बिरसा मुंडा जयंती पर जबलपुर में कार्यक्रम: बरघाट विधायक बोले- जनजातीय यात्रा गांव-गांव तक पहुंची, बिरसा मुंडा के बारे में बताया – Seoni News h3>
सिवनी में जननायक बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के समापन वर्ष पर पांचवां जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। बरघाट विधायक कमल मर्सकोले और जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त ने एक प्रेसवार्ता में जिला स्तरीय और राज्य स्तरीय कार्यक्रमों की जानकारी दी।
.
भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय ने 1 से 15 नवंबर तक देशभर में ‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ मनाने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव रथ यात्रा भोपाल से शुरू की गई है। यह यात्रा छिंदवाड़ा मार्ग से होते हुए 12 नवंबर को सिवनी जिले की सीमा में पहुंची।
इसके बाद रथ यात्रा घंसौर क्षेत्र से होकर मंडला जिले की ओर प्रस्थान करेगी और 15 नवंबर को जबलपुर में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में शामिल होगी।
यात्रा से बिरसा मुंडा के जीवन के बारे में बताया जा रहा
सिवनी जिले में 11 नवंबर को विधायक और कलेक्टर ने जिला स्तरीय रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यह रथ यात्रा जिले के सभी गांवों में भ्रमण कर भगवान बिरसा मुंडा के जीवन परिचय, विचारों और जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास का प्रसार कर रही है।
साथ ही, यह यात्रा शासन की कई जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी जन-जन तक पहुंचाएगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम मिशन ग्राउंड, सिवनी में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते की अध्यक्षता में आयोजित किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री जनजातीय न्याय महाअभियान में लोगों से जु़ड़े कार्य हो रहे
प्रधानमंत्री जनजातीय न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) का शुभारंभ प्रदेश के पी.वी.टी.जी. जिलों में 15 नवंबर 2023 से किया गया। सिवनी जिला फरवरी 2024 से इस योजना में सम्मिलित हुआ है।
जिले में कुल 86 पी.वी.टी.जी. बसाहटें और 1,615 परिवार हैं, जिनकी कुल जनसंख्या 5,949 है। इनमें 648 बैगा परिवार (जनसंख्या 2,274) और 967 भारिया परिवार (जनसंख्या 3,675) शामिल हैं।
इस अभियान के तहत आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), समग्र आईडी और अन्य नागरिक सेवाओं से संबंधित शिविर आयोजित कर लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। पीएम जनमन के अंतर्गत जिले में 855 प्रधानमंत्री आवास भी स्वीकृत किए गए हैं।
