शिवांगी जोशी ने 12 साल पहले दिया था पहला ऑडिशन, सलवार-कमीज में ऐसा था एक्ट्रेस का अंदाज
जिस Shivangi Joshi को पहले कोई जानता नहीं था, आज उसी हीरोइन के लाखों फैन्स हैं। शिवांगी जोशी की तस्वीरें हों या फिर वीडियो, वो मिनटों में ही वायरल हो जाते हैं। कई बार तो फैन्स ही एक्ट्रेस के पुराने वीडियो या झलकियां निकालकर वायरल कर देते हैं। लेकिन क्या आपने शिवांगी जोशी का पहला ऑडिशन देखा है? जानते हैं एक्ट्रेस ने यह ऑडिशन कब दिया था?
सलवार-कमीज पहन दिया पहला ऑडिशन
‘थ्रोबैक थर्सडे’ में शिवांगी जोशी के इसी वीडियो और उनके करियर स्ट्रगल के बारे में बताने जा रहे हैं। शिवांगी जोशी का यह ऑडिशन वीडियो (Shivangi Joshi audition clip) काफी पुराना है। शायद 11-12 साल पुराना, जब एक्ट्रेस एक्टिंग में ब्रेक पाने के लिए जगह-जगह भटक रही थीं और प्रोडक्शन हाउस को ऑडिशन दे रही थीं। इस ऑडिशन में शिवांगी जोशी बेहद मासूम नजर आ रही हैं, लेकिन कॉन्फिडेंस गजब का है। सलवार-कमीज में शिवांगी जोशी का यह अंदाज फैन्स के दिलों को छू गया। बेशक आज शिवांगी जोशी की एक्टिंग स्किल्स काफी निखर चुकी हैं, लेकिन इसमें कोई दोराय नहीं कि एक्टिंग का टैलेंट उनमें जन्मजात रहा है।
6 महीनों तक रोजाना देती थीं 4-4 ऑडिशन
शिवांगी जोशी ने बताया था कि जब वह मुंबई आईं और काम की तलाश में थीं तो रोजाना चार-चार ऑडिशन देती थीं। यह सिलसिला करीब 6 महीनों तक चला था। शिवांगी को उस समय यह तक नहीं पता था कि ऑडिशन कहां चलते हैं और उन्हें कहां जाना है, किससे संपर्क करना है। शिवांगी जोशी ने बताया था कि ऑडिशन चाहे किसी भी एज ग्रुप के लिए क्यों न हो, लेकिन वह कभी रिजेक्ट नहीं की गईं। करीब 6 महीने तक लगातार ऑडिशन देने के बाद शिवांगी जोशी को पहला ऑफर मिला। यह एक तमिल विज्ञापन था। इसके बाद तो शिवांगी जोशी के पास एक्टिंग के ऑफर्स की बाढ़ आ गई।
देखिए शिवांगी जोशी का पहला ऑडिशन:
‘ये रिश्ता क्या कहलाता’ से स्टारडम
शिवांगी जोशी ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 2013 में टीवी शो ‘खेलती है जिंदगी आंख मिचोली’ से की थी। इसके बाद वह ‘बेइंतेहा’ में नजर आईं। शिवांगी जोशी को पहचान टीवी शो ‘बेगूसराय’ से मिली, जिसमें श्वेता तिवारी भी थीं। लेकिन ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ ने उन्हें घर-घर मशहूर कर दिया। इस शो में नायरा के किरदार से शिवांगी जोशी लोगों के दिलों में बस गईं। ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ ने ही शिवांगी जोशी को टीवी की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हीरोइनों की फेहरिस्त में ला खड़ा किया।
पहला टीवी शो और सेट पर ताने
लेकिन आज शिवांगी जोशी जिस मुकाम पर हैं, वहां तक पहुंचना आसान नहीं रहा। करियर की शुरुआत उन्होंने खूब रिजेक्शन झेला और इंडस्ट्री के लोगों के ताने सुने। शिवांगी जोशी ने बताया था कि जब वह अपने पहले टीवी शो की शूटिंग कर रही थीं और पहले दिन सेट पर पहुंचीं तो नहीं जानती थीं कि कैमरे में किस तरफ देखना है और कैसे रिएक्शन देना है। डायरेक्टर ने तो शिवांगी जोशी को प्यार से समझा दिया। लेकिन दो एक्टरों ने उन पर ताने कसे थे और कहा था- पता नहीं कहां से ले आते हैं, सिर्फ शक्ल देखके।’ और आज शिवांगी जोशी सबके लिए इंस्पिरेशन हैं।