जयपुर-सीकर हाईवे पर चाय-थड़ी में घुसी कार, युवक की मौत: चपेट में आने से दो युवक चोटिल, खाटूश्यामजी दर्शन करने जा रहे थे दंपति – Jaipur News h3>
जयपुर-सीकर हाईवे पर शुक्रवार सुबह चाय की थड़ी में बेकाबू होकर एक कार जा घुसी। चाय की थड़ी तोड़ते हुए ओवर स्पीड कार की चपेट में आए एक युवक की मौत हो गई। एक्सीडेंट करने वाली टैक्सी कार से दंपति खाटूश्याम मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। हादसे में थड़ी पर मौजूद मालिक व एक कस्टमर घायल हो गए। दौलतपुरा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार करवाया गया है। पुलिस ने टैक्सी कार को जब्त कर ड्राइवर को राउंडअप किया है। SHO (दौलतपुरा) सुनील गोदारा ने बताया- हादसे में जयपुर ग्रामीण के अमरसर स्थित गांव मेहर खुर्द निवासी बलराम अटल (24) पुत्र बोदूराम अटल की मौत हो गई। घायल जोधपुर निवासी थानाराम और चाय थड़ी मालिक कैलाश सैनी निवासी मोटू का बास दौलतपुरा का प्राथमिक उपचार करवाया गया है। घटनाक्रम के मुताबिक, जयपुर से एक दंपती ने खाटूश्यामजी दर्शन के लिए टैक्सी कार बुक की थी। सुबह करीब 7:30 बजे दंपती कार से दर्शन करने जयपुर-सीकर हाईवे पर मोटू का बास से जा रहे थे। इसी दौरान ओवर स्पीड कार बेकाबू होकर हाईवे की सर्विस लाइन के साइड में मौजूद थड़ी में जा घुसी। चाय थड़ी पर मौजूद बलराम, थानाराम और कैलाश को कार ने चपेट में ले लिया। कार के एयरबैग खुलने से बची जान
पुलिस का कहना है कि एक्सीडेंट होने पर कार के एयरबैग खुल गए। जिससे कार ड्राइवर जितेंद्र सिंह और पीछे बैठे दंपती बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। गुस्साएं लोगों ने दौलतपुरा पुलिस को सूचना देने के साथ ही ड्राइवर को पकड़ मारपीट की। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को तुरंत हॉस्पिटल पहुंचाया। डॉक्टर्स ने बलराम को मृत घोषित कर शव पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी भिजवाया। घायल कैलाश और थानाराम को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। नींद की झपकी से कंट्रोल खोया
हादसे के बाद कार सवार दंपती भीड़ के इकट्ठा होने पर चले गए। उनके मामूली चोटिल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने कार को जब्त ड्राइवर जितेंद्र को राउंडअप किया है। पूछताछ में ड्राइवर जितेंद्र ने पुलिस को बताया कि नींद की झपकी आने से कार बेकाबू होकर थड़ी में जा घुसी। बोला- बच गई जान
हादसे का शिकार हुए थानाराम ने बताया- वह मोटू का बास पर स्थित एक वेयर हाउस में काम करता है। आज सुबह ही वह गांव से आकर काम करने के लिए आया था। सुबह करीब 7:30 बजे वह कैलाश सैनी की चाय की थड़ी पर आकर बैठा था। मरने वाला लड़का चाय थड़ी पर गुटखे का पैकेट लेने आया था। पैकेट होने से मना करने पर वह वापस जा रहा था। वह और कैलाश दोनों अपना-अपना मोबाइल चल रहे थे। इसी दौरान 130 की स्पीड में आई कार ने पहले उस लड़के (बलराम) को चपेट में लिया। उसके बाद हम दोनों को टक्कर मारती हुई थड़ी में घुस गई। थड़ी टूटने से साथ ही हम दोनों घायल हो गए, वह लड़का मौके पर ही मर गया।
राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – RajasthanNews