भिंड में पंचकल्याणक महोत्सव में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष तोमर: कहा- चंबल अब आध्यात्मिकता और संतों की अमृतवाणी से पहचाना जा रहा – Bhind News h3>
पंचकल्याणक महोत्सव में शामिल हुए विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर।
भिंड के पंचकल्याणक महोत्सव में बुधवार को मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर शामिल हुए। उन्होंने इस दौरान कहा कि चंबल का क्षेत्र अब डकैतों की पहचान से बाहर निकलकर आध्यात्मिकता, जैनधर्म और संतों की अमृतवाणी से पहचाना जा रहा है।
.
“चंबल अब वीर सपूतों और धर्म की भूमि”
तोमर ने कहा कि कभी डकैतों के नाम से कुख्यात चंबल क्षेत्र अब सनातन धर्म, जैन धर्म और वीर सपूतों की बलिदानी धरती के रूप में जाना जाता है। भिंड, मुरैना, दतिया, सोनागिरि और बरासों में स्थित जैन तीर्थ स्थल भगवान महावीर के विचारों और सिद्धांतों को प्रसारित कर रहे हैं। जैन संतों की कठोर तपस्या, त्याग और शाकाहार के प्रचार ने न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी जैन धर्म की पहचान को मजबूती दी है। उन्होंने पंचकल्याणक महोत्सव को जैनधर्म की एक महत्वपूर्ण कड़ी बताया और कहा कि संतों के आशीर्वाद से सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है।
गजरथ महोत्सव में हिस्सा लिया
महोत्सव के दौरान विधान सभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने गजरथ महोत्सव में भाग लिया और उपाध्याय विहसंत सागर जैनमुनि के साथ ध्वज लेकर नगर भ्रमण किया। पूरा शहर भगवान महावीर के जयकारों से गूंज उठा।
पंचकल्याणक महोत्सव के दौरान गजरथ में नेताओं ने लिया हिस्सा।
महोत्सव में अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा कि जीवन में अहंकार सबसे बड़ी बाधा है। भगवान महावीर का संदेश भी यही था कि मनुष्य को त्याग, तपस्या और भक्ति के मार्ग पर चलना चाहिए।
वहीं, भिंड विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह ने कहा कि प्रयागराज में जहां करोड़ों लोग गंगा स्नान कर रहे हैं, वहीं भिंड की धरती पर संत विहसंत सागर महाराज की कृपा से आध्यात्मिक अमृतवर्षा हो रही है।
भिंड भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने कहा कि संत विहसंत सागर महाराज के प्रवचन सिर्फ जैन समाज नहीं, बल्कि सर्व समाज के लिए अमृत समान हैं।
जनकल्याण महोत्सव में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।
जैनमुनि ने किया अतिथियों का सम्मान
जैनमुनि ने नरेंद्र सिंह तोमर, लाल सिंह आर्य, विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया को आशीर्वादस्वरूप कमंडल और पिच्छी प्रदान कर सम्मानित किया। इस आयोजन में भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल, म.प्र. खनिज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष कोक सिंह नरवरिया सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।