पंजाब में मोबाइल चार्जर फटा, कमरे में लगी आग: झुलसने से महिला की मौत; पति से तलाक के बाद मां के साथ रहती थी – Jagraon News h3>
पंजाब के लुधियाना में मोबाइल चार्जिंग करते वक्त चार्जर फट गया, जिससे कमरे में आग लग गई। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस वक्त महिला गहरी नींद में सो रही थी। सोने से पहले उसने अपने बेड के पास ही लगे प्लग में चार्जर लगाकर मोबाइल चार्जिंग के लिए लगाया था।
.
इसी दौरान मोबाइल चार्जर फटने से कमरे में आग लग गई। बराबर के कमरे में सो रही मां ने बेटी को किसी तरह बचाया। मां-बेटी के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू किया। गंभीर रूप से झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां मंगलवार को महिला ने दम तोड़ दिया।
मृतका की पहचान मनप्रीत कौर उर्फ रिप्पी निवासी गांव अलीगढ़, जगराओं के रूप में हुई। पुलिस ने इस मामले में धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।
ये तस्वीर घायल अवस्था में अस्पताल में पड़ी मनप्रीत की है, जिसकी आज (मंगलवार) मौत हो गई है।
यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए कैसे हुआ हादसा….
पति से हो चुका तलाक, मां के साथ रहती थी मनप्रीत पुलिस के मुताबिक, मनप्रीत कौर उर्फ रिप्पी वर्तमान में अपनी बुजुर्ग मां के पास गांव अलीगढ़ में रह रही थी। उसकी शादी हुई थी, लेकिन पति से तलाक हो चुका था। इसके बाद वह अपने मायके अलीगढ़ आ गई थी। कुछ समय पहले उसके पिता की भी मौत हुई थी। घर में सिर्फ मां-बेटी ही रह रही थी। परिजनों ने बताया कि पिता की मौत से बाद से ही वह परेशान रहती थी।
सोने से पहले बेड के बराबर में मोबाइल चार्जिंग के लिए लगाया परिजनों के मुताबिक, 22 जुलाई की रात मनप्रीत और उसकी मां घर पर ही थी। खाना खाने के बाद रात को मनप्रीत सोने चली गई। उसकी मां दूसरे कमरे में सो रही थी। मनप्रीत ने सोने से पहले अपने बेड के बराबर में लगाए गए प्लग में मोबाइल चार्जिंग के लिए लगाया दिया और सो गई।
चार्जर फटने से कमरे में लगी आग, 90 प्रतिशत झुलसी मनप्रीत परिजनों ने आगे बताया कि देर रात उसके कमरे में आग लग गई। बराबर के कमरे में सो रही उसकी मां उसे बचाने के लिए दौड़ी। मगर, जब तक वह आग बुझाती, मनप्रीत 90 फीसदी तक जल चुकी की थी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मां-बेटी को कमरे से बाहर निकाला। मनप्रीत की मां ने बताया कि कमरे में आग मोबाइल चार्जर के फटने से लगी थी। मनप्रीत गहरी नींद में थी, इसलिए उसे पता नहीं लगा।
अस्पताल में भर्ती कराया, मंगलवार को दम तोड़ा परिवार के लोगों ने तुरंत ही मनप्रीत को पहले जगराओं के अस्पताल में भर्ती करवाया। हालत नाजुक होने के कारण फिर उसे फरीदकोट रेफर कर दिया गया। मंगलवार को इलाज के दौरान मनप्रीत ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई की बस स्टैंड चौकी के इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि मनप्रीत कौर मोबाइल चार्जिंग में लगाकर सो रही थी। इसी दौरान चार्जर अत्यधिक गर्म हो गया और उसमें आग लग गई। इसी में झुलसने से महिला की मौत हो गई। पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई कर दी है। साथ ही पोस्टमॉर्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया है।
क्यों फटता है मोबाइल, इन्फोग्राफिक्स में जानिए…
