होमTop storiesलुधियाना पुलिस की रिपोर्ट से वूमेन कमीशन की चेयरपर्सन नाखुश: दावा-...
लुधियाना पुलिस की रिपोर्ट से वूमेन कमीशन की चेयरपर्सन नाखुश: दावा- लड़कियां अपनी मर्जी से गई, राजलाली बोलीं- मामला गंभीर, केस वाइज डिटेल दो – Ludhiana News
लुधियाना पुलिस की रिपोर्ट से वूमेन कमीशन की चेयरपर्सन नाखुश: दावा- लड़कियां अपनी मर्जी से गई, राजलाली बोलीं- मामला गंभीर, केस वाइज डिटेल दो – Ludhiana News h3>
लुधियाना से एक माह में करीब एक दर्जन लड़कियों के अचानक गायब होने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। पंजाब स्टेट वूमेन कमीशन के नोटिस पर लुधियाना पुलिस द्वारा भेजी गई रिपोर्ट से आयोग की चेयरपर्सन राजलाली गिल असंतुष्ट हैं। पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि जो लड़कियां लापता थीं, वे अपनी मर्जी से घर से गई हैं। रिपोर्ट के अनुसार 4 लड़कियों को उनके माता-पिता को सौंप दिया गया है, जबकि तीन को ट्रेस कर लिया गया है। बाकी मामलों में अधिकतर लड़कियां दूसरे राज्यों की बताई जा रही हैं। इस रिपोर्ट पर वूमेन कमीशन की चेयरपर्सन ने असंतुष्टि जताई। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि यह नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा से जुड़ा बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला है, इसलिए इसे सामान्य घटना मानकर हल्के में लेने की भूल कतई न करें। चेयरपर्सन ने बताया कि पुलिस द्वारा पेश की गई रिपोर्ट में कई महत्वपूर्ण जानकारियां गायब हैं। रिपोर्ट से मामलों की मौजूदा स्थिति की स्पष्ट तस्वीर सामने नहीं आती। उन्होंने कहा कि आयोग हर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और मामले को उचित निष्कर्ष तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस का तर्क- ‘सोशल मीडिया पर बात बढ़ा-चढ़ाकर की पेश लुधियाना पुलिस की ओर से जारी एक वीडियो में एडीसीपी आर.एस. भुल्लर ने कहा था कि इस मामले को सोशल मीडिया पर बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हुई। वूमन कमीशन की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने यह वीडियो अपने फेसबुक पेज पर भी साझा किया था। पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में तर्क दिया है कि लुधियाना से लापता हुई अधिकांश लड़कियां दूसरे राज्यों से आए परिवारों से संबंधित हैं। शुरुआती जांच में एक पैटर्न सामने आया है, जिसके अनुसार ये लड़कियां किसी किडनैपिंग गैंग का शिकार नहीं हुईं, बल्कि अपनी मर्जी से घर से गई थीं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 4 लड़कियों को सुरक्षित ढूंढकर उनके माता-पिता को सौंप दिया गया है, जबकि 3 अन्य को ट्रेस कर लिया गया है। चेयरपर्सन ने मांगी ‘केस-वाइज’ डिटेल; पुलिस ने मांगा समय पुलिस के “मर्जी से जाने” वाले तर्क को राजलाली गिल ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि जब पीड़ित माता-पिता आज भी अपनी बच्चियों को ढूंढने के लिए दर-दर भटक रहे हैं, तो पुलिस इस तरह के अधूरे स्पष्टीकरण देकर पल्ला नहीं झाड़ सकती। कमीशन ने लुधियाना पुलिस को सभी मामलों की केस-वाइज विस्तृत रिपोर्ट दोबारा जमा करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने इसके लिए तीन से 4 दिन का समय मांगा है। नई रिपोर्ट में चेयरपर्सन ने तलब की ये जाकारियां लापता लड़कियों की डिटेल, जिन पर कमीशन ने मांगा था जवाब… नाबालिग-युवतियों के लापता या भगाने के 14 केस दर्ज 27 अप्रैल: थाना सलेम टाबरी में 18 वर्षीय लड़की के लापता होने का मामला दर्ज हुआ। परिजनों ने सुनील साहनी पर युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया। 3 मई: थाना सदर में 14 वर्षीय नाबालिग के घर से लापता होने पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया। 4 मई: थाना डिवीजन नंबर-5 में 17 वर्षीय नाबालिग के लापता होने पर अनमोल नामक युवक के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। 13 मई: थाना साहनेवाल में 17 वर्षीय नाबालिग को सिलाई सेंटर जाते समय राहुल द्वारा विवाह का झांसा देकर भगाने के आरोप में केस दर्ज किया गया। 24 मई: थाना सराभा नगर में 16 वर्षीय नाबालिग के लापता होने पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। 25 मई: थाना डिवीजन नंबर-2 में 10 वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला दर्ज हुआ। इसी दिन थाना डाबा में 17 वर्षीय नाबालिग को पवन कुमार द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने का केस भी दर्ज किया गया। 26 मई: थाना जमालपुर में 13 वर्षीय और 16 वर्षीय नाबालिग के लापता होने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। 27 मई: थाना फोकल प्वाइंट में 16 वर्षीय नाबालिग को राज कुमार द्वारा विवाह का झांसा देकर भगाने के आरोप में केस दर्ज किया गया। 28 मई: थाना जमालपुर में 16 वर्षीय नाबालिग को करन द्वारा भगाकर ले जाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया। 29 मई: थाना दरेसी में युवती के लापता होने का मामला दर्ज हुआ। वहीं थाना लाडोवाल में 16 वर्षीय नाबालिगा को संदीप सिंह द्वारा भगाकर ले जाने के आरोप में केस दर्ज किया गया। 1 जून: थाना जमालपुर में 14 वर्षीय नाबालिग को ननके नामक आरोपी द्वारा विवाह का झांसा देकर ले जाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया। 3 जून: थाना दरेसी में 18 वर्षीय युवती के लापता होने पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया। उक्त मामलों में पुलिस ने कुछ नाबालिगों को ट्रेस कर दिया है।
पंजाब की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – PunjabNews