‘लखनऊ में गंदा पानी संकट’: उदयगंज पहुंचे राज्यसभा सांसद संजय सिंह, बोले-क्या यूपी सरकार मौत का इंतजार कर रही है? – Lucknow News h3>
राजधानी लखनऊ में महीनों से गंदा और बदबूदार पानी पीने को मजबूर जनता का दर्द अब सड़कों तक पहुंचता दिख रहा है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को उदयगंज और सचिवालय कॉलोनी का दौरा कर योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राजधानी के वीआईपी इलाकों में आठ महीने से दूषित पानी सप्लाई हो रहा है, लोग बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन आंख मूंदे बैठे हैं। उदयगंज में जनता से सीधे संवाद संजय सिंह लखनऊ के उदयगंज इलाके में पहुंचे और स्थानीय लोगों से सीधे मुलाकात कर गंदे पानी से जुड़ी समस्याएं सुनीं। लोगों ने बताया कि नलों से मटमैला, बदबूदार और गंदगी से भरा पानी आ रहा है। इस पानी को पीने से बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग लगातार बीमार हो रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि कई परिवारों को पीने के पानी के लिए दूर-दूर भटकना पड़ रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। वीआईपी इलाकों में हालात बदतर आप सांसद ने कहा कि सचिवालय कॉलोनी और उदयगंज जैसे इलाके राजधानी के बीचों-बीच हैं, जहां बड़े अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहते हैं। अगर यहां लोगों को साफ पानी नहीं मिल पा रहा है, तो प्रदेश के गांवों और कस्बों की स्थिति की कल्पना की जा सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि नलों से आ रहा पानी इतना गंदा है कि उसमें बदबू, कीचड़ और गंदगी साफ नजर आती है, जिससे डायरिया, पेट दर्द, उल्टी, बुखार और त्वचा रोग तेजी से फैल रहे हैं। शिकायतों के बाद भी नहीं हुई सुनवाई संजय सिंह ने कहा कि स्थानीय लोग महीनों से जलकल विभाग, नगर निगम और प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं। लिखित शिकायतें दी गईं, अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। न तो पाइपलाइन बदली गई, न पानी की टंकियों की सफाई हुई और न ही नई बोरिंग कराई गई। उन्होंने इसे जनता की सेहत के साथ खुला खिलवाड़ बताया। इंदौर से भी नहीं लिया सबक आप सांसद ने इंदौर में गंदे पानी से हुई मौतों का जिक्र करते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार लखनऊ में भी ऐसी ही किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रही है? क्या तब ही प्रशासन जागेगा, जब लोगों की जान चली जाएगी? उन्होंने साफ कहा कि साफ पानी देना सरकार का फर्ज है, कोई एहसान नहीं। जल जीवन मिशन पर उठाए सवाल संजय सिंह ने कहा कि सरकार जल जीवन मिशन और स्मार्ट सिटी के नाम पर हजारों करोड़ रुपये खर्च करने के दावे करती है, लेकिन हकीकत यह है कि राजधानी में ही लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। यह भ्रष्टाचार, लापरवाही और प्रशासनिक विफलता का जीता-जागता उदाहरण है। अगर पैसा सही तरीके से खर्च हुआ होता, तो आज लखनऊ की जनता इस हालत में नहीं होती। तत्काल समाधान और कार्रवाई की मांग उन्होंने मांग की कि सचिवालय कॉलोनी और उदयगंज में तुरंत नई बोरिंग कराई जाए, दूषित पाइपलाइनों को बदला जाए और स्थायी समाधान होने तक टैंकरों से शुद्ध पानी की आपूर्ति की जाए। साथ ही गंदा पानी सप्लाई कराने के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। आंदोलन की चेतावनी संजय सिंह ने चेतावनी दी कि अगर योगी सरकार ने जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया, तो आम आदमी पार्टी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी किसी भी हाल में जनता को साफ पानी दिलाकर रहेगी और इस आपराधिक लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews