यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें: योगी सरकार को मिलेंगे नए मंत्री; अखिलेश बोले- हम क्या फंदा लगा लें; सट्‌टेबाज सिपाही की M.Tech गर्लफ्रेंड – Uttar Pradesh News

2
यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें:  योगी सरकार को मिलेंगे नए मंत्री; अखिलेश बोले- हम क्या फंदा लगा लें; सट्‌टेबाज सिपाही की M.Tech गर्लफ्रेंड – Uttar Pradesh News

यूपी दिनभर, 15 बड़ी खबरें: योगी सरकार को मिलेंगे नए मंत्री; अखिलेश बोले- हम क्या फंदा लगा लें; सट्‌टेबाज सिपाही की M.Tech गर्लफ्रेंड – Uttar Pradesh News

.

आज की सबसे बड़ी खबर पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण में सीएम योगी के अपने सहयोगियों के साथ शामिल होने को लेकर है। वहीं, दूसरी खबर मंत्री ओपी राजभर के टोटके वाले ट्वीट पर अखिलेश यादव के पलटवार से जुड़ी है। चलिए सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं कि यूपी में दिनभर क्या कुछ खास रहा…

पहले टॉप 5 खबरें…

1- मिथुन चक्रवर्ती ने मंच पर योगी के पैर छूए, बंगाल सीएम को योगी ने भगवा गमछा ओढ़ाया

पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में सीएम योगी शामिल हुए। मंच पर पहुंचने पर जय श्रीराम के नारे लगे। शपथ लेने के बाद सुवेंदु ने योगी को प्रणाम किया। योगी ने उन्हें भगवा गमछा ओढ़ाया। मिथुन चक्रवर्ती ने योगी के पैर छूए। पीएम ने संजय निषाद का हालचाल पूछा। केशव मौर्य, ब्रजेश पाठक, जयंत चौधरी, अनुप्रिया, ओपी राजभर भी शपथ में पहुंचे थे। पूरी खबर पढ़ें

2- मंत्री राजभर पर अखिलेश यादव का पलटवार, बोले- बुरा लग जाएगा

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सपाई वोटर्स के नाम काटे गए हैं। हम इसके खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे। एक सवाल के जवाब में कहा- हम लड़ें न; आप चाहते हैं हम फांसी लगा लें। मंत्री राजभर पर पलटवार करते हुए कहा- ‘चल सन्यासी मंदिर में’ किसका बयान था। पूछा- ये संन्यासी कौन था? दरअसल, राजभर ने ‘X’ पर लिखा था कि चुनाव जीतने के लिए टोटके का सहारा ले रहे। पूरी खबर पढ़ें

3- अमेठी में बेटी की बारात दरवाजे पर थी, पिता-चाचा की मौत

अमेठी में बेटी की शादी से ठीक पहले पिता और चाचा की सड़क हादसे में मौत हो गई। द्वारपूजा में फल नहीं होने पर बाइक से वे फल लेने गए थे। दोनों घर से 500 मीटर दूर ही पहुंचे थे कि एक दूसरी बाइक से आमने-सामने की टक्कर हो गई। घर में मौत की खबर से कोहराम मचा। किसी तरह शादी की रस्में पूरा की गई और जल्दी से विदाई कर दी गई। बेटी का रोकर बुरा हाल था। पूरी खबर पढ़ें

4- लखनऊ में ट्रेन के इंजन पर चढ़ीं पल्लवी पटेल, UGC के नए नियमों के समर्थन में नारेबाजी

लखनऊ में विधायक पल्लवी पटेल ने करीब 2 हजार कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया। चारबाग रेलवे स्टेशन में घुसकर ट्रेन को रोक दिया और इंजन पर चढ़कर जमकर नारेबाजी की। दरअसल, सिराथू विधायक पल्लवी की पार्टी ‘अपना दल कमेरावादी’ के कार्यकर्ता शनिवार को UGC के नए बिल को लागू करने की मांग को लेकर विधानसभा के सामने प्रदर्शन करने जा रहे थे। पूरी खबर पढ़ें

5- यूपी में 20 लाख में झूठे रेप केस की डील, सरगना बोली- किसी को फंसा देंगे

यूपी में रेप केस में फंसाने वाला रैकेट सक्रिय है। NEWS4SOCIALइन्वेस्टिगेशन में यह सामने आया है। सरगना ने 20 लाख में झूठे रेप केस की डील की। बोली- लड़की फिजिकल किसी और से होगी, फंसेगा कोई दूसरा। दरअसल, सरगना फर्जी FIR की गैंग चला रही है। गैंग में दर्जनों लड़कियां हैं। इनमें से कई पढ़ी-लिखी भी हैं। ये एक इशारे पर किसी को भी रेप के आरोप में फंसा देती हैं। पूरी खबर पढ़ें

अब अहम 8 खबरें…

6- योगी मंत्रिमंडल में कल 6 नए मंत्री बनेंगे, CM योगी राज्यपाल से मिलेंगे

योगी सरकार रविवार को दूसरी बार मंत्रिमंडल विस्तार करेगी। सीएम योगी शनिवार शाम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से राजभवन में मुलाकात करेंगे। इस बार 5 से 6 नए मंत्री बनाए जाएंगे। वहीं, कुछ मंत्रियों की छुट्‌टी भी हो सकती है। सपा से बगावत करने वाले विधायक मनोज पांडेय और पूजा पाल का मंत्री बनना लगभग तय है। अभी कुल 54 मंत्री हैं। 6 मंत्री और बन सकते हैं। पूरी खबर पढ़ें

7- हरदोई में शर्ट पर लेखपाल का नाम लिखकर जान दी, पागल कहकर भगाया था

हरदोई में एक किसान ने लेखपाल का नाम अपनी शर्ट पर लिखकर सुसाइड कर लिया। लाश उसके घर से 600 मीटर दूर पेड़ से लटकी मिली। शर्ट पर लिखा था- लेखपाल अरुणेश यादव के कारण। ग्रामीणों ने किसान का शव देखकर पुलिस को सूचना दी। दरअसल, रणवीर सिंह की जमीन के कागज में कुछ गड़बड़ी थी। लेखपाल के पास दौड़ रहे थे। उसने पागल कहकर भगा दिया था। पूरी खबर पढ़ें

8- वाराणसी में दालमंडी में फिर बुलडोजर पहुंचा, 45 मकान ढहाए जा रहे

वाराणसी के दालमंडी में एक बार फिर बुलडोजर पहुंचा है। शनिवार से 45 मकान तोडे़ जा रहे। कार्रवाई के पहले पूरे एरिया को पुलिस छावनी में तब्दील कर दी गई। करीब 300 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। गुरुवार रात में मुनादी कराई गई थी। दरअसल, दालमंडी में 650 मी. लंबी सड़क को 17.4 मी. चौड़ा किया जाना है। इसलिए कुल 187 प्रॉपर्टी चिह्नित की गई थी। पूरी खबर पढ़ें

9- झांसी में सिपाही की सट्‌टेबाज गर्लफ्रेंड दरोगा बनना चाहती थी, लिव-इन में रहती थी

झांसी में IPL में ऑनलाइन सट्‌टा खिलाने वाले सिपाही रजत सिंह की गर्लफ्रेंड यशस्वी द्विवेदी दरोगा बनना चाहता थी। पिछले महीने भर्ती परीक्षा में शामिल हुई थी। वह एमटेक कर रही है। दोनों लिव-इन में रह रहे थे। पुलिस ने छापा मारकर यशस्वी और उसकी साथी निशा को गिरफ्तार किया था। इस दौरान सोने के 9 बिस्किट, 1.55 करोड़ की ज्वैलरी, 19 लाख कैश भी जब्त किए। पूरी खबर पढ़ें

10- बस्ती में संविधान की प्रस्तावना पढ़कर शादी, 8 साल के भतीजे ने दिलाई शपथ

बस्ती में वैदिक मंत्रोच्चार को छोड़कर दूल्हा दुल्हन ने संविधान को साक्षी मनाकर शादी की। स्टेज पर दूल्हे के 8 साल के भतीजे ने माइक से संविधान की प्रस्तावना पढ़वाकर दूल्हा-दुल्हन समेत सभी रिश्तेदारों को शपथ दिलाई। इसके बाद दूल्हा दुल्हन ने एक दूसरे को वारमाला पहनाई। दूल्हा गोंडा का रहने वाला है। जबकि दुल्हन दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करती है। पूरी खबर पढ़ें

11- लखनऊ में युवक का सिर-चेहरा कूचकर हत्या, SGPGI में काम करता था

लखनऊ में एक युवक की सिर और चेहरा कूचकर हत्या कर दी गई। बॉडी पर धारदार हथियार से हमले के भी निशान हैं। उसका शव घर से 800 मीटर दूर प्लॉट में झाड़ियों के बीच पड़ा मिला। एक रात पहले वह घर से निकला था, उसके बाद मोबाइल ऑफ हो गया। घरवाले उसे ढूंढ़ रहे थे। वह मां और बड़े भाई के साथ ननिहाल में रहता था। तीनों SGPGI में संविदा पर कार्यरत हैं। पूरी खबर पढ़ें

12- प्रयागराज में महिला प्रिंसिपल ने फायरिंग कराई, थार से 6 राउंड गोली चली

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र नेता और वकील रजनीश कुमार सिंह पर फायरिंग बिशप जॉनसन स्कूल की प्रिंसिपल प्रियदर्शिनी सिंह ने करवाई थी। आरोप है कि प्रियदर्शिनी सिंह ने दो साथियों के साथ मिलकर एक थार गाड़ी से पीछा किया और ओवरटेक कर ताबड़तोड़ 6 राउंड गोलियां चलवाई। एफआईआर के बाद महिला प्रिंसिपल को अरेस्ट किया था लेकिन जमानत मिल गई। पूरी खबर पढ़ें

13- ब्रज में मांस-मदिरा की बिक्री से संत प्रेमानंद नाराज, फलाहारी बाबा ने भी लिखा लेटर

ब्रज क्षेत्र में अंडा, मांस और शराब की बिक्री को लेकर संत प्रेमानंद महाराज का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में संत प्रेमानंद महाराज पवित्र क्षेत्र में मांस और मदिरा की बिक्री बंद करने की बात कहते नजर आ रहे हैं। ब्रज के साधु-संतों और धर्माचार्यों ने उनके बयान का समर्थन किया है। फलाहारी बाबा ने भी सीएम योगी को लेटर लिखकर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। पूरी खबर पढ़ें

खबर जो हटकर है…

14- शादी के स्टेज से प्रेमी को देख भागी दुल्हन, बोली- इसी से शादी करुंगी

वाराणसी में जयमाल के दौरान दुल्हन का प्रेमी पहुंच गया। परिजन उसकी पिटाई करने लगे। जयमाल स्टेज छोड़कर भागते हुए दुल्हन पहुंची। बचाने के लिए सामने खड़ी हो गई। बोली- कोई इसे छूना मत, मुझे मारो। इसी से मैं शादी करुंगी। बाराती हैरान रह गए। बिना शादी के ही बारात लौट गई। फिर घंटों पंचायत हुई। वह जिद पर अड़ी रही। इसके बाद प्रेमी से शादी कर दी गई। पूरी खबर पढ़ें

कल क्या रहेगा खास…

15- UPESSC प्रवक्ता भर्ती परीक्षा

यूपी के 17 जिलों में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रवक्ता भर्ती की दूसरे दिन की परीक्षा होगी। 18 विषयों के 624 पदों पर 4,64,605 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में हो रही है।

कल शाम 7 बजे फिर होगी मुलाकात…

उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar Pradesh News