बालाघाट में परसवाड़ा-बैहर मार्ग जर्जर, सड़क से निकली गिट्टी-सलाखें: 5 साल पुरानी मरम्मत बेअसर, वाहन चालकों को दिक्कत; कलेक्टर ने गड्ढे ठीक करने के दिए निर्देश – Balaghat (Madhya Pradesh) News h3>
बालाघाट जिले में परसवाड़ा से बैहर मार्ग की हालत बदहाल है। सड़क से डामर उखड़ गया है और जगह-जगह सलाखें बाहर निकल आई हैं। इस मार्ग पर बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
.
यह सड़क लगभग तीन साल पहले बनी थी, लेकिन अब इसकी हालत जर्जर हो चुकी है। विभाग ने पहले बारिश के बाद मरम्मत का आश्वासन दिया था, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है। रात के समय गड्ढों के कारण बाइक सवार अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
पांच साल पुरानी मरम्मत बेअसर, 30 किमी मार्ग फिर बदहाल
यह मार्ग बैहर और परसवाड़ा, दो विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाली एक प्रमुख सड़क है। ग्रामीण लंबे समय से इसकी उपेक्षा का आरोप लगा रहे हैं। ग्रामीणों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है, लेकिन उन्हें हर बार केवल आश्वासन ही मिला है और अब तक कोई ठोस काम नहीं हुआ है।
बताया जाता है कि परसवाड़ा से बैहर तक के 30 किलोमीटर मार्ग की स्वीकृति न मिलने के कारण काम अधर में लटका हुआ है। दर्जनभर से अधिक गांवों की जीवनरेखा मानी जाने वाली इस सड़क की पांच वर्ष पहले भी केवल खानापूर्ति जैसी मरम्मत की गई थी, जिसके बाद यह फिर से जर्जर हो गई।
कलेक्टर बोले- गड्ढे नहीं भरे तो अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई
इस मामले में कलेक्टर मृणाल मीणा ने संज्ञान लिया है। उन्होंने एमपीआरडीसी के संभागीय प्रबंधक को सख्त निर्देश दिए हैं कि बैहर, बिरसा और परसवाड़ा तहसील में सड़कों पर हुए गड्ढों को शीघ्रता से ठीक कराया जाए। कलेक्टर ने चेतावनी दी है कि यदि गड्ढों के कारण कोई दुर्घटना होती है, तो जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
एमपीआरडीसी प्रबंधक को कलेक्टर के निर्देश के बाद सड़क के सुधार का भरोसा ग्रामीणों में जागा है, अब देखना है कि कलेक्टर के निर्देश पर एमपीआरडीसी, सड़क में सुधार की प्रक्रिया को पूरा करते है, हर आदत के अनुसार, निर्देश को हवा में उड़ा देते है।
