लैंड होते ही झटके से रूक गया यात्री विमान, सांस थामे बैठे रहे यात्री | As soon as it landed, the passenger plane stopped with a jolt | Patrika News h3>
इंदौर.
दिल्ली से इंदौर आने वाली निजी एयरलाइंस का विमान लैंडिंग के बाद अचानक से बंद हो गया। विमान बंद होते ही यात्री घबरा गए। हालांकि, विमान को टैक्टर और टो-बार की मदद से खींचकर टर्मिनल तक लाया गया। इस बीच करीब 15 मिनट तक रनवे को बंद रखा गया।
जानकारी के अनुसार दिल्ली से इंदौर आने वाली फ्लाइट रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे एयरपोर्ट पर लैंड हुई। लैंड होने के बाद विमान को एप्रिन तक आना था लेकिन, विमान अचानक से झटका लेकर रूक गया। पायलट ने तत्काल एटीसी से संपर्क किया जिसके बाद आनन-फानन में विमान तक ट्रैक्टर और टो-बार पहुंचे जिनकी मदद से विमान टर्मिनल तक लाने में सफलता मिल सकी। टर्मिनल तक पहुंचने तक यात्रियों की सांसे थमी रही। यहां यात्रियों को उतारा गया। इस बीच मुंबई और जयपुर की फ्लाइट भी इंदौर लैंड होना थी। एटीसी ने विमान के हटने तक इन फ्लाइट को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी।
टल गया हादसा
एविएशन एक्सपट्र्स के अनुसार लैंडिंग से पहले हवा में ऐसी तकनीकी दिक्कत आने से बड़ा हादसा हो सकता था। विमान को सुधारने के लिए सोमवार को दिल्ली से ही इंजीनियरों की टीम इंदौर पहुंची। सोमवार देर शाम तक विमान को सुधारने का काम जारी था। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार तकनीकी दिक्कत के कारण विमान लैंडिंग के बाद रूक गया था। एयरलाइंस के इंजीनियर विमान को सुधार रहे है।
सोमवार को निरस्त हुई 6 उड़ानें, कई फ्लाइट रही लेट
इंदौर. दिल्ली में तूफान और बारिश के कारण विमानों की आवाजाही में दिक्कतें आ रही है। इस वजह से इंदौर से दिल्ली आने-जाने वाली उड़ाने लेट होने के साथ दिल्ली के जरिए संचालित होने वाले विमानों ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित किया। सुबह की इंदौर से दिल्ली की फ्लाइट दो से चार घंटा देरी से रवाना हुई। सोमवार को ही तीन इंदौर आने वाली और तीन इंदौर से जाने वाली उड़ानें भी कैंसल कर दी गई।
कैंसल होने वाली उड़ानों में सुबह 6.10 पर बैंगलुरु जाने वाली (6ई 701), सुबह 1045 पर ग्वालियर जाने वाली (6ई 7359) और शाम 6.10 पर जयपुर जाने वाली (6ई 7318) है। जबकि आने वाली जो उड़ानें कैंसल हुई उनमें जयपुर से सुबह 10.25 बजे आने वाली इंडिगो की (6ई7154), ग्वालियर से शाम 5.40 बजे आने वाली इंडिगो की (6ई 7358) और बैंगलुपुर से रात 8.20 बजे आने वाली इंडिगो की (6ई 6317) शामिल थी। ऐनवक्त पर ये उड़ानें निरस्त होने पर यात्रियों ने नाराजगी भी दिखाई। एयरलाइंस की ओर से इन्हें रिशेड्यूल या रिफंड के विकल्प दिए गए। सुबह इंदौर से दिल्ली की विस्तारा की फ्लाइट करीब सवा दो घंटे, इंडिगो की फ्लाइट करीब चार घंटे और दोपहर सवा 12 बजे की फ्लाइट करीब साढ़े तीन घंटा देरी से रवाना हुई। इंदौर से गोवा की फ्लाइट भी सवा तीन घंटा लेट रही। दिल्ली से आने वाली ज्यादातर फ्लाइट भी देरी से इंदौर पहुंची।