भीमकुंड में मिले शव की पहचान, जेब से मिली सेल्फास: सागर का ट्रक ड्राइवर निकला मृतक, पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच – Chhatarpur (MP) News

2
भीमकुंड में मिले शव की पहचान, जेब से मिली सेल्फास:  सागर का ट्रक ड्राइवर निकला मृतक, पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच – Chhatarpur (MP) News

भीमकुंड में मिले शव की पहचान, जेब से मिली सेल्फास: सागर का ट्रक ड्राइवर निकला मृतक, पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच – Chhatarpur (MP) News


छतरपुर के बक्सवाहा क्षेत्र स्थित भीमकुंड में मिले शव की पहचान सागर जिले के रहली निवासी ट्रक ड्राइवर राजेश यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। उसकी जेब से सेल्फास की डिब्बी मिलने और घटनास्थल पर कुछ अन्य संकेतों के कारण मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस हादसा, आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, बीते दिनों बाजना थाना क्षेत्र के भीमकुंड में एक युवक के डूबने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अयोध्या प्रसाद यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए छतरपुर से एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया था। बक्सवाहा तहसीलदार भरत पांडे भी मौके पर मौजूद रहे। 18 घंटे मशक्कत कर NDRF ने निकाला शव
रेस्क्यू अभियान के दौरान गोताखोरों को शुरुआत में शव 15 से 20 फीट की गहराई में दिखाई दिया। हालांकि, भीमकुंड की जटिल संरचना और पानी के बहाव के कारण शव और नीचे चला गया। आमतौर पर भीमकुंड में डूबे शव नहीं मिलते, लेकिन इस बार करीब 18 घंटे की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ टीम ने शव को बाहर निकाला। पहचान नहीं होने पर शव को बक्सवाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी में सुरक्षित रखवाया गया था। समाचार और सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिलने पर राजेश के परिजन बक्सवाहा पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान 32 वर्षीय राजेश यादव के रूप में की, जो वार्ड क्रमांक 13, बिलवारा मोहल्ला, रहली जिला सागर के निवासी थे। परिजनों ने बताया कि राजेश पेशे से ट्रक ड्राइवर थे और उनकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी। उनकी ससुराल टीकमगढ़ जिले के जतारा क्षेत्र के बारीघाटी गांव में है। बैग-जूते किनारे पर रखे मिले थे
पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर मृतक का बैग कुंड के बाहर रखा मिला, जिसमें कपड़े थे। जूते भी व्यवस्थित तरीके से उतारकर रखे गए थे, जबकि शव पैंट-शर्ट पहने हुए पानी में मिला। सबसे अहम बात यह रही कि मृतक की जेब से सेल्फास की एक डिब्बी भी बरामद हुई है। इन परिस्थितियों ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है। थाना प्रभारी अयोध्या प्रसाद यादव ने बताया कि मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। घटना के बाद भीमकुंड में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

मध्यप्रदेश की और खबर पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे – Madhya Pradesh News