नगर निगम क्षेत्र में 200 से अधिक स्ट्रीट लाइट खराब, अंधेरे में गली-मोहल्ले

3
नगर निगम क्षेत्र में 200 से अधिक स्ट्रीट लाइट खराब, अंधेरे में गली-मोहल्ले

नगर निगम क्षेत्र में 200 से अधिक स्ट्रीट लाइट खराब, अंधेरे में गली-मोहल्ले

पेज चार लीड… आस्था का महापर्व छठ की तैयारी में जिला प्रशासन से लेकर निगम प्रशासन व स्थानीय लोग जुट गये हैं। खासकर

Newswrap हिन्दुस्तान, बेगुसरायTue, 15 Oct 2024 02:25 PM
share Share

बेगूसराय, निज प्रतिनिधि। दुर्गा पूजा समारोह पूर्वक संपन्न हो गया। उसके बाद प्रकाश का पर्व दीपावली व आस्था का महापर्व छठ की तैयारी में जिला प्रशासन से लेकर निगम प्रशासन व स्थानीय लोग जुट गये हैं। खासकर नगर निगम क्षेत्र में इन दोनों पर्व में लाइट की व्यवस्था कराना एक चुनौती पूर्ण कार्य होता है। दोनों पर्व को देखते हुए निगम प्रशासन के द्वारा शहरी क्षेत्र से ग्रामीण क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट को युद्ध स्तर पर मरम्मत कराकर चालू कराने का प्रयास जोरों पर है। इससे पहले दुर्गा पूजा में ही निगम की ओर तैनात आठ टीम के द्वारा बंद पड़ी लाइट मरम्मत कर चालू कर दी गयी। नगर निगम को दुधिया रौशनी में चकाचक बनाने के लिए सरकार की ओर से 8926 स्ट्रीट लगायी गयी थी। लेकिन विभिन्न कारणों से फिलहाल 200 से अधिक स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी है। 20 हाई मास्ट लैंप भी है। इनमें से जेके स्कूल के समीप हाई मास्ट को खोल दिया गया है। जगह मिलने पर दूसरे जगह लगाने की तैयारी चल रही है। भौगोलिक दृष्टिकोण से 45 वार्डों में रातभर दुधिया रौशनी मिलती रहे इसके लिए निगम के बिजली बिल के नाम पर प्रति माह 13 लाख रुपये खर्च हो रहे हैं। आरओबी पर लगी लाइट में बिजली बिल प्रति माह 1.73 लाख भी शामिल है। अर्थात यूं कहा जाय कि निगम का बिजली बिल के नाम पर प्रति वर्ष 1.56 करोड़ रुपये खर्च होते हैं। अंबेडकर चौक से ट्रैफिक चौक तक दो दर्जन से अधिक स्ट्रीट लाइट वर्षों से बंद है। मोहल्लेवासियों की भी शिकायत रहती है कि उनके मोहल्ले में स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी है। कहती हैं मुख्य पार्षद दुर्गा पूजा के पूर्व बंद पड़ी लाइटें को मरम्मत के बाद चालू कर दी गयी। कुल 8926 में से 200 के आसपास लाइट खराब होंगी। खराब लाइट को चालू कराने के लिए आठ टीम को तैनात किया गया है। जहां से भी बंद लाइट की शिकायत मिल रही है वहां बिजली मिस्त्री भेजकर ठीक करायी जा रही है। दीपावली व छठ पर्व में छठव्रतियों को अंधेरे का सामना करना नहीं होगा। इसके लिए निगम की ओर से तैयारी जोरों पर है। पिंकी देवी, मुख्य पार्षद बलिया की खराब हाई मास्ट लाइट व एलईडी लाइट की मरम्मत शुरू बलिया, एक संवाददाता। नगर परिषद क्षेत्र में वर्षों से खराब हुए लाइटों की मरम्मत का काम तेज कर दिया गया है। दीपावली व छठ महापर्व को लेकर नगर परिषद के द्वारा शहरी क्षेत्रों में लाईटिंग की व्यवस्था दुरूस्त करने की पहल की जा रही है। नगर परिषद के चेयरमैन मो. जमाल उद्दीन ने बताया कि पूर्व से लगे क्षेत्र के सात हाई मास्ट लाइट में से पांच को विभाग द्वारा दुरुस्त करा दिया गया है। वहीं दो हाई मास्ट लाइट को जगह परिवर्तन के लिए खोला गया है। नगर परिषद के कार्यपालक अधिकारी डॉ. सुजीत कुमार ने बताया कि सभी खराब पड़ी हाई मास्ट लाइट को दुर्गा पूजा से पूर्व मरम्मति करा दी गयी है। शहर में करीब दो हजार स्ट्रीट लाइट लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि वार्ड पार्षद को जरूरत के अनुसार कमिटी के माध्यम से प्रस्ताव देने को कहा गया है। जहां और लाइट की जरूरत है वहां भी स्ट्रीट लाइट बहुत जल्द लगायी जाएगी। बलिया को सुंदर एवं स्वच्छ नगर परिषद बनाने को लेकर पहल की जा रही है। सरकार और पार्षदों के बीच खींचतान से लोग अंधेरा में रहने को विवश तेघड़ा, निज प्रतिनिधि। पर्व त्योहारों में भी तेघड़ा नगर परिषद के लोगों को अंधेरे में रहना पड़ सकता है। नगर परिषद क्षेत्र में लगे अधिकतर हाई मास्ट लैंप और स्ट्रीट लाइट देखरेख के अभाव में ठप पड़ी हैं। आने वाले दिनों में लगातार पर्व त्योहार है। लेकिन मरम्मत कार्य नहीं हो पाने की वजह से स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट खराब पड़ी हैं। गौरतलब है कि करोड़ों रूपए की लागत से लगी इन लाइटों की देखरेख सही तरीके से नहीं हो रही हैं। कुछ वार्ड पार्षदों का कहना है कि अधिकारियों की मनमानी के कारण लाइटें बंद पड़ी हुई है। वार्ड पार्षद श्यामा देवी, अशोक मिश्र आदि कई लोगों ने बताया कि बाजार में लगभग डेढ करोड़ रूपए से अधिक राशि के स्ट्रीट लाइटें और हाई मास्ट लाइट लगाई गई हैं। लेकिन कभी उसका देखरेख सही तरीके से नहीं हो पायी है। मुख्य पार्षद सोनाली भारती ने बताया कि सरकार द्वारा वार्ड पार्षदों को लाइट लगाने का अधिकार छीन लिया गया है। लाइटों के मरम्मत कार्य के लिए भी पटना से ही एजेंसी को बहाल किया जाना है। इसके लिए राशि की मांग की जा रही है। वार्ड पार्षदों का कहना है कि पहले की तरह पार्षद ही लाइट भी लगाएंगे। उन्हें राशि नहीं दी जाएगी। बाजार के दर्जनों दुकानदारों ने बताया कि सरकार और वार्ड पार्षद के बीच खींचतान के कारण उन्हें अंधेरा में रहना पड़ रहा है। बरौनी नगर परिषद में पर्व त्योहारों में भी स्ट्रीट लाइटों की सुविधा से वंचित रह गये लोग बरौनी,निज संवाददाता। बरौनी नगर परिषद के गठन के लगभग दो साल पूरे होने को है। लेकिन बरौनी नगर परिषद में धरातल पर लोगों को कहीं भी विकास कार्य की शुरुआत होते नहीं दिख रही है। देखतेह- देखते तो दुर्गा पूजा समाप्त हो गयी। अब 15 दिन के बाद दीपावली और फिर छठ पर्व है। लेकिन बरौनी नगर परिषद क्षेत्रं में एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं लग सकी है। बरौनी को पहली दफा ग्राम पंचायत से नगर परिषद का दर्जा तो मिल गया। लेकिन लोगों की सुविधाएं फिलवक्त पंचायत जैसी भी नहीं मिल रही है। ऐसी स्थिति में जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जनप्रतिनिधियों द्वारा भी इस ओर दिलचस्पी नहीं दिखाई जा रही है। 21 मार्च 2023 को नगर परिषद बरौनी के वर्ष 2023-24 के लिए 119 करोड़ 10 लाख का पहला बजट पास किया गया। जिसमें जलनिकासी, साफ सफाई, बाजारों में शौचालय व पेयजल की सुविधा, हाई मास्ट लाइट, सीसीटीवी कैमरा, सड़कों से लेकर गली -मोहल्लों तक लाइट, नाले की सुविधा व सड़क निर्माण आदि शामिल था। जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 नगर परिषद क्षेत्र के सभी वार्ड के समुचित विकास के लिए 124 करोड़ का बजट पेश किया। वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट प्राक्कलन बिहार नगर पालिका अधिनियम 2007 की धारा 82 के तहत तैयार किया गया है। लेकिन नगर परिषद बरौनी के गठन के बाद दो बजट पास होने के बाबजूद आज तक विकास कार्यो में गति नहीं आई। गोपाल कुमार, कुंदन कुमार, विवेक कुमार, ललन कुमार,सबिता देवी आदि स्थानीय लोगों की मानें तो बढ़ी हुई आबादी के अनुसार इसे नगर परिषद का दर्जा दिया गया। इसके बाद लोगों को उम्मीद जगी थी कि अब शहर में विकास कार्य होगा। कहा कि इससे अच्छा तो हम लोग ग्राम पंचायत में ही थे। कम से कम उस समय तक हमारे यहाँ विकास कार्य तो हो रहे थे। अब तो विकास कार्यो में व्रेक सा लग गया है। जो जरूरी सुविधाएं मसलन स्ट्रीट लाइट, जलजमाव, साफ सफाई आदि भी नहीं मिल पा रही है। गली मोहल्लों की कौन कहे सड़कें भी लाइटविहीन बनी है। जिसे देखने वाला कोई नहीं है। मुख्य पार्षद संजीव कुमार ने बताया कि स्ट्रीट लाइट लगाने को लेकर प्रक्रिया टेंडर में है। अबिलंब कार्रवाई की जाएगी।

बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Delhi News