ग्वालियर में अलग-अलग घटनाओं में दो लोग ट्रेन से कटे: क्षत-विक्षत हालत में रेलवे लाइन पर मिले शव, नहीं हो सकी पहचान – Gwalior News h3>
ग्वालियर में रविवार सुबह पुरानी छावनी और झांसी रोड थाना क्षेत्र में दो अज्ञात लोग ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ही मामलों में पुलिस को रेलवे लाइन पर क्षत-विक्षत शव पड़े मिले। मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने दोनों शवों को निगरानी में लेकर डेड हाउस में रखवा दिया है। आशंका जताई जा रही है कि दोनों यात्री हो सकते हैं। रेलवे पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है। फिलहाल पुरानी छावनी और झांसी रोड थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। रविवार सुबह शहर के दो अलग-अलग रेलवे ट्रैक पर हादसों की सूचना से हड़कंप मच गया। जीआरपी और स्थानीय थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को मर्चुरी पहुंचाया। हादसे इस प्रकार हैं। गंगा मालनपुर ट्रैक पर मिला शव पुरानी छावनी थाना पुलिस को सुबह सूचना मिली कि गंगा मालनपुर स्थित मरघट (श्मशान घाट) के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक की लाश पड़ी है। मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। उसने सफेद रंग की टी-शर्ट और पैंट पहन रखी थी। रंग सांवला (गेहूंआ) बताया है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो रेलवे लाइन पर शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को निगरानी में लिया, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। मृतक के कपड़ों से कोई टिकट या दस्तावेज भी नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान की जा सके। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हरिशंकरपुरम ट्रैक पर दूसरा हादसा दूसरा हादसा झांसी रोड थाना क्षेत्र के हरिशंकरपुरम के पास हुआ। यहां रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव बेहद क्षत-विक्षत हालत में मिला। राहगीरों और रेलवे स्टाफ की सूचना पर झांसी रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को निगरानी में लिया। शव इतना क्षत-विक्षत था कि मृतक का चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। पुलिस ने शव को मर्चुरी भेजकर पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं। शिनाख्त के लिए मशक्कत कर रही पुलिस घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों मृतकों के पास से कोई मोबाइल, पर्स या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उनकी पहचान हो सके। पुलिस आसपास के जिलों और थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है, ताकि हुलिए के आधार पर पहचान की जा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ हो सकेगा कि मामला दुर्घटना का है या आत्महत्या का।