नर्मदापुरम में बारिश थमी, धान की फसल पर संकट: खेतों में आई दरारें; कई गांवों में बिजली कटौती, गर्मी-उमस से लोग परेशान – narmadapuram (hoshangabad) News h3>
रूपापुर, गजपुर क्षेत्र में मिट्टी सूखने से खेतों में दरारें पड़ रही है।
नर्मदापुरम में जुलाई में हुई अच्छी बारिश के बाद अगस्त में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। 1 से 12 अगस्त के बीच जिले में सिर्फ 1 इंच बारिश दर्ज की गई है, जिससे खेतों की मिट्टी सूखने लगी है और धान की फसल पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। रामपुर, रूपापु
.
जुलाई में डैम लबालब, अगस्त में सूखा
18 जून को मानसून की दस्तक के बाद जून के केवल 12 दिनों में 7 इंच से अधिक बारिश हुई थी। जुलाई में बंगाल की खाड़ी के कई सिस्टम सक्रिय रहे, जिससे अच्छी बारिश दर्ज हुई और फसलें लहलहाने लगीं। लेकिन अगस्त की शुरुआत के साथ ही बारिश थम गई।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल तीन-चार दिन और भारी बारिश की संभावना नहीं है। 31 जुलाई तक जिले में कुल 35 इंच बारिश हुई थी, जो पिछले साल के मुकाबले 8 इंच अधिक थी। लेकिन 12 अगस्त तक यह बढ़कर केवल 36 इंच हो पाई, जो पिछले साल की तुलना में अब सिर्फ 1 इंच ज्यादा है।
सुबह से चिलचिलाती धूप पड़ रही है।
धान की फसल पर मंडरा रहा खतरा
धान की फसल के लिए अगस्त का पानी बेहद जरूरी होता है। कृषि उप संचालक जे.आर. हेडाऊ ने बताया कि जुलाई की बारिश से फसल को फायदा मिला, लेकिन अब पानी नहीं गिरा तो स्थिति खराब हो सकती है।
रामपुर, रूपापुर, गजपुर सहित कई क्षेत्रों में मिट्टी सूख चुकी है और खेतों में दरारें आ गई हैं। जो किसान अभी तक धान नहीं लगा पाए हैं, अब वह भी पीछे छूट गए हैं।
बिजली संकट से बढ़ी परेशानी, किसान करेंगे प्रदर्शन
बारिश की कमी के बीच अब बिजली संकट ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। इटारसी के आसपास के कई गांवों में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही।
ग्रामीणों ने बताया कि रामपुर, रूपापुर, गजपुर, गुर्रा, दमदम, सनखेड़ा, सोमलबाड़ा, कांदई, लोहारिया, बिछुआ, सोनतलाई, मरोड़ा, चिल्लई, नांदनेर, घाटली, चांदौन, पथरोटा, भट्टी, नयागांव समेत कई गांवों में बिजली आपूर्ति सिर्फ 3-4 घंटे हो रही है।
किसानों के मुताबिक, बिजली में बार-बार फाल्ट आता है और कई-कई घंटे बिजली नहीं मिलती, जिससे मोटरें नहीं चल पा रहीं और फसलें सूखने लगी हैं। इसको लेकर भारतीय किसान संघ आज बिजली सब स्टेशन के बाहर प्रदर्शन करेगा।
