जालोर में चंदा जुटाकर बनाया कांग्रेस ऑफिस, देखें पहली झलक: 6 कमरों में जिलाध्यक्ष दफ्तर, मीडिया कक्ष, सभागार; कल गहलोत-डोटासरा-जूली करेंगे लोकार्पण – Jalore News h3>
जालोर में कार्यकर्ताओं-पदाधिकारियों के चंदे से बना राजीव गांधी जिला कांग्रेस भवन।
कांग्रेस पार्टी आर्थिक कठिनाइयों के दौर से गुजर रही है। इस बीच कल (15 अप्रैल, मंगलवार) जालोर में कांग्रेस के नए दफ्तर की इमारत का लोकार्पण होगा। पूर्व सीएम अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली कार्यक्रम में पहुंचे
.
जालोर के संजय नगर में कांग्रेस दफ्तर (राजीव गांधी भवन जिला कांग्रेस ऑफिस) बनकर तैयार है। यह जिला अस्पताल चौराह से 600 मीटर दूर जालोर क्लब के पीछे है। नए दफ्तर में आधुनिक सुविधाओं से लैस 6 कमरे, एक बैठक हॉल और खुला परिसर है।
राजीव गांधी भवन में सोमवार को लोकार्पण की फाइनल तैयारियां की जा रही हैं।
जालोर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता योगेन्द्र सिंह कुम्पावत ने बताया- 27 अगस्त 1999 को यहां कांग्रेस दफ्तर के नाम पर एक छोटा सा भवन बना था। कांग्रेस के कार्यक्रमों के लिए यह परिसर बहुत छोटा पड़ता था। नए दफ्तर के लिए पार्टी फंड की कमी थी।
ऐसे में जन अभियोग निराकरण समिति के पूर्व अध्यक्ष पुखराज पाराशर के निर्देशन में जिला कांग्रेस कमेटी के हर कार्यकर्ता ने अपने बूते से चंदा दिया। लोगों से भी चंदा जुटाया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जन सहयोग से यह भवन तैयार है। इसके परिसर में अब आराम से 500 लोगों के लिए व्यवस्थाएं की जा सकती हैं।
दफ्तर गर्मियों में ठंडा रहे, इसके लिए हॉल के चारों तरफ हवा-बारी बनाई गई है। बैठक कक्ष में माइक सिस्टम लगाया गया है।
सभा भवन में स्थित हॉल में कल के कार्यक्रम की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता।
नए ऑफिस में 6 कमरे
कमरा-1 यह कमरा कांग्रेस जिलाध्यक्ष का कार्यालय है। यहां कांग्रेस जिलाध्यक्ष अपनी कमेटी व कार्यकर्ताओं के साथ अलग से शांतिपूर्ण माहौल में इस कक्ष में वार्ता कर सकेंगे। कमरा-2 यह कमरा कांग्रेस के अग्रिम संगठन पदाधिकारियों के लिए है। इस कमरे में छोटी बैठक ली जा सकती है या किसी कार्यक्रम को लेकर विचार विमर्श किया जा सकता है। कमरा-3 यह कमरा मीडिया हाउस के तौर पर काम में लिया जाएगा। इसमें प्रेस वार्ता, पत्रकारों के साथ बातचीत की जाएगी। कमरा-4 यह रसोई घर के लिए है। इसमें बैठक के दौरान चाय नाश्ते की व्यवस्था और पदाधिकारियों के लिए भोजन की व्यवस्था होगी। कमरा-5 यह सामूहिक कार्यालय के रूप में काम आएगा। इसमें कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता के लिए बैठने की व्यवस्था होगी। कमरा-6 यह स्टोर रूम के रूप में काम आएगा। इसमें चुनावों व पार्टी के कई कार्यक्रम को लेकर पार्टी के झंडे सहित अन्य सामान रखा जाएगा।
इसके अलावा बैठक भवन और जिलाध्यक्ष कार्यालय के बीच एक ग्राउंड होगा जिसमें छोटी जनसभा की जा सकती है।
कल यहां पूर्व सीएम, पीसीसी चीफ और नेता प्रतिपक्ष आएंगे। पूरे शहर और परिसर में कांग्रेस के फ्लैग लगाए जाएंगे।
हर कार्यकर्ता को समर्पित
कुम्पावत ने बताया- सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहयोग देकर यह सोच दर्शायी है कि यह कांग्रेस का भवन है। यह सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का भवन हैं। जिस कार्यकर्ता की जितनी हैसियत थी, उतना सहयोग किया। हर कार्यकर्ता का सहयोग होने के कारण यह भवन हर कार्यकर्ता का है।
देखिए राजीव गांधी जिला कांग्रेस भवन की 5 तस्वीरें…
यह मुख्य भवन का परिसर है। इसमें हॉल और 4 कमरे हैं।
यह मुख्य भवन के परिसर में बना सभा भवन है।
सभा भवन एक विशाल हॉल है जिसमें कार्यकर्ताओं की बड़ी मीटिंग ली जा सकती है।
सभा भवन में दायें कांग्रेस कार्यालय और बायें अध्यक्ष का कमरा।
मुख्य परिसर के इस हिस्सा में अंबेडकर जयंती पर बाबा साहेब का माल्यार्पण किया गया।