भोजशाला में मां वाग्देवी प्रतिमा पुनर्स्थापना की मांग: लंदन संग्रहालय से प्रतिमा भारत लाने सावित्री ठाकुर ने संस्कृति मंत्री को सौंपा पत्र – Dhar News h3>
धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से भेंट की। इस दौरान उन्होंने मंत्री को एक पत्र सौंपकर लंदन संग्रहालय में संरक्षित मां वाग्देवी की प्रतिमा को भारत लाकर धार की ऐतिहासिक भोजशाला में पुनः स्थापित करने की मांग की। सांसद ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री को धार आगमन का आमंत्रण भी दिया। इसका उद्देश्य था कि मंत्री ऐतिहासिक भोजशाला स्थल का अवलोकन कर सकें और भविष्य में इसे एक बड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य हो सके। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस आग्रह को स्वीकार करते हुए आगामी जून माह में धार आने की सहमति व्यक्त की है। मंत्री बोले- धरोहरों को वापस लाने की कोशिश हो रही
भेंट के दौरान केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों को वापस लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि विगत वर्षों में विदेशों में संरक्षित कई दुर्लभ और ऐतिहासिक प्रतिमाओं को भारत वापस लाया जा चुका है। इसी क्रम में मां वाग्देवी की प्रतिमा को भी भारत लाने के लिए गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं। देश के गौरव की पुनर्स्थापना का प्रतीक बताया
सांसद सावित्री ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि भोजशाला केवल एक ऐतिहासिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और सांस्कृतिक चेतना का केंद्र है। उन्होंने कहा कि भोजशाला को हिंदू मंदिर घोषित किया जाना सनातन संस्कृति और सत्य की बड़ी विजय है। सांसद ने आगे कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी भोजशाला और मां वाग्देवी की प्रतिमा की पुनर्स्थापना को लेकर गंभीर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने जोर दिया कि मां वाग्देवी की प्रतिमा की भारत वापसी केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह देश की सांस्कृतिक अस्मिता और गौरव की पुनर्स्थापना का प्रतीक भी होगी।