जयपुर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर जाने की चेतावनी: प्रशासक, कमिश्नर 11 सूत्री मांगपत्र सौंपा, मांगे नहीं मानने पर 21 नवंबर से हड़ताल पर जाने की चेतावनी – Jaipur News h3>
जयपुर नगर निगम में कार्यरत 8 हजार से ज्यादा सफाई 21 नवंबर से हड़ताल पर जा सकते है। सफाई कर्मचारियों के संगठन ने ठेकेदारी प्रथा बंद करने, मोबाइल एप के जरिए हाजरी नहीं करवाने समेत 11 मांगों को लेकर नगर निगम प्रशासक और आयुक्त को पत्र सौंपा है।
.
संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ अध्यक्ष नंद किशोर डंडोरिया ने बताया- हम 10 नवंबर से नगर निगम प्रशासन को अपनी इन मांगों पर ध्यान देने और उनका निस्तारण करने के लिए कह रहे है। 10 नवंबर को हमने नगर निगम मुख्यालय पर धरना भी दिया था। लेकिन उस समय नगर निगम का मर्जर होने के कारण हमारी कोई बात नहीं सुनी गई।
अब चूंकि नगर निगम एक हो चुका है और प्रशासनिक स्तर पर नियुक्तियां हो चुकी है, तो हमने अब प्रशासक और आयुक्त को ज्ञापन देकर 20 नवंबर तक का समय दिया है। अगर इस दौरान हमारी इन मांगों पर सकारात्मक कोई निर्णय नहीं किया जाता तो मजबूरन हमे 21 नवंबर से हड़ताल पर जाना पड़ेगा।
ये है प्रमुख मांगे
- सफाई कर्मचारियों से नए एप से हाजरी नहीं करवाई जाए।
- ठेकेदारी प्रथा बन्द की जाए और जो कर्मचारी ठेके पर बरसों से काम कर रहें है उन्हें नियमित किया जाए।
- सफाई कर्मचारियों की रुकी हुई भर्ती को शुरू किया जाए।
- गंम्भीर बीमारी से पीड़ित कर्मचारी को मेडिकल ज्यूरिष्ठ के मेडिकल प्रमाण के आधार पर कर्मचारी के आश्रित को नियुक्ति दी जाए। साथ ही झूठी शिकायतों के आधार पर की गई नियुक्ति निरस्त नहीं की जाए।
- कोर्ट केस के प्रकरणों में सरकार और यूनियन के बीच अगस्त 2024 में हुए समझौते के अनुसार कोर्ट केस वालों को नियुक्ति पत्र दिए जाए।
- मृतक आश्रितों के बरसों से जोनों में प्रकरण विचाराधीन है, उन्हें नियुक्ति दी जाए।
- जमादार से स्वास्थ्य निरीक्षक (SI), SI से स्वास्थ्य निरीक्षक (प्रथम) और स्वास्थ्य निरीक्षक (प्रथम) से मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक के पद पर पदोन्नति की जाए।
- राजकीय अवकाश, रविवार, त्यौहार पर कर्मचरियों को काम पर बुलाया जाता है, तो कर्मचारियों को ओवर टाइम का भुगतान किया जाए और सभी कर्मचारियों के आर.जी.एच.एस. कॉर्ड शुरू करवाए जाए।
- सफाई कर्मचारियों को एल-1 से एल-2 पर क्रमोन्नत किया जाए।
- जिन कर्मचारियों को कार्यवाहक स्वास्थ्य निरीक्षक, कार्यवाहक जमादार, कार्यवाहक मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक लगा रखा है, उन्हें यथावत कार्य करने दिया जाए।
- ऑफिसों में कार्यरत कर्मचारियों को मूल पद पर लगाया जाए।
