बलिया में सपा ने मनाई कांशीराम जयंती: सांसद ने शोषित समाज को संगठित करने में उनके योगदान को बताया – Ballia News

1
बलिया में सपा ने मनाई कांशीराम जयंती:  सांसद ने शोषित समाज को संगठित करने में उनके योगदान को बताया – Ballia News

बलिया में सपा ने मनाई कांशीराम जयंती: सांसद ने शोषित समाज को संगठित करने में उनके योगदान को बताया – Ballia News


बलिया के बापू भवन टाउन हॉल में रविवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मान्यवर कांशीराम की जयंती मनाई। इस अवसर पर समाजवादियों ने कांशीराम के संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक न्याय में उनके योगदान और वंचित व पिछड़े वर्गों को सम्मान दिलाने में उनकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। सांसद सनातन पाण्डेय ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने अपना पूरा जीवन शोषित, वंचित और बहुजन समाज को संगठित करने में समर्पित कर दिया। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों को अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए जो संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
विधायक जियाउद्दीन रिज़वी ने कहा कि कांशीराम ने समाज में व्याप्त असमानता के खिलाफ आवाज उठाई और दलित, पिछड़े तथा वंचित समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक करने का ऐतिहासिक कार्य किया। विधायक संग्राम सिंह यादव ने कहा कि कांशीराम ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में लाने का काम किया और उनके विचार आज भी सामाजिक न्याय की लड़ाई को दिशा देते हैं।
पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी ने कहा कि कांशीराम का पूरा जीवन सामाजिक परिवर्तन के लिए समर्पित रहा। उन्होंने बहुजन समाज को एकजुट कर उन्हें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष और प्रवक्ता सुशील कुमार पाण्डेय ‘कान्हजी’ ने मान्यवर कांशीराम को ‘भारत रत्न’ देने का प्रस्ताव रखा, जिसका सभी उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया। कार्यक्रम की शुरुआत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांशीराम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर विधायक जयप्रकाश अंचल, पूर्व विधायक मंजू सिंह, यशपाल सिंह, विश्राम यादव, आद्या शंकर यादव, संजय उपाध्याय, लक्ष्मण गुप्ता, रणजीत चौधरी, राजन कन्नौजिया, संतोष कुमार, चिंता यादव, महमूद अंसारी, रामजी गुप्ता, शशिकांत चतुर्वेदी, कामेश्वर सिंह, अनिल कुमार राय, प्रमोद यादव, रमाशंकर खरवार, उदय बहादुर सिंह, रवींद्र यादव, सामु ठाकुर और कमलेश भारती सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामेश्वर पासवान ने की, जबकि संचालन महासचिव बीरबल राम ने किया।

उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar Pradesh News