मिर्जापुर में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी शुरू: जनप्रतिनिधियों ने बीएलजे मैदान पर किया उद्घाटन, लोगों की भीड़ उमड़ी – Mirzapur News h3>
मिर्जापुर में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से मिर्जापुर के बीएलजे ग्राउंड महुवरिया में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का सोमवार को भव्य शुभारंभ किया गया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद प्रदर्शनी देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि यह प्रदर्शनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “अंत्योदय” के संकल्प को साकार करने का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, और इसी सोच के तहत जनता को जागरूक करने के लिए इस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है।
प्रदर्शनी में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, हर घर नल-जल मिशन, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी), मिशन शक्ति, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और निराश्रित महिला पेंशन योजना जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इसके अतिरिक्त, विंध्य कॉरिडोर, अयोध्या राम मंदिर विकास, मेडिकल कॉलेज, मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय, सिक्स लेन पुल और सड़क निर्माण जैसे प्रमुख विकास कार्यों की भी विस्तृत जानकारी दी जा रही है। जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया और उन्हें प्रदर्शनी के विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण कराते हुए योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि यह प्रदर्शनी 3 जून 2026 तक प्रतिदिन रात्रि 9 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री रवि शंकर पांडेय, स्वामीनाथ सिंह, जिला उपाध्यक्ष हेमंत त्रिपाठी, गौरव उमर, मंडल अध्यक्ष उमेश त्रिपाठी, नितिन विश्वकर्मा, नगर अध्यक्ष पूर्वी डाली अग्रहरि सहित कई जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित थे। प्रदर्शनी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews