बिहार में कैबिनेट विस्तार कब होगा? जानिए नीतीश, लालू और तेजस्वी यादव के बीच बंद कमरे में क्या बात हुई

0
बिहार में कैबिनेट विस्तार कब होगा? जानिए नीतीश, लालू और तेजस्वी यादव के बीच बंद कमरे में क्या बात हुई

बिहार में कैबिनेट विस्तार कब होगा? जानिए नीतीश, लालू और तेजस्वी यादव के बीच बंद कमरे में क्या बात हुई

ऐप पर पढ़ें

Nitish Cabinet Expansion: बिहार में जल्द ही नीतीश कैबिनेट का विस्तार होने वाला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से बुधवार शाम बंद कमरे में चर्चा की। इस दौरान डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि तीनों नेताओं के बीच आगामी मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर करीब आधे घंटे तक चर्चा हुई। कैबिनेट विस्तार में कांग्रेस और आरजेडी से दो-दो नए मंत्री बनाए जाने की संभावना है। बिहार विधानसभा का मॉनसून सत्र खत्म हो चुका है। बेंगलुरु में विपक्ष की बैठक भी हो चुकी है। ऐसे में जल्द ही राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार होने के कयास लगाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार शाम आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मिलने पटना स्थित राबड़ी आवास पहुंचे। बंद कमरे में लालू, नीतीश और तेजस्वी ने करीब आधे घंटे तक बातचीत की। आरजेडी सूत्रों की मानें तो तीनों नेताओं के बीच आगामी मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि तीनों नेताओं ने खुशनुमा माहौल में बातचीत की। इसके बाद सीएम नीतीश अपने आवास पर लौट गए।  

कांग्रेस और आरजेडी से दो-दो मंत्री बनने की संभावना

बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा लंबे समय से चल रही है। कांग्रेस कई महीनों से विधायकों की संख्या के आधार पर दो और मंत्री बनाने की मांग कर रही है। पिछले महीने पटना में हुई विपक्षी दलों की बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नीतीश कुमार से पूछ लिया था कि वे नए मंत्री कब बना रहे हैं। इसका वीडियो भी राजनीतिक गलियारे में वायरल हुआ था। कांग्रेस कोटे से अभी सरकार में दो मंत्री हैं। इसके अलावा आरजेडी कोटे से भी दो नए मंत्री बनाए जाने की संभावना है। आगामी कैबिनेट विस्तार में कार्तिक सिंह और सुधाकर सिंह की जगह को भरा जाएगा। आरजेडी के दोनों नेता मंत्री पद से पूर्व में इस्तीफा दे चुके हैं।

24 घंटे में दोबारा लालू से मिलने पहुंचे नीतीश, तेजस्वी भी मौजूद

अब तक कयास लगाए जा रहे थे कि पटना में विपक्षी दलों की बैठक बाद राज्य कैबिनेट के विस्तार पर बात होगी। पटना की बैठक हुए एक महीना होने को आया है। बिहार विधानमंडल का मॉनसून सत्र खत्म हो चुका है। यहां तक कि विपक्ष की बेंगलुरु में दूसरी बैठक भी हो चुकी है। ऐसे में अब राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार जल्द होने के आसार नजर आ रहे हैं।

कांग्रेस चल सकती है सवर्णों पर दांव

आगामी चुनावों को देखते हुए संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में महागठबंधन सरकार जातिगत समीकरणों का भी खास ध्यान रखेगी। चर्चा है कि कांग्रेस से दो सवर्ण नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। वहीं, आरजेडी से पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग से मौका दिए जाने की संभावना है। हालांकि अभी तक इस बारे में किसी भी पार्टी की ओर से नए मंत्रियों के नाम फाइनल नहीं किए गए हैं।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News