देवेंद्र फडणवीस भी अचानक अयोध्या रवाना! शिंदे संग करेंगे रामलला के दर्शन, महाराष्ट्र में चढ़ा सियासी पारा
हैरानी की बात क्या?
ताज्जुब की बात यह है कि बीते दो दिन से इसी बात कि चर्चा थी कि अयोध्या का दौरा सिर्फ शिवसेना का है। शिंदे गुट के किसी भी नेता ने यह नहीं कहा कि बीजेपी नेता भी दौरे में शामिल होंगे। तब तक सिर्फ यह कहा गया था कि एकनाथ शिंदे भगवान राम के दर्शन करना चाहते थे, इसलिए अयोध्या जा रहे हैं। शनिवार को एकनाथ शिंदे अपने समर्थकों के साथ विशेष विमान से अयोध्या गए थे। इस दौरान उनके साथ बीजेपी नेता और मंत्री गिरीश महाजन, मोहित कंबोज और विधायक संजय कुटे भी थे। तब तक किसी को नहीं पता था कि देवेंद्र फडणवीस भी इस दौरे पर आएंगे। हालांकि, जब एकनाथ शिंदे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे तो उन्होंने नई जानकारी दी तो सभी हैरान रह गए।
एकनाथ शिंदे ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस बीजेपी मंत्रियों के साथ अयोध्या आएंगे। देवेंद्र फडणवीस भी थोड़ी देर पहले सागर बंगले से अयोध्या के लिए रवाना हुए हैं। शिंदे के अयोध्या दौरे को जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है। बताया जा रहा है कि बीजेपी ने भी इस दौरे में शामिल होने का फैसला सिर्फ इसलिए लिया क्योंकि शिंदे अयोध्या और लखनऊ में इस दौरे का माहौल बनाने में सफल रहे।
फूल से सजाया होटल
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आज श्रीराम के दर्शन करेंगे। शिंदे-फडणवीस समेत सूबे के मंत्री, विधायक और सांसद अयोध्या के जिस पंचशील होटल में ठहरे हुए हैं, उसे फूलों से सजाया गया है। होटल के बाहर मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के स्वागत में होर्डिंग लगाए गए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के जनसंपर्क विभाग ने मुख्यमंत्री के स्वागत में होर्डिंग्स लगाए हैं।