महिला दिवस पर महिलाओं के सशक्तिकरण पर हुई चर्चा: सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन, प्रतिभाओं को किया सम्मानित – Bundi News h3>
बूंदी में महिला दिवस पर महिलाओं के सशक्तिकरण पर हुई चर्चा।
बूंदी में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन और महिला अधिकारिता विभाग की ओर से यह कार्यक्रम राजीविका, रिलायंस फाउंडेशन, सर्वमंगल ग्रामीण विकास संस्थान और उद्योगिनी के सहयोग से आयोजित किया गया।
.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर परिषद सभापति सरोज अग्रवाल ने महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सीमा पोद्दार ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि महिलाएं कभी अबला नहीं थीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी शक्ति को पहचानना होगा। इच्छाशक्ति और एकाग्रता से वे अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकती हैं।
महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक भेरू प्रकाश नागर ने राजस्थान मरु उड़ान योजना की जानकारी दी। उन्होंने महिला दिवस सप्ताह के दौरान आयोजित की गई गतिविधियों के बारे में बताया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।
सम्मान समारोह कार्यक्रम में ज़िला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग द्वारा पन्नाधाय सुरक्षा और सम्मान योजना के अंतर्गत समारोह में ज़िला स्तर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल संरक्षण और समाज में प्रभावी भूमिका निभाने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रमाण-पत्र और पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मौजूद महिलाएं।
संस्थागत व व्यक्तिगत स्तर पर एक्शन एड एसोसिएशन को प्रथम, अक्षरा गौतम को द्वितीय व सिद्धि नाम को ज़िला स्तर पर पुरस्कार जबकि महिला एवं बाल विकास कर्मी में श्रेष्ठ साथिन देवकी चौधरी, श्रेष्ठ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीरा बाई, श्रेष्ठ आशा सहयोगिनी गायत्री कुमावत व श्रेष्ठ आंगनबाड़ी सहायिका रामघणी को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर प्रतिभागियों ने अपनी खेल क्षमता और टीम भावना का प्रदर्शन किया। जीतने वाली महिलाओं को पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में महिला अधिकारिता विभाग टीम व गैर सरकारी संस्थाओं को राजस्थान मरु उड़ान और अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के अंतर्गत किये गए योगदान के लिए पुरस्कारों और प्रमाण-पत्रों से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महिला थाने से एएसआई गीता और अशोक कुमार, कृषि विज्ञान केंद्र अध्यक्ष डॉ हरीश वर्मा, ब्रह्म कुमारी से गीता देवी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से हर्ष बर्धन जैन, रिलायंस फाउंडेशन से डॉ. रामधन जाट, मनीष शर्मा, मनोज मीना, उद्योगिनी कार्यक्रम समन्वयक अभिषेक सिन्हा, सर्व मंगल से मोहम्मद वसीम, राहुल पांडेय आदि उपस्थित, महिला अधिकारिता से जेंडर विशेषज्ञ विनीता अग्रवाल, पर्यवेक्षक प्रीति बंशीवाल, पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र प्रबंधक पूर्णिमा गौतम, काउंसलर सलोनी शर्मा, कनिष्ठ सहायक युगेश, नवल, आनंद, दिव्या सैनी आदि उपस्थित रहे।