बिना बैंक, बिना रिकॉर्ड, करोड़ों इधर से उधर: ऑनलाइन पेमेंट की तरह हो रहा हवाला, दो माफिया कैमरे पर एक्सपोज

3
बिना बैंक, बिना रिकॉर्ड, करोड़ों इधर से उधर:  ऑनलाइन पेमेंट की तरह हो रहा हवाला, दो माफिया कैमरे पर एक्सपोज

बिना बैंक, बिना रिकॉर्ड, करोड़ों इधर से उधर: ऑनलाइन पेमेंट की तरह हो रहा हवाला, दो माफिया कैमरे पर एक्सपोज


दिल्ली के दरियागंज-चांदनी चौक में सूटकेस और नकदी से चलने वाला हवाला अब डिजिटल हो चुका है। यहां बैठे ऑपरेटर क्रिप्टो करेंसी के जरिए हवाला चला रहे हैं। इस नेटवर्क से जुड़े ऑपरेटर्स ने कैमरे पर दावा किया कि दुबई, थाईलैंड, कंबोडिया, हांगकांग समेत कई देशों में मिनटों में पेमेंट पहुंचाई जा सकती है। पर्दाफाश करने के लिए रिपोर्टर ने ब्रोकर बनकर दो माफियाओं से मुलाकात की। ‘10 हजार USDT से शुरू करो, फिर करोड़ों तक ले जाओ’ लोकेशन: दरियागंज, पुरानी दिल्ली किससे मुलाकात: सलमान और शाहिद (डिजिटल हवाला एजेंट) क्रिप्टोकरेंसी के जरिए हवाला करने वाले माफियाओं तक पहुंचने के दौरान हमारी पहली मुलाकात साद से हुई। वो दरियागंज की एक पुरानी इमारत के सामने मिला। हमें पांचवी मंजिल पर बने ऑफिस में ले गया। हमने खुद को ब्रोकर बताते हुए कहा कि दुबई में हमारे क्लाइंट की बेटिंग कंपनी चलती है। भारत में सट्टे से आने वाला पैसा क्रिप्टो के जरिए विदेश भेजना और जरूरत पड़ने पर वापस लाना है। हमने कहा कि हमें नकद के बदले USDT (यह एक क्रिप्टोकरेंसी है) चाहिए और बाद में उसी USDT के जरिए दूसरे देशों में नकद भी चाहिए। इसके बाद हवाला ऑपरेटर सलमान ने पूरा सिस्टम समझाया। सवाल: बेटिंग ऐप का काम है। USDT के जरिए काम करना चाहते हैं? जवाब : हो जाएगा। सवाल: सिस्टम क्या रहेगा? जवाब : पैसा एडवांस देना होगा। जितना USDT चाहिए मिल जाएगा। हाथों-हाथ ट्रांसफर होगा। पहले 10 हजार USDT से शुरू करो, फिर करोड़ों तक ले जाओ। सवाल: काम कहां से शुरू होगा? जवाब : दिल्ली से शुरुआत करो। बाद में दुबई या दूसरी कंट्री में भी पेमेंट कलेक्ट करवा देंगे। ऑफिस दुबई में भी है। सवाल: USDT को नकद कैसे करेंगे? जवाब : अंदर करना हो या बाहर निकालना हो, सब हमारे जरिए होगा। क्रिप्टो को नकद, नकद को क्रिप्टो, हवाला सब हो जाएगा। दुबई, अमेरिका, कनाडा, जर्मनी जहां बोलोगे वहां पेमेंट मिल जाएगी। सवाल: हमें नकद और USDT दोनों चाहिए। जवाब : हो जाएगा। सवाल: ऑफिस में कोई रिस्क तो नहीं ? जवाब : यहां कुछ रखा नहीं जाता। इनकम टैक्स भी आ जाए तो कुछ नहीं मिलेगा। सवाल: बायनेंस (क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज प्लेटफॉर्म) से काम करते हो? KYC की जरूरत पड़ती है? जवाब : बायनेंस से करते हैं। ट्रेडिंग में बैंक अकाउंट की जरूरत नहीं पड़ती। आप सीधे USDT इस्तेमाल कर सकते हो। सवाल: पैसा अलग-अलग शहरों में भी मिल जाएगा? जवाब : जहां बोलोगे वहां मिल जाएगा। सवाल: आपका कमीशन कितना है? जवाब : मार्केट रेट पर 50 पैसे प्रति डॉलर। आज USDT का रेट 97 रुपए है, हम 97.50 में देंगे। 10 हजार डॉलर पर करीब 50 हजार कमीशन होगा। सवाल: अगर हमें वॉलेट चलाना नहीं आता तो? जवाब : अपना वॉलेट बनाने की जरूरत नहीं है। हमारा वॉलेट इस्तेमाल कर लो। USDT हमारे वॉलेट में रहेगा, जब जहां नकद चाहिए होगा वहां भिजवा देंगे। सवाल: कौन सा वॉलेट सिक्योर है? जवाब : बायनेंस ठीक है। सवाल: नया अकाउंट भी बनवा देंगे? जवाब : हां, दोनों सिस्टम करा देंगे। सवाल: काम का समय क्या रहता है? जवाब : दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक। ज्यादातर हवाला दुबई से होता है, इसलिए बाजार उसी हिसाब से चलता है। दूसरी मुलाकात लोकेशन: पूर्वी दिल्ली, गाजीपुर पेपर मार्केट किससे मुलाकात: हर्ष सिंघल, डिजिटल हवाला नेटवर्क ऑपरेटर अगली मुलाकात अमन से हुई। अमन के संपर्क में डिजिटल हवाला नेटवर्क से जुड़े कई एजेंट थे। अमन ने बताया कि वह हर्ष सिंघल नाम के एक शख्स को जानता है, जो दुबई में बैठे बड़े सट्टेबाजों के पैसों को क्रिप्टो करेंसी में बदलकर डिजिटल हवाला नेटवर्क के जरिए पहुंचाता है। उसके मुताबिक हर्ष दिल्ली का बड़ा डिजिटल हवाला एजेंट है। शुरुआत में हर्ष सीधे मिलने को तैयार नहीं था। कई दिनों तक अमन हम पर नजर रखता रहा कि कहीं हम किसी एजेंसी से जुड़े तो नहीं हैं। भरोसा होने के बाद वह हमें गाजीपुर पेपर मार्केट इलाके में हर्ष सिंघल से मिलवाने ले गया। एक गोदाम के बाहर इंतजार के दौरान नई मर्सिडीज कार आकर रुकी। अमन हमें कार के अंदर ले गया और सिंघल से मिलवाया। रिपोर्टर और सिंघल के बीच हुई बातचीत ‘एक दिन में 10 लाख, 20 लाख, 50 लाख तक भेज सकते हैं…’ सवाल: आप क्या काम करते हैं? जवाब : मैं USDT का काम करता हूं। दुबई में अपने लोग हैं, पूरा सेटअप है। सवाल: अकाउंट का भी इंतजाम हो जाएगा? जवाब : अकाउंट के चक्कर में मत पड़ना। सबसे ज्यादा रिस्क वहीं है। अकाउंट में कई बार स्कैम का पैसा आ जाता है और खाते फ्रीज हो जाते हैं। हम नकद में काम करते हैं। सवाल: सिस्टम कैसे चलेगा? जवाब : नकद लाओ, हाथों-हाथ USDT ट्रांसफर। शुरुआत 10 हजार से करो या लाखों से, कोई दिक्कत नहीं। एक दिन में 10 लाख, 20 लाख, 50 लाख तक करवा सकते हैं। सवाल: आज का रेट क्या है? जवाब: आज 99.50 का रेट है। सवाल: अगर दिल्ली में USDT दी और दुबई में नकद चाहिए तो? जवाब: वहां दिरहम मिल जाएगा। टोकन देंगे और पेमेंट हो जाएगी। सवाल: भारत में भी कहीं पैसा मिल जाएगा? जवाब : जहां नेटवर्क होगा वहां दिलवा देंगे। सवाल: किन देशों तक नेटवर्क है? जवाब: अमेरिका, ब्रिटेन, हांगकांग, दुबई, थाईलैंड जहां बोलोगे, जिस करेंसी में बोलोगे, वहां पैसा पहुंच जाएगा। पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर में हर्ष का गोदाम है, जबकि गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में उसका ऑफिस है। दावा है कि यहीं से क्रिकेट सट्टेबाजी से लेकर डिजिटल हवाला तक का नेटवर्क ऑपरेट होता है। हर्ष ने बताया कि पहले बैंक अकाउंट के जरिए लेन-देन होता था, लेकिन साइबर फ्रॉड से जुड़े पैसे आने के चलते कई खाते फ्रीज हो गए। इसी वजह से उसने बैंकिंग सिस्टम से दूरी बना ली और अब सिर्फ नकद में काम करता है। बातचीत के दौरान हर्ष लगातार हमारी कहानी की तस्दीक करता रहा। उसने दुबई में अपने संपर्कों को फोन कर हमारे बताए बेटिंग नेटवर्क की जानकारी मिलाई, ताकि यह तय कर सके कि हम सच बोल रहे हैं या नहीं। इसके बाद हमने उससे पूछा कि वह किस वॉलेट के जरिए क्रिप्टो का इस्तेमाल करता है। सवाल: बायनेंस से काम करते हो? जवाब : नहीं, हम सीधे काम करते हैं। बायनेंस की जरूरत नहीं पड़ती। सवाल: फिर वॉलेट कौन सा इस्तेमाल करते हो? जवाब : ट्रोनलिंक। सवाल: अगर शुरुआत 50 लाख से करें तो? जवाब : कोई दिक्कत नहीं। म्यूल अकाउंट, शेल कंपनी और USDT : हवाला का नया रास्ता सलमान, शाहिद और हर्ष सिंघल जैसे एजेंट डिजिटली चल रहे हवाला कारोबार की सिर्फ बानगी हैं। ED की कार्रवाई से पता चलता है कि, म्यूल अकाउंट, शेल कंपनियां और USDT हवाला का नया रास्ता बन चुके हैं। ED ने फरवरी 2026 में कहा कि उसने साइबर अपराध से जुड़े 234 प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग यानी PMLA मामलों में 34 हजार 855 करोड़ की अपराध से जोड़ी गई रकम की पहचान की है। इसमें अवैध सट्टेबाजी, क्रिप्टो घोटाले, फर्जी ट्रेडिंग ऐप, डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड, इंस्टेंट लोन ऐप स्कैम शामिल हैं। ED के मुताबिक इन पैसों की मनी लॉन्ड्रिंग मोटेतौर पर म्यूल अकाउंट्स, शेल कंपनियों, क्रिप्टोकरेंसी और हवाला ऑपरेटरों के जरिए की गई। एजेंसी ने यह भी कहा कि धोखाधड़ी नेटवर्क पहले शेल कंपनियों और पेमेंट गेटवे के जरिए पैसा इकट्ठा करते हैं, फिर उसे क्रिप्टो खासकर USDT जैसे स्टेबलकॉइन में बदलकर हवाला चैनलों और फर्जी विदेशी रेमिटेंस के जरिए बाहर भेजते हैं। अब तक ऐसे मामलों में 12 हजार 229 करोड़ रुपए की संपत्ति अटैच की जा चुकी है और 1,000 से ज्यादा म्यूल अकाउंट्स की पहचान हुई है। NEWS4SOCIALकी दरियागंज से लेकर गाजीपुर तक हुई इस पड़ताल से पता चला कि, पहले जहां कोड वर्ड, पर्चियों और नकदी के जरिए पैसा एक देश से दूसरे देश पहुंचता था, वहीं अब उसी खेल में USDT का इस्तेमाल हो रहा है। फर्क सिर्फ इतना है कि पहले हवाला का पैसा बैग और नकदी के जरिए घूमता था, अब वही रकम डिजिटल वॉलेट के जरिए सरहद पार पहुंचाई जा रही है। ‘क्रिप्टो को दुनिया में कहीं भी आसानी से भेजा जा सकता है…’ दिल्ली पुलिस के DCP विनीत कुमार कहते हैं कि, ‘साइबर फ्रॉड या गैरकानूनी तरीके से जुटाए गए पैसों के मामलों में रकम पहले हवाला ऑपरेटर्स के पास जाती है। इसके बाद हवाला ऑपरेटर्स नकद को क्रिप्टो में बदलते हैं।’ ‘इंटरनेट पर कई ऐसे प्लेटफॉर्म मौजूद हैं, जहां नकद देकर क्रिप्टो खरीदी जा सकती है। एक बार क्रिप्टो आपके पास आ जाए तो उसे दुनिया में कहीं भी आसानी से भेजा जा सकता है। कई जगहों पर क्रिप्टो से प्रॉपर्टी तक खरीदी जा रही है।’ ‘कई ऐसे वॉलेट हैं, जिनमें बैंक KYC की जरूरत नहीं होती। ट्रस्ट वॉलेट जैसे प्लेटफॉर्म माफियाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। हालांकि, ऐसे कई और वॉलेट भी हैं, जिनमें बिना KYC के ट्रांसफर संभव है।’ ‘सरकार चाहती है कि, लोग ऐसे क्रिप्टो प्लेटफॉर्म इस्तेमाल करें जहां यूजर की पहचान दर्ज हो KYC यानी ‘नो योअर कस्टमर’ हो। बिना KYC वाले वॉलेट्स को बंद किए बिना इस नेटवर्क पर पूरी तरह रोक लगाना मुश्किल है।’ अब हवाला करना आसान हो गया, ट्रैक करना मुश्किल वहीं, सायबर एक्सपर्ट पवन दुग्गल कहते हैं कि,’ भारत सरकार ने क्रिप्टोकरेंसी को लेकर स्पष्ट कानून नहीं बनाया है। फिलहाल सरकार ने सिर्फ इतना तय किया है कि क्रिप्टो खरीदने या बेचने पर 30 प्रतिशत टैक्स देना होगा। इसके बावजूद क्रिप्टो को कानूनी मुद्रा या कानूनी संपत्ति का पूरा दर्जा नहीं मिला है।’ ‘क्रिप्टो के बाद हवाला पहले से कई गुना आसान हो गया है और उन्हें ट्रैक करना मुश्किल। साइबर अपराधियों और हवाला एजेंट्स के लिए क्रिप्टो एक तरह का ‘सेफ हेवन’ बन चुका है।’ ‘जांच एजेंसियों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह है कि ज्यादातर क्रिप्टो प्लेटफॉर्म और सर्विस प्रोवाइडर्स भारत के बाहर मौजूद हैं। ऐसे में भारतीय एजेंसियों को जानकारी हासिल करने में मुश्किल आती है और इलेक्ट्रॉनिक सबूतों की पूरी चेन जोड़ना चैलेंजिंग हो जाता है।’
क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े हवाला के तीन मामले केस स्टडी 1 : 5.24 करोड़ का साइबर फ्रॉड, हवाला और क्रिप्टो नेटवर्क का खुलासा 26 नवंबर 2025 को दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट को सूचना मिली कि द्वारका के एक होटल में कुछ लोग साइबर फ्रॉड से जुड़े पैसों को ट्रांसफर कर रहे हैं। पुलिस ने होटल पर छापा मारा। यहां से सुल्तान सलीम शेख, सैयद अहमद चौधरी, तुषार मालिया और सतीश कुमार नाम के चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पुलिस को एक ऐसे बैंक अकाउंट का पता चला, जिसमें सिर्फ 6 दिनों के भीतर 10,423 ट्रांजैक्शन हुए थे और करीब 5.24 करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया कि हवाला चैनलों के जरिए इस रकम की मनी लॉन्ड्रिंग की जाती थी। कैश के बदले क्रिप्टोकरेंसी ट्रांजैक्शन किए जाते थे। हवाला ऑपरेटर्स को नकद रकम दी जाती थी और बदले में क्रिप्टोकरेंसी के जरिए रकम को आगे ट्रांसफर किया जाता था। केस स्टडी 2 : महादेव ऐप और क्रिप्टो हवाला नेटवर्क 21 अक्टूबर 2023 को ईडी ने महादेव बेटिंग ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल समेत 14 लोगों को आरोपी बनाया था। ईडी के मुताबिक बेटिंग से आने वाला पैसा सीधे मास्टरमाइंड तक नहीं पहुंचाया जाता था। पहले रकम को कई फर्जी, किराए के और म्यूल बैंक अकाउंट्स में घुमाया जाता था। इसके बाद हवाला ऑपरेटर्स रकम को नकदी में बदलते थे। जांच एजेंसियों के अनुसार बाद में पैसे का एक हिस्सा USDT और दूसरा क्रिप्टोकरेंसी में बदला जाता था। फिर अलग-अलग क्रिप्टो वॉलेट्स के जरिए रकम को विदेशों तक पहुंचाया जाता था। ईडी ने बैंक रिकॉर्ड, मोबाइल डेटा, चैट्स, केवाईसी डिटेल्स, आईपी लॉग्स और ब्लॉकचेन ट्रांजैक्शन ट्रेल के जरिए पूरे नेटवर्क को ट्रैक किया। एजेंसी का दावा है कि यह नेटवर्क हजारों करोड़ रुपए के अवैध लेनदेन से जुड़ा था और इसके तार दुबई समेत कई विदेशी लोकेशनों तक फैले हुए थे। केस स्टडी 3 : जम्मू-कश्मीर में ‘क्रिप्टो हवाला’ का अलर्ट इसी साल जनवरी में सुरक्षा एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर में अलगाववादी और आतंकी नेटवर्क को दोबारा एक्टिव करने की कोशिशों को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक अब पारंपरिक हवाला और कैश कुरियर सिस्टम की जगह ‘क्रिप्टो हवाला’ का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। विदेशी हैंडलर्स अब क्रिप्टोकरेंसी, प्राइवेट वॉलेट्स और पीयर-टु-पीयर ट्रांजैक्शन के जरिए बिना बैंकिंग सिस्टम का इस्तेमाल किए पैसे जम्मू-कश्मीर तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों को यह भी पता चला कि कई स्थानीय संपर्कों को बिना KYC वाले क्रिप्टो वॉलेट बनाने और VPN के जरिए डिजिटल पहचान छुपाने के लिए कहा गया था, ताकि विदेशों से ट्रांसफर हुए क्रिप्टो को कई डिजिटल लेयर्स में घुमाकर भारत में नकद में बदला जा सके। …………………………………………….. आप ये एक्सक्लूसिव रिपोर्ट भी पढ़ सकते हैं NEET पेपर लीक करने वाले सवाल रट लाए थे:न किताबें बाहर आईं, न अंदर डिवाइस जाने दी; फिर भी हुए लीक ‘नीट पेपर लीक ने हमारा भरोसा तोड़ा है। सालों से जो लोग हमारे साथ काम कर रहे थे, उन्होंने ही पेपर लीक कर दिए। लीक किस-किस ने किया, कैसे किया ये जांच के बाद पता चल जाएगा। लेकिन ऐसा लग रहा है कि, सवाल रटकर लीक किए गए हैं।’ पूरी खबर पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें…।