ग्रामीणों और बजरी माफिया के बीच विवाद, 6 घायल: ग्रामीण बोले- कैंपर से कुचलने का प्रयास किया; SDM ने कहा- लीजधारकों के साथ हाथापाई हुई – Merta News h3>
अवैध बजरी परिवहन का विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। ग्रामीणों ने बजरी से भरे एक डम्पर को रोका तो दोनों पक्षों में टकराव हो गया। ऐसे में 6 से ज्यादा ग्रामीण घायल हो गए। 5 गंभीर घायलों को अजमेर रेफर किया गया।
.
मामला सोमवार 7 बजे का नागौर रियांबड़ी का है।
ग्रामीणों ने बताया कि हमने बजरी से भरे डम्पर को रोका तो उन्होंने हम पर कैंपर चढ़ा दी। जबकि एसडीएम सुरेश केएम का कहना है कि ऐसा कुछ नहीं है। सिर्फ लीजधारक के लोगों और कुछ ग्रामीणों में हाथापाई हुई है। दोनों पक्षों के आमने-सामने होने की वजह से लोग घायल हुए हैं। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।
दरअसल, रियांबड़ी में पिछले दिनों से बजरी की लीज को लेकर ग्रामीणों की ओर से विरोध किया जा रहा है। ऐसे में लगातार प्रशासन की ओर से कई दौर की वार्ता भी हुई है। इसी वार्ता के बीच आज शाम 7 बजे बाद रियां बड़ी में दो पक्षों के बीच टकराव हो गया और इस टकराव की वजह से 6 से ज्यादा ग्रामीण लहूलुहान हुए है। 5 घायलों को अजमेर रेफर किया गया है।
देखें मौके की तस्वीरें
वीडियो उस वक्त का है जब ग्रामीणों और बजरी माफिया का टकराव हुआ।
ग्रामीणों ने घायलों के वीडियो बनाए हैं और उन्हें सोशल मीडिया पर शेयर किया।
तस्वीर, रियांबड़ी अस्पताल की है। यहां घायलों को लाया गया। वहीं कुछ घायलों को अजमेर रेफर किया गया है।
अस्पताल के बाहर जमा भीड़।
ग्रामीणों ने लगाए कैम्पर चढ़ाने के आरोप
बजरी के डम्पर को रुकवाने पहुंचे ग्रामीण पक्ष का कहना है कि उन्होंने बजरी से भरे डम्पर को रुकवाया तो कैंपर से आए बजरी माफियाओं ने उन पर कैंपर चढ़ा दी, जिससे 12 ग्रामीण घायल हुए है। कई ऐसे वीडियो भी सामने आए है।
कैंपर नहीं चढ़ाई, सिर्फ दो पक्षों में टकराव- एसडीएम रियांबड़ी एसडीएम सुरेश केएम ने बताया कि कैंपर चढ़ाने जैसा कुछ नहीं हुआ है। लीज धारक के लोगों और वहां डम्पर को रुकवाने गए कुछ ग्रामीणों के बीच टकराव हुआ है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।
यह लोग हुए घायल इस टकराव में रियांबड़ी निवासी सुनील (22) पुत्र जगदीशराम, मोतीराम (40) पुत्र देवाराम, रामलाल (43), नोरतराम (50) पुत्र पुखराज, पांचाराम (60) पुत्र मूलाराम को अजमेर रेफर किया गया है। जबकि जगदीश (35) पुत्र सुगनाराम का रियांबड़ी में उपचार चल रहा है।
सांसद बेनीवाल ने कहा- बजरी माफियाओं का तांडव, पुलिस मूकदर्शक इस पूरे मामले को लेकर नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी नाराजगी जताते हुए नागौर के पुलिस-प्रशासन को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने बताया कि बजरी माफियाओं का तांडव जारी है और पुलिस-प्रशासन मूकदर्शक बने हैं।
