राजगीर विधानसभा में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन: पूर्व विधायक रवि ज्योति के लिए टिकट की मांग, AICC के मेंबर बोले- महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए देंगे – Nalanda News h3>
राजगीर विधानसभा में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री बिनोद चंद्राकर भी मौजूद रहे।
नालंदा जिले के दीपनगर स्थित वास्तु बिहार के निकट राजगीर विधानसभा का एक महत्वपूर्ण कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी की नीतियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
.
सम्मेलन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ऑब्जर्वर और छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री बिनोद चंद्राकर, महिला प्रभारी उषा चौबे विशेष रूप से उपस्थित रहे। राजगीर के पूर्व विधायक और कांग्रेस प्रत्याशी रवि ज्योति सहित जिला कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारी और विधानसभा के चारों प्रखंडों के प्रखंड अध्यक्ष भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
उपस्थित कार्यकर्ता।
माई बहन योजना की घोषणा
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य दिलीप कुमार ने इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी की महत्वाकांक्षी ‘माई बहन योजना’ के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जब बिहार में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो इस योजना के तहत प्रदेश की 18 साल से अधिक आयु की सभी महिलाओं को प्रति माह 2500 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना की कोई आयु सीमा नहीं है और 50, 70 या 80 वर्ष की महिलाएं भी इसका लाभ उठा सकेंगी।
दिलीप कुमार ने बताया कि यह योजना पहले से ही दक्षिण भारत में ‘अम्मा योजना’ के नाम से और झारखंड में अलग नाम से चल रही है। उन्होंने कहा की जिस घर में चार महिलाएं हैं, उन्हें 10,000 रुपए महीना उनके घर के राशन और खर्च के लिए दिया जाएगा। यह एक बहुत बड़ी बात है।
महिला कार्यकर्ता भी हुई उपस्थित
महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर
महिला प्रभारी उषा चौबे ने महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर विशेष जोर दिया। उन्होंने घोषणा की कि वे गांव-गांव जाकर महिलाओं को जागरूक करेंगी और उनके बीच बैठकें आयोजित करेंगी। उन्होंने प्रियदर्शिनी उड़ान योजना का भी जिक्र किया, जिसके तहत महिलाओं को सैनिटरी पैड वितरित किए जाएंगे और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी जाएगी।
रवि ज्योति के लिए टिकट की मांग
सम्मेलन में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक संदेश भी दिया गया। दिलीप कुमार ने कहा कि पूरे क्षेत्र की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ता तथा महागठबंधन के सभी सदस्य रवि ज्योति के लिए तैयार हैं। उन्होंने पार्टी प्रभारी से अनुरोध किया कि निष्पक्ष रूप से देखते हुए रवि ज्योति को यहां से चुनाव में टिकट दिया जाए ताकि यहां की जनता इन्हें विधायक के रूप में नहीं, बल्कि कांग्रेस पार्टी के एक प्रतिनिधि के रूप में देख सके।
इस कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय थी। कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखे और पार्टी की नीतियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने इन योजनाओं को गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा की।
