दृश्यम मूवी देखकर कराया कांट्रेक्टर पति का मर्डर: बॉयफ्रेंड संग क्राइम सीरियल से सीखे बचने के तरीके; बेटी ने पिता को बताया था- मां का अफेयर है – Patna News h3>
हरियाणा के गुरुग्राम में बिहार के नवादा के गारमेंट एक्सपोर्ट कंपनी के कांट्रेक्टर विक्रम की हत्या में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक पत्नी सोनी किडनैपिंग से लेकर हत्या करने और शव को दफनाने तक बॉयफ्रेंड रविंद्र के संपर्क में थी।
.
दोनों के बीच लगातार मोबाइल पर बात होती रही। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि दोनों को अवैध संबंधों के खुलने का डर सता रहा था, क्योंकि विक्रम की बेटी ने रविंद्र के मोबाइल में अपनी मां के साथ उसके अश्लील वीडियो देख लिए थे।
बेटी ने यह बात पापा विक्रम को भी बता दी थी। इससे पत्नी और उसका प्रेमी, दोनों डर गए थे कि अब उनका भेद खुल जाएगा और सारे समाज के सामने बेइज्जती होगी, घर टूटेगा वो अलग। इसी वजह से दोनों ने विक्रम को रास्ते से हटाने का पूरा प्लान बनाया।
हत्या कैसे करनी है और कैसे बचे रहना है? इसकी प्लानिंग दोनों ने बॉलीवुड मूवी दृश्यम के साथ क्राइम पेट्रोल के कई एपिसोड कई-कई बार देखकर की। दोनों हर वो लूज पॉइंट खत्म करना चाहते थे, जिससे उन पर किसी का शक ना जाए।
मगर, पत्नी सोनी की एक गलती ने इस सनसनीखेज का भंडाफोड कर दिया। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी पत्नी सोनी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि शव को दफनाने के लिए गड्ढा खोदने वाले संतरपाल को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत जुटा सके।
पुलिस की गिरफ्त में पत्नी सहित पांचों आरेापी। बाएं से बॉयफ्रेंड रविंद्र (पहला), मनीष (दूसरा), फरियाद (तीसरा), संतरपाल (चौथा) और आरोपी पत्नी सोनी देवी (पांचवीं)।
यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…
- एक्सपोर्ट कंपनी में ठेकेदार था विक्रम, ड्यूटी से हुआ लापता : मूल रूप से बिहार के नवादा जिले का रहने वाला विक्रम गुरुग्राम में उद्योग विहार स्थित एक गारमेंट एक्सपोर्ट कंपनी में ठेकेदारी का काम करता था। वर्तमान में वह उद्योग विहार थाना क्षेत्र के डूंडाहेड़ा गांव की अपनी पत्नी सोनी देवी और दो बच्चों के साथ किराए पर रहता था। 26 जुलाई को वह ड्यूटी पर गया था, लेकिन इसके बाद रात तक घर नहीं लौटा। चिंता होने पर उसके भतीजे राकेश ने कंपनी में कॉल कर जानकारी ली तो पता चला कि विक्रम तो सुबह 9 बजे ही निकल गया था। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।
- हाव-भाव को देख पत्नी पर हुआ शक, पड़ोसी का नाम बताया : विक्रम को लापता हुए 3 दिन बीत गए थे, लेकिन कोई पता नहीं चल सका था। इस पर पत्नी सोनी ने 28 जुलाई को गुमशुदगी की रिपोर्ट उद्योग विहार थाने में दर्ज कराई। मगर, परिवार के लोगों को पत्नी पर शक होने लगा, क्योंकि पति की मौत के बाद भी उसके हाव-भाव में कोई बदलाव नहीं आया था। उन्होंने दबाव बनाया तो सोनी देवी ने बगल में ही रहने वाले विक्रम के दोस्त रविंद्र पर हत्या का शक जताया। यहां तक कहा कि रविंद्र ने उसके साथ रेप किया है, उसके वीडियो भी बनाए है, जिन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे डरा रहा है।
- पुलिस से पड़ोसी को हिरासत में लिया, हत्या की बात कबूली : पत्नी सोनी देवी ने जब परिवार को रविंद्र के बारे में बताया तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने भी देर न करते हुए 1 अगस्त को रविंद्र को हिरासत में ले लिया। रविंद्र को थाने ले जाकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह किराए पर गाड़ियां बुकिंग कराने का काम करता है। उसके विक्रम की पत्नी से संबंध थे। विक्रम इन संबंधों में बाधा बन रहा था। इसी वजह से उसने विक्रम की हत्या की योजना बनाई और अपने तीन दोस्तों के साथ वारदात को अंजाम दिया।
- पहले रस्सी से गला घोंट मारा, फिर जमीन में दफना दिया : पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में रविंद्र ने बताया कि 26 जुलाई को ही अपने तीन साथियों मनीष (19), फरियाद (20) निवासी गांव बसतौरा नारंग, जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) और एक अन्य के साथ मिलकर विक्रम को किडनैप कर लिया था। इसके बाद चारों ने मिलकर उसकी रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को एविल सोसाइटी गांव मोहम्मदपुर में जमीन में दफना दिया। यह गड्डा रविंद्र के चाचा संतरपाल ने पहले ही खोद कर रखा हुआ था। इसके बाद सब अपने-अपने काम पर लौट गए। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर शव को बरामद कर लिया।
बच्चों के साथ विक्रम (मृतक) और उसकी हत्यारोपी पत्नी सोनी देवी की फाइल फोटो।
अब जानिए पुलिस की जांच में क्या आया सामने
- महिला ने गुमराह करने के लिए रेप का केस दर्ज करवाया: उद्योग विहार थाने के एसएचओ बलराज ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि महिला के साथ कोई रेप नहीं हुआ था और उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए प्रेमी पर झूठा रेप का मामला दर्ज कराया था। आरोपी रविंद्र और सोनी देवी ने विक्रम की हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए यूट्यूब पर कई तरीके देखे। बॉलीवुड मूवी दृश्यम को भी देखा। क्राइम पेट्रोल के तो कई एपिसोड साथ मिलकर देखे।
- आरोपी अपने चाचा से मिलने गया: आरोपी रविंद्र का चाचा संतरपाल मोहम्मदपुर में नजदीक एविल सोसाइटी के पास गाय-भैंसों के रखरखाव का काम करता है। संतरपाल ने रविंद्र को गोद लिया हुआ है। हत्या की प्लानिंग के तहत रविंद्र उससे मिलने गया और पूरी कहानी समझाई। चाचा को इस बात के लिए तैयार कर लिया कि विक्रम की हत्या करके उसके शव को दफनाने के लिए गड्ढा खोद कर रखना है।
- हत्या से लेकर दफनाने तक फोन से संपर्क में रही: पुलिस के मुताबिक, संतरपाल ने रविंद्र के कहे अनुसार एविल सोसाइटी के पास गड्ढा खोदा। इसके बाद रविंद्र और उसके तीनों साथी विक्रम की हत्या करके उसके शव को लेकर चाचा संतरपाल के पास पहुंचे और तुरंत ही शव को गड्ढे में दफना दिया, ताकि शव गल जाए और शव से बदबू ना आए। इस दौरान महिला सोनी देवी आरोपी रविंद्र के साथ फोन के माध्यम से संपर्क में रही।
- हत्या के बाद गुमशुदगी दर्ज करवाई: एसएचओ के मुताबिक, आरोपी सोनी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए योजनानुसार पहले 28 जुलाई 2025 को अपने पति की गुमशुदा की रिपोर्ट लिखवाई। जबकि उसे पता था कि 26 जुलाई 2025 को इसके पति की हत्या करके उसके शव को दफनाया जा चुका है। उसके बाद इसको लगा कि पुलिस को हत्या के बारे में पता लगा सकती है, तो इसने पुलिस से बचने के लिए अपने प्रेमी रविंद्र के खिलाफ ही रेप का झूठा केस दर्ज करवाया, ताकि वह बच सके।
यूपी के मेरठ के हस्तिनापुर थाने में मौजूद हरियाणा पुलिस।
पुलिस ने मेरठ में दबिश देकर दो आरोपियों को पकड़ा
रविंद्र से पूछताछ के बाद यूपी के मेरठ के हस्तिनापुर क्षेत्र के दो युवकों मनीष और फरियाद के नाम सामने आने बाद उद्योग विहार थाने की पुलिस ने शनिवार को उनके गांव बस्तौरा नारंग में दबिश दी। पुलिस ने पहले अपनी शिकायत आमद हस्तिनापुर थाने में दर्ज कराई, फिर लोकल पुलिस को साथ लेकर दोनों युवकों के घरों में दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हस्तिनापुर थाना प्रभारी शशांक द्विवेदी ने बताया कि गुरुग्राम पुलिस के दर्जनों पुलिसकर्मी पांच गाड़ियों में सवार होकर आए थे।
उद्योग विहार थाने के एसएचओ बलराज ने बताया कि रविंद्र के बाद मनीष और फरियाद को भी गिरफ्तार किया गया। मनीष गांव में ही मोमोज की रेहड़ी लगाता है, जबकि फरियाद बाइक रिपेयरिंग का काम करता है। फरार आरोपी इन दोनों का दोस्त है, जो रविंद्र को भी जानता था। रविंद्र के कहने पर ही मनीष और फरियाद इस वारदात में शामिल हुए।
———————–
कांट्रेक्टर हत्याकांड से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
गुरुग्राम में पत्नी के बॉयफ्रेंड ने की कॉन्ट्रेक्टर की हत्या:पहले किडनैप किया, फिर रस्सी से गला घोंटा; उसके बाद गड्ढा खोदकर दफनाया
हरियाणा के गुरुग्राम में गारमेंट एक्सपोर्ट कंपनी के कांट्रेक्टर की हत्या कर दी गई। हत्यारा कोई ओर नहीं, युवक को दोस्त ही निकला। आरोप है कि कांट्रेक्टर को पहले किडनैप किया गया, फिर रस्सी से गला घोंट कर हत्या कर दी। (पूरी खबर पढ़ें)
