चित्तौड़गढ़ एसपी मनीष त्रिपाठी ने संभाली कमान: एसपी बोले- पुलिसिंग को मजबूत बनाना मेरा उद्देश्य, जनता से अच्छा व्यवहार मेरी टीम की प्राथमिकता – Chittorgarh News h3>
चित्तौड़गढ़ जिले को नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) मिल गया है। दो दिन पहले ही एसपी सुधीर जोशी का तबादला हो गया था। उनकी जगह अब आईपीएस मनीष त्रिपाठी ने चित्तौड़गढ़ के नए एसपी के रूप में कार्यभार संभाला है।
.
मंगलवार को दोपहर के समय मनीष त्रिपाठी चित्तौड़गढ़ पहुंचे। उन्हें जवानों की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान जिले के कई बड़े अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें एडिशनल एसपी सरिता सिंह, एडिशनल एसपी (सिकाऊ), एडिशनल एसपी मुकेश कुमार सांखला, डीवाईएसपी (शहर) विनय चौधरी, डीवाईएसपी (ग्रामीण) शिवप्रकाश टेलर और कई थानों के अधिकारी शामिल रहे।
गार्ड ऑफ ऑनर के बाद नए एसपी त्रिपाठी ने एक-एक कर सभी अधिकारियों से मुलाकात की। फिर उन्होंने जरूरी कागज़ातों पर दस्तखत कर आधिकारिक रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया।
प्राथमिकता: बेहतर पुलिसिंग और जनता से अच्छा व्यवहार
पदभार ग्रहण करने के बाद मनीष त्रिपाठी ने अपनी प्राथमिकताओं के बारे में बातचीत ली। उन्होंने कहा कि,
राजस्थान पुलिस और राज्य सरकार ने मुझे चित्तौड़गढ़ की जिम्मेदारी दी है। अब मेरा काम है कि मैं यहां की कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाऊं। पुलिस मुख्यालय की जो प्राथमिकताएं हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है।
एसपी त्रिपाठी ने आगे कहा, मैं चाहता हूं कि मेरी पूरी टीम जनता से अच्छा व्यवहार करे। अक्सर सबसे ज्यादा शिकायत पुलिस के व्यवहार को लेकर ही आती है। अगर सिस्टम में कोई कमी है तो उसे भी सुधारेंगे। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को साथ लेकर काम करूंगा।
उन्होंने यह भी कहा कि,
मैं जनता से अपील करता हूं कि पुलिस का ज्यादा से ज्यादा सहयोग करें। जब लोग सहयोग करते हैं तो पुलिसिंग आसान हो जाती है। वैसे तो सभी समाज अच्छे होते हैं और उन्हें पुलिस की ज्यादा जरूरत नहीं पड़ती। अगर लोग खुद भी अपने सिस्टम को सुधार लें तो समाज में शांति बनी रहती है। हम पुलिस हैं और हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपना काम ईमानदारी से करें।
जनता से जुड़े रहने का वादा
एसपी मनीष त्रिपाठी ने भरोसा दिलाया कि वह आम लोगों से जुड़कर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि वह जिले में कानून व्यवस्था को बनाए रखने के साथ-साथ लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे।
