यमुना में नहाने गए 5 बच्चे, 2 ही घर लौटे, डर से बच्चों ने घरवालों को नहीं बताई यह बात h3>
विशेष संवाददाता, अलीपुरः शनिवार दोपहर यमुना नदी में नहाने गए पांच बच्चों में से तीन संदिग्ध हालात में लापता हो गए। तीनों के बारे में परिवार को रात में पता चला जब वे घर नहीं पहुंचे। पांच में से दो ही बच्चे घर लौटे। उनका दावा है कि नहाते समय तीनों डूब गए, डर की वजह से उन्होंने घर पर किसी को घटना के बारे में नहीं बताया। लापता बच्चों के परिवारों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी देर रात 1.50 बजे पुलिस और दमकल विभाग को मिली थी। रात ही बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से रविवार को भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। मगर, शाम तक तीनों बच्चों का कोई अता-पता नहीं चल सका। पुलिस और स्थानीय लोग बच्चों को खोजने में लगे हैं। लापता बच्चों की पहचान सिंघु गांव निवासी शिवम, रिशु और रूपेश के रूप में हुई है। रिशू के पिता ने बताया कि तीनों की उम्र लगभग 13 और 14 साल के बीच है। तीनों एक ही स्कूल में आठवीं क्लास में पढ़ रहे हैं। अब सोमवार को गोताखोरों की मदद से एक बार फिर सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।
रिशु के परिवार में पिता राम सिंह, मां और एक भाई है। शिवम के परिवार में पिता नागेंद्र और अन्य सदस्य हैं। वहीं रूपेश के परिवार में पिता जितेंद्र पांडेय और अन्य लोग हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पांचों दोस्त तीन साइकिल पर सवार होकर यमुना नदी में नहाने के लिए गए थे। तीन यमुना नदी में नहाने लगे और खेलने लगे। नहाते समय तीनों डूबने लगे तो प्रवेश नाम के बच्चे ने हाथ पकड़कर उन्हें खींचने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनका पैर फिसल गया और वह भी डूबने लगे तो शुभम नाम के लड़के ने उन्हें बचाया। इसके बाद वह काफी डर गए, जिस वजह से उन्होंने घर जाकर इस बारे में किसी को नहीं बताया। बाद में देर रात उन्होंने तीनों के डूबने की जानकारी परिवार को दी।

पुलिस अफसर का कहना है कि अलीपुर थाना पुलिस को शनिवार रात जानकारी मिली थी कि रिशु, शिवम और रूपेश नाम के तीन बच्चे शनिवार दोपहर को घर से निकले थे। वे यमुना नदी की ओर गए थे लेकिन रात तक नहीं लौटे। जांच के दौरान पता लगा कि तीनों बच्चे अपने दोस्त शुभम और प्रवेश के साथ गए थे। सभी पांच बच्चों के परिवारों को बुलाया गया और रेस्क्यू टीम की मदद से यमुना नदी के पास काफी तलाश की गई, लेकिन वह नहीं मिले। पुलिस ने परिजनों के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आसपास तलाश की तो उनकी साइकिल वहीं पर मिली। पुलिस को अंदेशा है कि तीनों तेज बहाव में डूब गए होंगे। पुलिस बच्चों की तलाश में जुटी है।