर की एक फिल्म आई थी, जो सेना पर ही थी। उस वक्त वो खुद सेना की वर्दी में हमारे अस्पताल आए थे। उन्होंने जवानों और उनके परिवारों को हौसला दिया था। हमारा भी हौसला बढ़ाकर गए थे।

उसके बाद तो कई फिल्म एक्टर्स उस अस्पताल में आए। यही नहीं, उस वक्त हर धर्म के लोग हमारे लिए प्रार्थना कर रहे थे। बहुत सारे लोग पत्र भेजकर जवानों और उनके परिवारों का हौसला बढ़ा रहे थे। यानी कि हर कोई जवानों के लिए कुछ न कुछ कर रहा था। वो सब देखकर लग रहा था कि किस तरह पूरा देश एक माला में पिरो उठा है। आखिर हमारे बीच कितनी एकता है!

अब वो घटना बताती हूं, जिसको लेकर आज भी मन में टीस है। दरअसल उसी अस्पताल में इलाज के दौरान एक युवा सिपाही की मौत हो गई। वह शादीशुदा था और उसकी विधवा पत्नी की उम्र लगभग 22 साल थी। सिपाही की मौत के बाद एक दिन उसकी पत्नी रोते हुए मेरे पास आई। कहने लगी कि मुझे बचा लीजिए। मेरे ससुराल वाले और मायके के लोग मेरी शादी देवर से कराने जा रहे हैं।

उस पर मैंने कहा था ये तो अच्छी बात है। उसमें क्या दिक्कत है? भारत में तो ऐसी शादी का बहुत जगहों पर चलन है। विधवा भाभियों की शादी अक्सर देवर से की जाती है। उसके बाद उसने जो बताया, मैं हैरान रह गई। उसने कहा- दरअसल, मेरे देवर की उम्र 8 साल है। वो मेरे लिए बच्चा जैसा है। आखिर एक बच्चे से कैसे शादी कर लूं? यह कहते हुए वो रोने लगी। वह सुनकर तो मैं कांप गई, हैरान रह गई! सोचा कि ये तो बहुत गलत है। महिला के साथ भी गलत हो रहा है और उस बच्चे के साथ भी।

उसके बाद लड़की के ससुराल वालों और उसके परिवार को बुलाया। उन्हें समझाया कि इस तरह से तो आप दोनों की जिंदगी खराब कर देंगे। भविष्य में बहुत नुकसान पहुंच सकता है। उस पर दोनों परिवारों ने कहा कि दरअसल हम चाहते हैं कि घर की इज्जत घर में ही रहे। बहुत समझाया, लेकिन वे नहीं माने। उसके बाद उन्हें आर्मी वाइफ्स वेलफेयर एसोसिएशन से मिलने के लिए भेजा। वहां भी वे कुछ तय नहीं कर पाए।

बाद में पता चला कि गांव जाकर उन लोगों ने पंचायत बुलाई, लेकिन आखिरकार क्या हुआ, मालूम नहीं चला। इतने साल बाद आज भी जब उस घटना को याद करती हूं तो रोंगटे खड़े हो जाते हैं। अब रिटायर हो चुकी हूं, लेकिन मन करता है कि उस लड़की को ढूंढूं। पता करूं कि उसके साथ आखिर क्या हुआ? न्याय हुआ या नहीं। वह मेरे करियर की ऐसी घटना है, जो कभी नहीं भूलूंगी।

आखिर में एक और दिलचस्प वाकया बताकर अपनी बात खत्म करूंगी। एक बार एक महिला ऑफिसर की सेक्शुअल हैरेसमेंट की शिकायत आई। उस वक्त हमारे बॉस जनरल बिपिन रावत थे। उन्होंने उस महिला की अंदरूनी जांच का जिम्मा मुझे दिया। उस दिन उन्होंने मुझे बुलाकर कहा था- आप उस ऑफिसर की जगह खुद को रखकर देखना, फिर मामले की जांच करना। मैंने उस केस की जांच की। जब उन्हें रिपोर्ट सौंपी तो उन्होंने उससे एक शब्द नहीं हटाया। उनकी ईमानदारी ने दिल जीत लिया। इस तरह के हौसलों से काम की थकान उतर जाती थी।

दरअसल, अगर काम करते हुए आपको अच्छा बॉस मिल जाए तो नौकरी का मजा बढ़ जाता है। मुझे जनरल बिपिन रावत, ब्रिगेडियर पी सरकार, ब्रिगेडियर बाबरा घोष जैसे बॉस मिले, जिन्होंने मेरे करियर को शेप दिया।

अपने घर पर रिटायर्ड मेजर जनरल मुक्ति शर्मा, जिन्होंने कारगिल युद्ध के दौरान एक डॉक्टर के तौर पर अहम भूमिका निभाई।

(भारतीय सेना की रिटायर्ड मेजर जनरल और डॉक्टर रहीं मुक्ति शर्मा ने अपने ये जज्बात NEWS4SOCIALरिपोर्टर मनीषा भल्ला से साझा किए हैं।)

——————————————

1- संडे जज्बात-मुझे 5 गोलियां लगीं, 2 महीने कोमा में रहा:अस्पताल में पत्नी और पुलिस के ताने सुनता रहा; बोलना तो दूर हिल भी नहीं सका

इस दौरान मुझे चार बोतल खून चढ़ाया गया। हालांकि, मेरी जान बच गई, लेकिन कोमा में चला गया। दो महीने कोमा मे बिस्तर पर पड़ा रहा। शरीर में जान नहीं थी, लेकिन दिमाग पूरी तरह जिंदा था। लोग आते, बातें करते और चले जाते। सब सुनता, लेकिन कुछ कर नहीं पाता। पूरी खबर यहां पढ़ें

2- संडे जज्बात-पति दूसरी लड़की संग भागा, प्रेमी प्रेग्नेंट करके मुकरा:कोर्ट में वकील के बेहूदे सवाल, ठाना- अकेले बच्चा पैदा करूंगी, वो तो मुझे अपना मानेगा

मैं रागिनी, मध्य प्रदेश के जबलपुर की रहने वाली हूं। अपने गांव की आशा वर्कर हूं। मेरा बचपन गरीबी में और जवानी जलालत में गुजरी। पांच साल की थी, तभी मेरे पिता की मौत हो गई। पांचवीं के बाद मेरी पढ़ाई छुड़वा दी गई और 15 साल की उम्र में मां ने मेरी शादी कर दी। पति मुझे एक ही साल में छोड़कर दूसरी लड़की के साथ भाग गया। उसके बाद एक लड़के से प्यार हुआ। प्रेग्नेंट हुई तो वो शादी से मुकर गया। पूरी खबर यहां पढ़ें