राज्यमंत्री प्रतिभा ने अधिशासी अधिकारी की लेटलतीफी पर जताई नाराजगी: निरीक्षण के दौरान एक घंटे तक नदारत मिले, जवाब तलब किया – Kanpur Dehat News

3
राज्यमंत्री प्रतिभा ने अधिशासी अधिकारी की लेटलतीफी पर जताई नाराजगी:  निरीक्षण के दौरान एक घंटे तक नदारत मिले, जवाब तलब किया – Kanpur Dehat News

राज्यमंत्री प्रतिभा ने अधिशासी अधिकारी की लेटलतीफी पर जताई नाराजगी: निरीक्षण के दौरान एक घंटे तक नदारत मिले, जवाब तलब किया – Kanpur Dehat News


कानपुर देहात जिले के अकबरपुर रनिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक और उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने सोमवार को रनिया नगर पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। सुबह करीब 10 बजे राज्यमंत्री के अचानक कार्यालय पहुंचने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान लगभग एक घंटे तक नगर पंचायत के अधिकांश अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय से नदारद मिले। करीब 11 बजे अधिशासी अधिकारी मनीष राय के कार्यालय पहुंचने पर राज्यमंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए उनसे जवाब तलब किया। कर्मचारियों से पूछताछ में पता चला कि अधिशासी अधिकारी प्रत्येक सोमवार को लखनऊ से आते हैं, जिसके कारण उन्हें कार्यालय पहुंचने में देरी होती है। राज्यमंत्री ने उपस्थिति रजिस्टर भी तलब किया, लेकिन संबंधित रजिस्टर करीब दो घंटे तक प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस पर उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री ने नगर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था, आवास योजनाओं और जनता से प्राप्त शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विकास कार्यों से संबंधित अभिलेख मांगे, लेकिन कुछ दस्तावेजों को गोपनीय बताते हुए उपलब्ध नहीं कराया गया। इस पर उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान आवास योजना से जुड़े पात्र लाभार्थियों ने भी अपनी समस्याएं मंत्री के सामने रखीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्यमंत्री ने तत्काल निखिल गौतम को मौके पर बुलाकर शिकायतों की निष्पक्ष और शीघ्र जांच कराने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के सभी वार्डों में साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता की समस्याओं के समाधान में उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar Pradesh News