वंश कश्यप हत्याकांड- आरोपी गिरफ्तार नहीं, परिवार धरने पर: मैनपुरी में 6 माह पहले सुदिती ग्लोबल स्कूल में हुई थी मौत – Mainpuri News h3>
मैनपुरी में वंश कश्यप हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज़ पीड़ित परिवार ने आंदोलन शुरू कर दिया है। सोमवार को मृतक वंश कश्यप के पिता केशव कश्यप अपने परिवार के साथ तिकोनिया पार्क में धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। परिवार ने प्रशासन पर मामले में लापरवाही बरतने और प्रभावशाली लोगों को बचाने का आरोप लगाया है। पीड़ित पिता केशव कश्यप ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पुत्र वंश कश्यप की हत्या 22 नवंबर 2023 को हुई थी। इस मामले में 23 नवंबर 2023 को सुदिति ग्लोबल एकेडमी मैनपुरी के प्रबंधक एवं निदेशक लवमोहन सहित स्कूल स्टाफ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। हालांकि, नामजद आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हुई है। धरने पर बैठे परिजनों का आरोप है कि आरोपी पक्ष रसूखदार और प्रभावशाली है, जिसके चलते पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही है। केशव कश्यप ने यह भी कहा कि उन पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है और विरोध करने पर परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि मामले में निष्पक्ष विवेचना के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 9 अप्रैल 2024 को आदेश दिया था। इस आदेश की प्रति पुलिस अधीक्षक समेत संबंधित अधिकारियों को भेजी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। केशव कश्यप ने कहा, “हम गरीब लोग हैं, इसलिए हमारी आवाज दबाई जा रही है। मेरे बेटे के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हो रही और हमें लगातार डराया जा रहा है।” तिकोनिया पार्क में धरने के दौरान पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की। वंश कश्यप की मां ने बताया उनका बेटा सुबह 8:00 बजे घर से अपने पापा के साथ सही सलामत स्कूल गया था और 9:00 बजे खबर आ गई कि वह कूद गया। उन्होंने बताया मेरा बेटा क्यों कूदेगा स्कूल प्रशासन उनसे घटना के बारे में छुपा रहा है अभी तक ना तो कोई सीसीटीवी फुटेज उन्होंने दिखाया। उनका आरोप है कि प्रशासन इस मामले को दबाने में लगा हुआ है। इस संबंध में पीड़ित परिवार मैनपुरी में पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक से भी मिला था और न्याय की गुहार लगाई थी।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews