देश से 0.2% कम रहेगी महाराष्ट्र की आर्थिक विकास दर, इकॉनमिक सर्वे में जताया गया अनुमान
हर साल बजट से एक दिन पहले इकनॉमिक सर्वे रिपोर्ट पेश की जाती है। इससे राज्य की आर्थिक सेहत का अंदाज मिलता है।रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2022-23 में राज्य में कृषि और संबद्ध गतिविधियों के क्षेत्र में 10.2 प्रतिशत, उद्योग क्षेत्र में 6.1 प्रतिशत और सेवा क्षेत्र में 6.4 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद जताई है।
GSDP का हाल
रिपोर्ट में कहा गया है कि अग्रिम अनुमानों के अनुसार 2022-23 के लिए वर्तमान कीमतों पर नॉमिनल सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) ₹35,27,084 करोड़ रुपये और वास्तविक 2011-12 की स्थिर कीमतों के आधार पर जीएसडीपी ₹21,65,558 करोड़ रहने की उम्मीद है। 2021-22 के पहले संशोधित अनुमान के मुताबिक, नॉमिनल जीएसडीपी 31,08,022 करोड़ रहा था जबकि 2020-21 में यह केवल 26,27542 करोड़ रुपये था। जबकि वास्तविक जीएसडीपी वर्ष 2020-21 में 18,58370 करोड़ रुपये और 2021-22 में 20,27,971 रुपये रहा था।
राज्य में प्रति व्यक्ति आय में इजाफा
इकनॉमिक सर्वे रिपोर्ट में राज्य में 2022-23 में प्रति व्यक्ति आय 2,42,247 रुपये रहने का अंदाज है। पिछले साल यह 2,15,233 रुपये और 2020-21 में 1,83,704 रुपये बताई गई थी। सर्वे रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रति व्यक्ति आय के मामले में 2021-22 में महाराष्ट्र पांचवें नंबर रहा है। 2,78,786 रुपये प्रति व्यक्ति आय के साथ कर्नाटक पहले नंबर है। तेलंगाना (2,75,433 रुपये) दूसरे, हरियाणा (2,74,635 रुपये) तीसरे और तमिलनाडु (2,41,131 रुपये) चौथे नंबर पर रहा है।
सर्वे में खास
– 30 सितंबर, 2022 तक राज्य में प्रति लाख जनसंख्या पर 23 ATM थे।
– प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत 18 जनवरी, 2023 तक राज्य में कुल 3.25 करोड़ बैंक खाते खोले गए, जिनमें से 56.0 प्रतिशत ग्रामीण/अर्द्ध-शहरी क्षेत्रों में हैं।
– 2021-22 के दौरान राज्य में बिजली उत्पादन 1,71,263 मिलियन यूनिट (केंद्रीय क्षेत्र से प्राप्त बिजली सहित) था और बिजली की कुल खपत 1,38,779 एमयू थी।
– 1 जनवरी, 2023 को राज्य में सड़क पर चलने वाले वाहनों की कुल संख्या थी 433 लाख थी, यानी प्रति किलोमीटर 134 वाहन।
– 1 जनवरी, 2022 को यही संख्या 409 लाख वाहन थी यानी 128 वाहन प्रति किमी) एक साल में 24 लाख वाहन बढ़े।
– सितंबर, 2022 के अंत में राज्य में इंटरनेट उपभोक्ताओं की संख्या 10.06 करोड़ थी। सितंबर, 2022 के अंत में सेल फोन कनेक्शन 12.56 करोड़ थे।