बिहार दिनभर, 15 बड़ी खबरें: RJD समर्थकों पर वोटर्स से मारपीट का आरोप, अमृत भारत का इंजन फेल, बीच गंगा में 4 डूबे – Bihar News

1
बिहार दिनभर, 15 बड़ी खबरें:  RJD समर्थकों पर वोटर्स से मारपीट का आरोप, अमृत भारत का इंजन फेल, बीच गंगा में 4 डूबे – Bihar News

बिहार दिनभर, 15 बड़ी खबरें: RJD समर्थकों पर वोटर्स से मारपीट का आरोप, अमृत भारत का इंजन फेल, बीच गंगा में 4 डूबे – Bihar News

.

आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। यहां तेजस्वी यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि मतदान बदलाव के लिए हुआ है। लिखकर रख लें 14 नवंबर को महागठबंधन सरकार आ रही है। वहीं, बक्सर में एक महिला ने मोबाइल के लिए अपने 3 बच्चों संग सुसाइड कर लिया है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. तेजस्वी बोले- लिखकर रख लो 14 नवंबर को महागठबंधन सरकार आ रही

तेजस्वी यादव ने बुधवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, चुनाव का मतदान खत्म हो चुका है। दो चरण में ये चुनाव हुआ। हम सबसे पहले महागठबंधन के सभी नेताओं को सारे कार्यकर्ताओं को और सभी बिहार की जनता को दिल से धन्यवाद देना चाहते हैं कि इस लोकतंत्र के पर्व में बिहार की जनता ने बढ़-चढ़कर मतदान किया है। चुनाव खत्म होने के बाद सभी लोगों से हमने जो प्रतिक्रिया ली, जो हमें सूचना मिली वे बेहद सकारात्मक है। 1995 से भी बेहतर प्रतिक्रिया हमें देखने को मिली है। पूरी खबर पढ़ें

2. मोबाइल के लिए मां ने 3 बच्चों संग किया सुसाइड

बक्सर में मंगलवार की शाम मां ने 3 बच्चों के साथ जहर खाकर सुसाइड कर लिया। इसमें से 2 बच्चों समेत मां की मौत मंगलवार की देर शाम हुई है। वहीं, एक साल के बच्चे की बुधवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई है। घटना मंगलवार की दोपहर नया भोजपुर थाना क्षेत्र की है। जिस वक्त पत्नी ने सुसाइड किया उस वक्त उसका पति ऊपर के कमरे में टीवी में देख रहा था। महिला के पति सुनील कुमार ने बताया, ‘वो 2 नए फोन मांग रही थी। एक अपने लिए, दूसरा पिता के लिए। इस बात से वो मुझसे नाराज चल रही थी।’ पूरी खबर पढ़ें

3. रिजल्ट से पहले मंदिर-मजार और गुरुद्वारे में नीतीश

सीएम नीतीश कुमार बुधवार को रूटीन चेकअप के लिए मेदांता अस्पताल पहुंचे। उसके बाद उन्होंने पटना के महावीर मंदिर में पूजा की। मुख्यमंत्री हाईकोर्ट स्थित मजार भी गए। इस दौरान उनके सिर पर हरा साफा भी था। मुख्यमंत्री इसके बाद पटना सिटी स्थित गुरुद्वार पहुंचे। पूरी खबर पढ़ें

4. अगवा कर नाबालिग लड़की से गैंगरेप

मुजफ्फरपुर में नाबालिग लड़की से गैंगरेप का मामला सामने आया है। अगवा कर वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना रविवार की है। मामले का खुलासा मंगलवार को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराने का बाद हुआ। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए FIR दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। FIR में चार युवकों को नामजद किया गया है। जिसमें से 2 आरोपी बोचहां और 2 गायघाट के बघाखाल गांव के बताए जा रहे हैं। मामला बोचहां थाना क्षेत्र का है। पूरी खबर पढ़ें

5. हम BJP वाले हैं, महागठबंधन समर्थकों ने पत्नी की हत्या की’

‘हम बीजेपी से हैं। पहले फेज की वोटिंग के दौरान महागठबंधन के नेताओं से विवाद हुआ था। वो लोग बूथ पर फर्जी वोट डलवा रहे थे। मेरे भाई से भी झगड़ा हुआ था। मेरी पत्नी और बच्चे डॉक्टर के पास गए थे। महागठबंधन समर्थकों ने भाई पर हमला किया, लेकिन गोली मेरी पत्नी को लग गई। उसकी मौत हो गई। बेटे को भी चोट आई है।’ भोजपुर में मंगलवार को एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। ये बयान महिला के पति रोहित का है। पूरी खबर पढ़ें

6. स्ट्रॉन्ग रूम की 3 लेयर में निगरानी, CCTV से हो रही चौकसी

पटना में विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी त्यागराजन एसएम ने बताया कि स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी 3 लेयर में की जा रही है। इसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF), बिहार सशस्त्र पुलिस (BSAP) और जिला पुलिस के जवान संयुक्त रूप से तैनात हैं। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 नवंबर को होने वाली मतगणना की तैयारियां तेजी से जारी हैं। स्ट्रॉन्ग रूम के चारों ओर ऐसा सुरक्षा घेरा बनाया गया है, जिससे किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश असंभव हो। पूरी खबर पढ़ें

7. बीच गंगा में मोड़ी बोट, 4 डूबे, 3 लापता

वैशाली में गंगा नदी में एक नाव डूब गई। इसमें 4 लोग सवार थे। एक को बचा लिया गया है। 3 लापता हैं। घटना बिदुपुर थाना क्षेत्र के जिमदारी गंगा घाट के पास बीती रात करीब 10 बजे हुई। लापता में देसरी थाना क्षेत्र के नयागांव पश्चिमी निवासी शंभु कुमार (20) शामिल हैं। वह अपने दोस्त राजकुमार के ससुराल मोहनपुर दियर से लौट रहे थे। शंभू तीन भाइयों में सबसे छोटा था। अभी उसकी शादी भी नहीं हुई थी। हादसे में बचाए गए व्यक्ति का नाम राजकुमार है। नदी में लापता बाकी 2 महनार थाना क्षेत्र के हैं। उनकी पहचान नहीं हो पाई है। पूरी खबर पढ़ें

8. अमृत भारत एक्सप्रेस का इंजन फेल, ठप रहा रेल परिचालन

दानापुर–DDU रेलखंड पर मंगलवार की शाम रेल परिचालन अचानक बाधित हो गया, जब बक्सारा के पास टूड़ीगंज रेलवे स्टेशन के समीप अमृत भारत स्टेशन एक्सप्रेस का इंजन फेल हो गया। तकनीकी खराबी के कारण करीब डेढ़ घंटे तक अप मेन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही, जिससे पूरे रेलखंड पर असर पड़ा और हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। 15293 अमृत भारत स्टेशन एक्सप्रेस शाम 4 बजकर 10 मिनट पर टूड़ीगंज स्टेशन पहुंची थी। उसी समय ट्रेन के इंजन में अचानक गंभीर तकनीकी फॉल्ट पाया गया, जिससे ट्रेन बीच रास्ते में ही रुक गई। पूरी खबर पढ़ें

9. मैं एग्जिट पोल पर विश्वास नहीं करता: तेजप्रताप

जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और महुआ सीट से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने कहा, ‘मैं एग्जिट पोल पर विश्वास नहीं करता। हम नहीं कह सकते कि 14 नवंबर को क्या होगा…देखते हैं क्या होता है…” उन्होंने आगे कहा, “मैं महुआ सीट जीत रहा हूं…हम जश्न की तैयारी नहीं, हम काम की तैयारी करते हैं।’ पूरी खबर पढ़ें

10. शराब पीने से मना करने पर पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

बेगूसराय में शराब पीने से मना करने पर पति ने पत्नी को जलाकर मार डाला है। नशे में धुत पति जितेंद्र दास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान जूली(22) के तौर पर हुई है। घटना बखरी थाना क्षेत्र के सोनमा गांव की है। 2 साल पहले जितेंद्र की शादी शकरपुरा गांव की रहने वाले जूली के साथ हुई थी। जितेंद्र गांव में रहता है, कभी-कभार मजदूरी करता था। घर में खर्च के पैसे नहीं देता था। हमेश नशे की हालत में रहता था। पिता अरुण दास दूसरे राज्य में काम करते हैं। पूरी खबर पढ़ें

11. बॉयफ्रेंड से मिलने ओडिशा से पटना पहुंची लड़की

ओडिशा की नाबालिग लड़की और हरियाणा के लड़के के बीच ऑनलाइन गेम खेलते-खेलते अफेयर शुरू हो गया। दोनों ने एक-दूसरे से मिलने का फैसला किया। नाबालिग बिना घर में किसी को बताए पिछले बुधवार को ओडिशा अपने घर से अकेली निकली थी। वो शनिवार शाम पटना जंक्शन पहुंची। बॉयफ्रेंड शिवम भी शनिवार को ही हरियाणा से पटना जंक्शन आया था। पटना जंक्शन पर दोनों साथ बैठकर बात करने लगे। दोनों को देखकर आरपीएफ को शक हुआ। पूछताछ की तब पता चला कि दोनों दूसरे राज्य से आए हैं। पूरी खबर पढ़ें

12. ‘नीतीश कुमार ही होंगे सीएम, दूसरा ऑप्शन नहीं’

बिहार में विधानसभा चुनाव का रिजल्ट 14 नवंबर को आएगा। उससे पहले मंत्री विजय कुमार चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही आगे भी मुख्यमंत्री बने रहेंगे और इस पर कोई दूसरा विकल्प नहीं है। चौधरी ने बिहार की जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि मतदान शांतिपूर्ण और निर्विवाद तरीके से संपन्न हुआ। पूरी खबर पढ़ें

13. RJD को वोट नहीं देने पर मारपीट-धमकाने का आरोप

नवादा के गोविंदपुर विधानसभा क्षेत्र से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो रोह प्रखंड की मरूई पंचायत के काजीचक गांव का बताया जा रहा है। इसमें एक राजद समर्थक पर परिवार के सदस्यों को लालटेन (राजद का चुनाव चिन्ह) पर वोट न देने के लिए धमकाने और मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना मतदान से दो दिन पहले की बताई जा रही है, लेकिन इसे चुनाव समाप्त होने के बाद बुधवार सुबह जारी किया गया। पूरी खबर पढ़ें

अब वो खबर जो हटकर है

14. रिजल्ट से पहले लड्डू तैयार करने में जुटे BJP कार्यकर्ता

14 नवंबर को बिहार विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आना है। उससे पहले बीजेपी कार्यकर्ता जश्न की तैयारी में जुट गए हैं। पटना में बीजेपी कार्यकर्ता 501 किलो लड्डू तैयार करने में जुटे हैं। बीजेपी नेता कल्लू ने कहा, ‘NDA की जीत तय है।’ पूरी खबर पढ़ें

अब चलते चलते एक नजर कल के मौसम पर

15. बिहार में मौसम रहेगा सामान्य

बिहार में अभी मौसम सामान्य रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, अगले एक सप्ताह तक मौसम सामान्य रहेगा। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं आएगा। हालांकि, सुबह और शाम में हल्की ठंड महसूस होगी।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Bihar News