मानसून से पहले डीडवाना प्रशासन अलर्ट: जलभराव और बीमारियों से निपटने की तैयारी तेज, अधिकारियों को फील्ड विजिट के आदेश – Didwana-Kuchaman News

0
मानसून से पहले डीडवाना प्रशासन अलर्ट:  जलभराव और बीमारियों से निपटने की तैयारी तेज, अधिकारियों को फील्ड विजिट के आदेश – Didwana-Kuchaman News

मानसून से पहले डीडवाना प्रशासन अलर्ट: जलभराव और बीमारियों से निपटने की तैयारी तेज, अधिकारियों को फील्ड विजिट के आदेश – Didwana-Kuchaman News


डीडवाना में आगामी दक्षिण-पश्चिम मानसून की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्टर अवधेश मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक में मानसून पूर्व व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। जिला कलेक्टर ने ब्लॉक और उपखंड स्तर पर संभावित समस्याओं तथा उनके समाधान के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जलभराव वाले स्थानों की पहचान करने, बरसाती पानी की निकासी के लिए पंपों की अग्रिम व्यवस्था करने और नालियों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ब्लॉक विकास अधिकारियों को गांवों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। बिजली विभाग को बिजली के खंभों में करंट की निगरानी रखने को कहा गया, ताकि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि से बचा जा सके।
जिला कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) को मानसून के दौरान फैलने वाली मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को भी पशुओं में होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया। शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जर्जर विद्यालय भवनों की मरम्मत समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, विकास अधिकारियों, प्रमुख चिकित्सा अधिकारियों, सार्वजनिक निर्माण विभाग और नगरीय निकायों के अधिकारियों को फील्ड विजिट कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में 25 मई से 5 जून तक आयोजित होने वाले ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को इस अभियान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर (विकास) मोहन भाटी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा सहित चिकित्सा, नगरीय निकाय, पशुपालन और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी उपखंड अधिकारी और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Rajasthan News