मौसम की बेरुखी मार्च भर चलेगी, दिल्ली में बारिश का फिलहाल कोई चांस नहीं
आज मौसम कैसा रहेगा?
IMD के अनुसार, दिल्ली में शनिवार को आंशिक तौर पर बादल देखने को मिल सकते हैं। तेज हवाएं चलेंगी। इनकी गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रह सकती है। हवाओं की वजह से धूल लोगों की परेशान कर सकती है। अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के आसपास रहेगा। इसके बाद 4 से 9 मार्च तक अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री तक रहेगा। यानी गर्मी में कमी नहीं होगी। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 15 से 16 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
दिल्ली के मौसम का हाल
अक्टूबर के बाद पहली बार प्रदूषण सामान्य स्तर पर
अक्टूबर,2022 के बाद यह पहला मौका है जब दिल्ली में सभी जगहों पर प्रदूषण का स्तर सामान्य रहा। आमतौर पर मॉनसून या अप्रैल के बाद ऐसा देखने को मिलता है। वहीं, दूसरी तरफ छह मार्च के बाद एक बार फिर प्रदूषण के खराब स्तर पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है। आईआईटीएम पुणे के पूर्वानुमान के अनुसार, 4 से 6 मार्च तक प्रदूषण का स्तर सामान्य रहेगा। इसके बाद अगले छह दिनों तक यह सामान्य से खराब रह सकता है।
कल कैसा रहा मौसम?
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री रहा। यह सामान्य से 5 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री रहा। यह भी सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर 31 से 86 प्रतिशत तक रहा। सबसे गर्म इलाकों में रिज का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का 33.6 डिग्री रहा। वहीं, सीडब्ल्यूजी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री पहुंच गया। इससे पहले फरवरी में पीतमपुरा का न्यूनतम तापमान 20 डिग्री के स्तर पर पहुंचा था। इसके अलावा फरीदाबाद का न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री, पीतमपुरा का 19.2 डिग्री, पूसा का 19.3 डिग्री रहा।