पंजाब में MLA खैहरा पर कार्रवाई से भड़की कांग्रेस: बोले-ED भाजपा का राजनीतिक हथियार, नेताओं को डराने की कोशिश; संपत्ति अटैच होने से नाराज – Jalandhar News h3>
कपूरथला से कांग्रेस के विधायक सुखपाल सिंह खैहरा के खिलाफ कार्रवाई के बाद उनके लिए पंजाब कांग्रेस की लीडरशिप ने आवाज उठाई है। (फाइल फोटो)
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब कांग्रेस के विधायक सुखपाल सिंह खैहरा की चंडीगढ़ स्थित 3.82 कीमत की संपत्ति की अटैच करने के मामले में अब पंजाब में राजनीति तेज हो गई है। पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने सुखपाल सिंह खैहरा पर हुई इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की
.
पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गुरदासपुर सीट से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, पंजाब कांग्रेस प्रधान और लुधियाना सीट से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पटियाला लोकसभा सीट से सांसद धर्मवीर गांधी, पूर्व मंत्री व जालंधर कैंट सीट से कांग्रेस के एमएलए परगट सिंह, पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने उक्त कार्रवाई पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है।
सांसद रंधावा बोले- घर 1990 में बना, 2015 के केस में केस जुड़ सकता है
पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम और गुरदासपुर लोकसभा सीट से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने ईडी कार्रवाई पर कहा- 1990 में बने मकान को 2015 के केस से कैसे जोड़ा जा सकता है। एजेंसियों ने पहले भूपेश बघेल के घर पर छापेमारी की और अब विधायक सुखपाल खैहरा की दादागिरी के खिलाफ उठ रही आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।
लेकिन मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि जिस तरह एजेंसियां बघेल के घर से खाली हाथ लौटीं, वैसे ही खैरा साहब के मामले में भी वे खाली हाथ लौट आएंगी। आपका “ऑपरेशन विपक्ष” पंजाब कांग्रेस को डरा नहीं सकता। बता दें कि सांसद धर्मवीर गांधी ने भी एजेंसी की कार्रवाई की निंदा की है।
सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा द्वारा किया गया पोस्ट।
सांसद वड़िंग बोले- ईडी, बीजेपी का राजनीतिक हथियार
पंजाब कांग्रेस के प्रधान और लुधियाना लोकसभा सीट से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा- ईडी को बीजेपी राजनीतिक हथियार बनकर इस्तेमाल कर रही है। हर चुनाव से पहले भाजपा अपने विरोधियों को निशाना बनाने के लिए ईडी को हथियार बनाती है।
पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल जैसे वरिष्ठ नेताओं से लेकर सुखपाल खैहरा तक, भाजपा की बदले की राजनीति साफ है। खैहरा के दशकों पुराने घर को कुर्क करना एक और हताशा भरा कदम है। हम अपने नेताओं के साथ मजबूती से खड़े हैं और ऐसे दबाव के आगे कभी नहीं झुकेंगे। इससे हमारी ताकत का पता चलता है – भाजपा को हमें चुनौती देने के लिए ईडी जैसी एजेंसियों की जरूरत है।
पंजाब कांग्रेस के प्रधान और लुधियाना लोकसभा सीट से सांसद वडिंग द्वारा किया गया पोस्ट।
विधायक परगट सिंह बोले- नेताओं को चुप करवाने की कोशिश हो रही
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व खिलाड़ी और जालंधर कैंट सीट से विधायक परगट सिंह ने कहा- पहले एजेंसियों ने पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल के घर पर छापा मारा और अब विधायक सुखपाल खैहरा को चुप कराने की कोशिश कर रहे हैं।
क्योंकि वे भाजपा की केंद्र सरकार और उसकी बी-टीम (CM भगवंत सिंह मान) की सरकार के खिलाफ बोल रहे हैं। भाजपा की हताशा और केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग से पंजाब में कांग्रेस नहीं डरेगी। हम उनकी प्रतिशोध की राजनीति के खिलाफ मजबूती से खड़े हैं।
विधायक परगट सिंह द्वारा शेयर किया गया पोस्ट।
प्रताप बाजवा बोले- कांग्रेस के बढ़ते ग्राफ से डरी बीजेपी
पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा- ऐसा लगता है कि भाजपा राज्य में कांग्रेस के बढ़ते ग्राफ से डरी हुई है। पहले पंजाब के प्रभारी भूपेश बघेल को ED ने निशाना बनाया। अब मेरे सहयोगी और MLA सुखपाल खैहरा के घर को ED ने तुच्छ आधार पर कुर्क कर लिया। यह एक और उदाहरण है कि भाजपा केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से अपने विरोधियों को फंसाने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा द्वारा किया गया पोस्ट।
ईडी ने सुखपाल खैहरा पर चल रहे ड्रग्स केस में की कार्रवाई
बता दें कि ईडी ने खैहरा की अचल संपत्ति यानी उनका चंडीगढ़ स्थित घर को केस में अटैच किया था। उनका घर चंडीगढ़ के सेक्टर-5 में था, जिसकी मार्केट वैल्यू 3.82 करोड़ रुपए है। ईडी ने कहा था कि जांच में खुलासा हुआ कि सुखपाल सिंह खैरा ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट द्वारा गुरदेव सिंह और उसके विदेशी सहयोगियों से प्राप्त 3.82 करोड़ की अपराध से अर्जित संपत्ति का उपयोग किया।
सुखपाल सिंह खैहरा ने इन पैसों के बदले नशीली दवाओं की तस्करी में संरक्षण/पासपोर्ट सेवा प्रदान की थी। इसके बदले में गुरदेव सिंह ने 3.82 करोड़ की रकम सुखपाल सिंह खैरा को दी और उनके चुनाव प्रचार में इस अवैध धन का उपयोग किया गया।