तहसीलदार मैडम को मोबाइल से ‘दिक्कत’: विधायकजी की शादी में ‘नेताजी’ का जलवा; कलेक्टर-SDM ‘हाजिर हों’ – Rajasthan News h3>
नमस्कार जयपुर में विधायकजी और जज मैडम की शादी हुई। शुभ विवाह में बड़े-बड़े नेता पहुंचे। झुंझुनूं के जिला उपभोक्ता आयोग ने कलेक्टर एसडीएम समेत 6 अफसरों को तलब कर लिया। चूरू में तहसीलदार साहिबा से किसान ने वीडियो बनाते हुए मुआवजे की मांग कर दी। जयपुर जंक्शन पर खुलेआम नशा करने का वीडियो आया। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. विधायकजी की शादी में ‘शक्ति प्रदर्शन’ कांग्रेस वाली पार्टी के विधायकजी ने विवाह कर लिया। जज साहिबा से शादी की है। जोड़ी का जवाब नहीं। विधायकजी युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। दूसरी बार विधायक हैं। विवाह के शुभ समारोह में बड़े-बड़े नेता पहुंचे। कोई किसी दल में हो, दिल में अपनापन। डिप्टी सीएम साहिबा रस्मों के दौरान पहुंचीं तो कुर्सी ऑफर हुई। दूल्हा चौकी पर था, वे कुर्सी पर कैसे बैठतीं? सादगी से फर्श पर ही बैठ गईं। विधायक भाटीजी भी पहुंचे। दूल्हे के सिर पर साफा सजाया जा रहा था। भाटीजी ने उठकर साफा सही किया। पूर्व डिप्टी सीएम पायलट साहब भी पहुंचे। समर्थकों का घेरा घेरकर चलने लगा। एक झलक की ललक। पायलट ने विवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। पूर्व सीएम गहलोत समारोह में पहुंचे तो जनसभा जैसा नजारा बन गया। स्टेज से उतरते वक्त उन्होंने मेहमानों की तरफ हाथ क्या जोड़े, शोर ही गूंज उठा। समारोह में शक्ति प्रदर्शन सा करते हुए गहलोतजी विवाह-स्थल से निकले। 2. आयोग का आदेश है- अफसर हाजिर हों.. झुंझुनूं में मुख्यमंत्री जन आवास योजना निकली तो लोगों ने अपने घर का सपना देख लिया। स्कीम में आवास बुक कर दिए। इसके बाद योजना अधरझूल हो गई। मामला कोर्ट में चला तो उपभोक्ताओं के पक्ष में फैसला आ गया। आदेश हुए कि हर एक उपभोक्ता का पैसा चुकाया जाए। लेकिन अफसरों ने घोटालेबाजी कर दी। उपभोक्ता आयोग को बिना बिनाए स्कीम की जमीन कुर्क करके नीलाम कर दी। आयोग को कोई खबर ही नहीं। नीलामी से जो पैसा आया उनमें से भी उपभोक्ताओं को चवन्नी तक नहीं मिली। आखिर जिला उपभोक्ता आयोग ने अंगुली टेढ़ी की। अब कलेक्टर, तत्कालीन एसडीए, मौजूदा एसडीएम, एडीएम, नगर परिषद कमिश्नर और तहसीलदार को समन जारी किए हैं। कहा है- 13 मार्च को हाजिर हों। एसपी साहब को खास निर्देश हैं कि समन की तामील कराना आपकी जिम्मेदारी है। आने में आना-कानी करें तो गिरफ्तार करके लाओ। धारा भी 72 लगाई है। यानी अफसरों को भी 3 साल की जेल और 1 लाख जुर्माना हो सकता है। 3. तहसीलदार मैडम को मोबाइल से दिक्कत अफसरों को बड़े अधिकारियों से इतना डर नहीं लगता, जितना मोबाइल में वीडियो बन जाने से लगने लगा है। पता नहीं कब-कौन कहां वीडियो बना ले। चूरू के रतनगढ़ में भी ऐसा ही हुआ। 765 केवी की बिजली लाइन डालनी थी। किसान लाइन डलने नहीं दे रहा था। किसान की मांग कि पहले मुआवजे का पैसा पटक दो। नायब तहसीलदार मैडम किसान से बात करने पुलिस जाप्ता लेकर खेत तक पहुंच गईं। किसान अब बेचारा नहीं रहा। उसे मोबाइल के विविध उपयोग की जानकारी। मैडम बात करने बैठीं तो किसान ने मोबाइल का कैमरा चालू कर लिया। कहा- अब बात करते हैं। मैडम घबराई। कहा-कैमरा बंद कर लो। किसान चिल्ला पड़ा- मुझे पहले मेरा मुआवजा दे दो। आपको लाइन डलवानी ही है तो आपकी सैलरी का पैसा मेरे अकाउंट में डाल दो। इसके बाद बात करेंगे। मैडम ने पुलिसकर्मी को आदेश दिया-देख क्या रहे हो, मोबाइल ले लो। पुलिसवाले ने समझाया-भाई बंद कर दे। जिद मत कर फालतू। मैडम ने आदेश दोहराया- फोन ले लो न इनसे। पुलिसकर्मी आगे बढ़ा और मोबाइल छीन लिया। अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब घूम रहा है। 4. चलते-चलते.. नशा नाश की जड़ है। अब राजस्थान में नशे की जड़ें गहरे पनप रही हैं। अलग-अलग जिलों में ड्रग्स की कई फैक्ट्रियां पकड़ी जा चुकी हैं। अफीम की अवैध खेती पकड़ी जा रही है। फूलों के बीच लोग अफीम उगा रहे हैं। डोडा-चूरा की तस्करी में अपराधी ‘पुष्पा वाला दिमाग’ लगा रहे हैं। पुलिस एक तरफ कार्रवाई करती है तो दूसरी तरफ युवाओं से अपील करती है कि नशे से बचो, वरना जीवन नर्क हो जाएगा। पड़ोसी देश से भी अब गोला-बारूद से ज्यादा नशे की खेप आने लगी है। उन्हें पता है कि जंग में तो जीत नहीं सकते, युवाओं को नशे की लत लगा देंगे तो जंग से भी बड़ी जीत हो जाएगी। जयपुर में रेलवे जंक्शन के परिसर और मेट्रो पिलर्स के नीचे कई जगह स्मैकची नशे में ऊंघते मिल जाते हैं। एक जागरूक नागरिक ने नशा कर रहे दो युवकों का वीडियो बनाया। नशेबाज युवक ने धमकी सी दी-स्मैक पीता हूं, जेबें काटता हूं, अब करना है जो कर लो। किसी को कुछ करने की क्या जरूरत? दोनों की हालत बता ही रही है कि इनका क्या होना है। इनपुट सहयोग- मुकेश हिंगड़ (उदयपुर), इम्तियाज भाटी (झुंझुनूं), नरेश भाटी (चूरू)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी..
राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – RajasthanNews