बारां जिला अस्पताल को मिलेंगी 73.50लाख की मशीनें: मरीजों के इलाज में होगी मदद, ब्लड बैंक की क्षमता बढ़ेगी, जांचें तेज होंगी – Baran News h3>
बारां जिला अस्पताल को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से 73.50 लाख रुपए के अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण मिलेंगे। विभाग ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन उपकरणों से अस्पताल की सुविधाओं में महत्वपूर्ण सुधार होगा। अस्पताल के ब्लड बैंक के लिए 12 लाख रुपए की लागत से 600 बैग क्षमता वाला ब्लड स्टोरेज फ्रीज खरीदा जाएगा। इससे रक्त और रक्त घटकों को लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकेगा। वर्तमान में स्टोरेज क्षमता कम होने के कारण कई बार रक्त अन्य ब्लड बैंकों को भेजना पड़ता था, जो अब नहीं होगा। फुल ऑटोमेटिक एलाइजा रीडर मशीन विद वॉशर खरीदी जाएगी
जांच सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 36 लाख रुपए की लागत से फुल ऑटोमेटिक एलाइजा रीडर मशीन विद वॉशर खरीदी जाएगी। यह मशीन हेपेटाइटिस, एचआईवी, डेंगू सहित अन्य संक्रामक और गंभीर बीमारियों की जांच तेजी व सटीकता से कर सकेगी, जिससे मरीजों को जल्द रिपोर्ट और उपचार मिल पाएगा। एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन से होगी मदद
ऑपरेशन थिएटर के लिए 26.50 लाख रुपए की लागत से एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन विद वेंटिलेटर और मल्टी पैरामीटर मॉनिटर के साथ आइसोफ्लूरेन व सीवोफ्लूरेन वेपोराइजर खरीदे जाएंगे। यह उपकरण लंबे समय से अपेक्षित था। डॉक्टरों के अनुसार, नाक-कान-गला, पथरी, पेट और स्पाइनल जैसी कई जटिल सर्जरी में मरीज को पूरी तरह बेहोश करना आवश्यक होता है। एनेस्थीसिया वर्कस्टेशन के अभाव में ऐसे मरीजों को पहले कोटा रेफर करना पड़ता था। जटिल सर्जरी संभव हो सकेगी
पुराने विंग के ऑपरेशन थिएटर में हर महीने आर्थोपेडिक, ईएनटी और सामान्य सर्जरी से जुड़े लगभग 120 से 150 ऑपरेशन होते हैं। हालांकि, उपकरणों की कमी के कारण हर माह 30 से 40 मरीजों को रेफर करना पड़ता था। अब इन आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता से जिला अस्पताल में ही जटिल सर्जरी संभव हो सकेगी। जटिल ऑपरेशन भी किए जा सकेंगें
पीएमओ डॉ. नरेंद्र मेघवाल ने बताया कि जिला अस्पताल के लिए एनीस्थिसिया वर्कस्टेशन तथा ब्लड स्टोरेज के लिए रेफ्रिजरेटर, फुली ऑटोमेटिक एलाइजा रीडर मशीन आदि उपकरणों की खरीद की जाएगी। इसको लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से टेंडर किए गए है। आधुनिक एनीस्थिसिया वर्कस्टेशन मिलने से यहां जटिल ऑपरेशन भी किए जा सकेंगें।
राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – RajasthanNews