राघौगढ़ किले पर होली का हल्ला कल: अंग्रेजों से किले को बचाने का जश्न मनाया जाता है; 19 को गुना में निकलेगी गेर – Guna News h3>
गुना के राघौगढ़ किले पर कल होली का हल्ला मनाया जाएगा, जिसमें पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह भी शामिल होंगे। इसके अलावा, रंगपंचमी के दिन शहर में गेर का आयोजन भी किया जाएगा। सर्व समाज द्वारा गेर महोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी
.
205 साल पुरानी परंपरा
राघौगढ़ किले पर होली का हल्ला मनाने की यह परंपरा पिछले 205 वर्षों से चली आ रही है। यह परंपरा अंग्रेजी सेनापति जॉन बप्टिस के राघौगढ़ किले पर हमले से जुड़ी है। जब जॉन बप्टिस ने अपनी सेना के साथ किले पर हमला किया था, तब राघौगढ़ की कमान राजा जयसिंह के हाथों में थी। हालांकि, अंग्रेजी सेना ने बजरंगगढ़ किला जीत लिया, लेकिन राजा जयसिंह की रणनीति ने अंग्रेजों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।
राजा जयसिंह ने श्योपुर छावनी पर हमला कर अंग्रेजी सेनापति के बेटे को बंदी बना लिया और अंग्रेजों को चेतावनी दी कि यदि उन्होंने अपनी सेना नहीं हटाई तो उनके बेटे को मार दिया जाएगा। इस रणनीति के कारण अंग्रेजी सेना का मनोबल टूट गया और वे किले से पीछे हट गए। यह परंपरा तब से शुरू हुई, जब नांदनेर के ग्रामीणों ने सबसे पहले यह खबर दी कि अंग्रेजी सेना किले से हट रही है।
रंगपंचमी पर गेर महोत्सव
रंगपंचमी के अवसर पर हिंदू समाज के तत्वावधान में गेर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। श्री हिंदू उत्सव समिति गुना द्वारा आयोजित इस महोत्सव की तैयारियों को लेकर एक बैठक भी हुई। बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संघ चालक अशोक सिंह कुशवाह, नितिन अग्रवाल, नगर संघ चालक मनोहर लाल शर्मा, और अन्य प्रमुख समाजजन उपस्थित रहे।
गेर महोत्सव को लेकर बैठक करते पदाधिकारी।
गेर महोत्सव के लिए विभिन्न दायित्व सौंपे गए हैं और समिति ने गली-गली, मोहल्ले-मोहल्ले से लोगों को इस गेर में सम्मिलित होने का आग्रह किया है। यह गेर 19 मार्च, बुधवार को सुबह 10 बजे हनुमान चौराहा गुना से शुरू होकर हाट रोड, निचला बाजार, सदर बाजार, बापू पार्क होते हुए जयस्तंभ चौराहा स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
इस भव्य आयोजन को लेकर शहरभर में विशेष उत्साह और तैयारियां देखने को मिल रही हैं, और यह महोत्सव हर साल की तरह इस बार भी ऐतिहासिक होने की उम्मीद है।
