बेगूसराय में शाही के बिल में महिला का शव बरामद: परिजनों ने लगाया पड़ोसी पर हत्या का आरोप, शरीर पर नहीं मिले कोई निशान; दम घुटने से मौत की आशंका – Begusarai News h3>
बेगूसराय में एक वृद्ध महिला का शव बिल के अंदर से बरामद हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला लोहिया नगर थाना क्षेत्र और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सीमावर्ती क्षेत्र लालपुर बहियार के समीप का है।
.
मृतका की पहचान भुवन साह की पत्नी लुखो देवी (60) के रूप में हुई है। मृतका के परिजनों ने बताया कि लुखो देवी कल से ही लापता थी। खोजबीन के दौरान आज मक्का के खेत में शाही के बिल के समीप शव मिला। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
इसी बिल के अंदर से मिली लाश।
दामाद ने लगाया पड़ोसी पर हत्या का आरोप
जानकारी के अनुसार, शव की स्थिति देखकर लगता है कि शाही (एक प्रकार का जानवर) पकड़ने के दौरान उक्त महिला बिल में प्रवेश कर गई। जिसमें दम घुटने के कारण उसकी मौत हुई है। शव देखे जाने पर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना पाकर लोहिया नगर थाना की पुलिस पहुंचकर मौके पर जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
घटनास्थल के आसपास खेत में शाही के कई सुरंग बने हुए पाए गए हैं, जिसमें ग्रामीणों द्वारा बोरिंग चलाकर पानी भरा जा रहा है। जिससे शाही निकलकर भाग सके। हालांकि मौके पर पहुंचे मृतका के दामाद ने पड़ोस के ही एक व्यक्ति पर हत्या करने की आशंका जताई है। लेकिन शरीर पर किसी तरह के निशान नहीं हैं।
जांच-पड़ताल करते डीएसपी।
पड़ोस के भाइयों पर मारने का आरोप
मृतका के पति भुवन साह का कहना है कि पड़ोस के ही चार भाइयों ने कुछ दिन पहले घर में घुसकर लुखो देवी के साथ मारपीट किया गया था। जिसके बाद हमलोगों ने उनपर केस कर दिया था। केस करने के बाद उनलोगों ने धमकी दिया था कि केस नहीं उठा रही है, हम मार देंगे।
जहां घटना हुआ है, वहां वह लोग दारु पीते और पिलाते हैं। जिससे साफ है कि उन्हीं लोगों ने मारा होगा। कल शाम से ही खोज रहे थे, आज शाही के बिल के बाहर साड़ी और पैर देखकर निकाले तो मरी हुई थी।
मौत की जानकारी मिलने के बाद विलाप करते परिजन।
शरीर पर नहीं मिला कोई जख्म, दम घुटने से मौत की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही सदर-वन डीएसपी सुबोध कुमार भी मौके पर पहुंचकर पूछताछ सहित आगे की कार्रवाई कर रहे हैं। डीएसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि खेत के गड्ढे में महिला का शव पड़ा हुआ है।
यहां पर आने पर जानकारी मिल रही कि महिला शाही के बिल में जाने से दम घुट कर मर गई। प्रथम दृष्टया शरीर पर किसी भी प्रकार के कोई भी जख्म नहीं मिले हैं। आसपास शाही के कई और बिल हैं। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल उनके दो दामाद ने किसी भी प्रकार का आरोप प्रत्यारोप नहीं किया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का खुलासा होगा।