लखीमपुर खीरी में अवैध शराब पर सख्त अभियान: 21 मामले दर्ज, 469 लीटर शराब और 2630 लीटर लहन नष्ट – Lakhimpur-Kheri News h3>
लखीमपुर खीरी में होली पर्व से पहले अवैध शराब के खिलाफ पुलिस और प्रशासन का संयुक्त अभियान जारी है। सोमवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पूरे जनपद में 21 मामले दर्ज किए गए। इस कार्रवाई में कुल 469 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि लगभग 2630 लीटर लहन (शराब बनाने का कच्चा माल) मौके पर नष्ट कर दिया गया। आबकारी निरीक्षक अमित कुमार (क्षेत्र-1 सदर) ने आबकारी स्टाफ और नकहा पुलिस चौकी की संयुक्त टीम के साथ ग्राम लोनियांपुरवा, परसा, कादीपुर और ललूवापुरवा (थाना खीरी) में दबिश दी। इस दौरान संदिग्ध स्थानों से प्लास्टिक पाउचों में भारी मात्रा में कच्ची शराब, लहन और चल रही भट्ठियां बरामद की गईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसी क्रम में, आबकारी निरीक्षक एच.एन. पाण्डेय (क्षेत्र-2 मोहम्मदी) ने मोहम्मदी पुलिस बल के साथ ग्राम मगरैना, पालचक, टेगुन, खुर्रम नगर और बौद्धी खुर्द (थाना मोहम्मदी) में छापेमारी की। यहां घरों और संदिग्ध ठिकानों से प्लास्टिक की बोतलों में भरी कच्ची शराब और लहन बरामद हुआ, जिसे तत्काल नष्ट किया गया। देखें, 4 तस्वीरें… निघासन क्षेत्र में भी कार्रवाई की गई। आबकारी निरीक्षक राजेश कुमार (क्षेत्र-3 निघासन) ने थाना निघासन पुलिस के साथ ग्राम मांझा फार्म, मसूरहा और जंगल चौगुर्जी (थाना सिगाही) में दबिश दी। इस दौरान कच्ची शराब और लहन बरामद हुआ। लहन को मौके पर नष्ट करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार भी किया गया। पलिया क्षेत्र में आबकारी निरीक्षक प्रभात तिवारी (क्षेत्र-4 पलिया खीरी) ने पलिया और मझगई थाना पुलिस के साथ ग्राम बुद्धापुरवा, ढाकिन, बसंतापुर (थाना पलिया) और नौगवां (थाना मझगई) में छापेमारी की। संदिग्ध स्थानों से कच्ची शराब और लहन बरामद कर नष्ट किया गया। इस दौरान एक अभियुक्त को मौके पर शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, गोला और मैलानी क्षेत्रों में भी अवैध शराब के खिलाफ दबिश दी गई।
आबकारी निरीक्षक अविनाश रावत (क्षेत्र-5 गोला खीरी) ने मैलानी थाना उपनिरीक्षक अब्लीश कुमार व पुलिस टीम के साथ ग्राम पहाड़नगर, सुनहरा भूड़, बरौछा (थाना मैलानी) तथा सरैया विलियम (थाना मोहम्मदी) में कार्रवाई की। यहां भी अवैध कच्ची शराब बरामद कर लहन को नष्ट किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews