जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक हुई: मनरेगा, भूमि आवंटन, बिजली, पानी, सड़क समेत विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा – Nagaur News h3>
नागौर जिला परिषद साधारण सभा की बैठक जिला प्रमुख भागीरथराम चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिला प्रमुख भागीरथराम चौधरी ने विभिन्न क्षेत्रों से आए जिला परिषद सदस्यों की समस्याएं सुनते हुए उनके निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा
.
बैठक में विभिन्न मुद्दों पर हुई चर्चा
बैठक में पानी संबंधित समस्याओं को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान समिति के सदस्यों ने पानी सप्लाई की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने व सप्लाई की रिपोर्ट प्रतिदिन के हिसाब से प्रस्तुत करने संबंधी सुझाव दिए। साधारण सभा में जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की विभिन्न समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि विकास कार्यों को त्वरित गति से पूर्ण करें और सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन को दिलवाना सुनिश्चित करें।
बैठक में मौजूद अधिकारी व जनप्रतिनिधि।
कलेक्टर ने विभागीय अफसरों को दिए निर्देश
जिला कलेक्टर पुरोहित ने बताया कि जिले में पानी सप्लाई को लेकर पर्याप्त व्यवस्था है। इसके साथ ही जनप्रतिनिधि व आमजन अपनी समस्याएं रात्रि चौपाल में भी अवगत करवाएं। प्रति सप्ताह एक रात्रि चौपाल का आयोजन किया जाता है तथा ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर भी समय-समय पर आवश्यक निर्देश दिए जाते हैं। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में राजस्व निरीक्षक व पटवारी के जरिए भी पानी सप्लाई की मॉनिटरिंग की जा रही है। नहरबंदी के चलते सभी सहयोग करें तथा संयम बनाए रखें। कहीं भी पाइपलाइन लीकेज की समस्या आती है तो जलदाय विभाग को सूचित करें।
सभी विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में बंद पड़े ट्यूबवैल की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं तथा जहां सार्वजनिक ट्यूबवैल के लिए बिजली कनेक्शन नहीं हैं वहां डिस्कॉम के अधिकारियों को शीघ्र कनेक्शन करवाने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने डिस्कॉम के कार्य शीघ्रता से पूर्ण करवाएं तथा स्कूलों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को शीघ्र हटवाई जाएं।
बैठक में उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जर्जर स्कूल भवनों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में रास्ता खुलवाने के प्रकरणों, सड़क निर्माण के कार्य, अतिक्रमण हटवाने, ढीले तारों को सही करवाने सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविंद्र कुमार ने गत बैठक की अनुपालना रिपोर्ट से अवगत करवाया तथा बिजली, पानी व चिकित्सा संबंधी समस्याओं के बारे में विचार-विमर्श करते हुए विभिन्न मुद्दों से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते अफसर-जनप्रतिनिधि।
बिजली-पानी, फसल बीमा योजना को लेकर पर हुई चर्चा
फसल बीमा योजना के क्लेम, बिजली कनेक्शन, बिजली वोल्टेज, टूटे बिजली पोल बदलवाने, आबादी के अनुसार पर्याप्त जलापूर्ति करवाने सहित अनेक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उप जिला प्रमुख शोभाराम, मेड़ता विधायक लक्ष्मण राम कलरु, लाडनूं विधायक मुकेश भाकर, डॉ. सहदेव चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार व विभिन्न पंचायत समितियों के प्रधान, जिला परिषद के सदस्य सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न पंचायत समितियों के विकास अधिकारी मौजूद थे। जिला परिषद साधारण सभा की बैठक में महात्मा गांधी नरेगा योजनांतर्गत वर्ष 2025-26 की वार्षिक कार्य योजनाएं वर्ष 2024-25 की पूरक वार्षिक कार्य योजना पर चर्चा कर अनुमोदन किया।
