गोरखपुर में CM योगी ने किया विरासत गलियारे का निरीक्षण: बोले-तेजी से करें सड़क निर्माण, जलभराव हुआ तो खैर नहीं; प्रभावित सभी लोगों को दें मुआवजा – Gorakhpur News h3>
दो दिनों के दौरे पर गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देर शाम निर्माणाधीन विरासत गलियारे का निरीक्षण किया। सबसे पहले सीएम योगी जगेश्वर पासी हड़हवा फाटक पहुंचे। यहां से उन्होंने घंटाघर तक हो रहे सड़क चौड़ीकरण का जायजा लिया।
.
उन्होंने पूरे रास्ते को बारीकी से देखा और यहां चौड़ीकरण में आ रही समस्याओं को जाना। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि तय समय में ही इस काम को हर हाल में पूरा करें। हालांकि मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान अफसरों के हाथ-पैर फूले रहे।
जगेसर पासी चौराहा पर निर्माण मॉडल का अवलोकन
सीएम का काफिला रात 9 बजे गोरखनाथ मंदिर से रवाना हुआ और सबसे पहले जगेसर पासी चौराहा पहुंचा। यहां उन्होंने सड़क निर्माण का मॉडल देखा और लंबाई-चौड़ाई संबंधी जानकारी ली। बताया गया कि लगभग 2.14 किमी मार्ग टूलेन व शेष फोरलेन होगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रभावित व्यक्ति को मुआवजे से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
हड़हवा फाटक के पास रेलवे ओवरब्रिज पर समीक्षा
इसके बाद सीएम योगी हड़हवा फाटक के पास रुके, जहां रेलवे ओवरब्रिज निर्माण की तैयारी की जानकारी ली गई। उन्होंने निर्देश दिया कि डेढ़ साल में यह कार्य पूरा हो जाना चाहिए। साथ ही क्षेत्र में जलभराव से निपटने के लिए दोनों ओर नाले बनाए जाने और टूट चुकी दुकानों के स्थान पर नई दुकानों के निर्माण का आदेश दिया।
बशारतपुर में ‘हेड टू टेल’ जलनिकासी की योजना पर ज़ोर
ओमनगर, बशारतपुर में सीएम ने सड़क लेआउट की समीक्षा की और जलनिकासी के लिए ‘हेड टू टेल’ सिस्टम लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाले को ढककर उसे फुटपाथ के रूप में विकसित किया जाए और सड़कों व मोहल्लों का पानी सीधे नाले तक पहुंचे, जिससे भविष्य में जलभराव की कोई गुंजाइश न रहे।
मेट्रो हॉस्पिटल के पास कलवर्ट निर्माण का प्रस्ताव
निरीक्षण के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री मेट्रो हॉस्पिटल के पास पहुंचे। उन्हें बताया गया कि जलनिकासी के लिए यहां कलवर्ट बनाया जाएगा। इस पर सीएम ने पीडब्ल्यूडी और नगर निगम को मिलकर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वहां मौजूद नागरिकों से बातचीत कर भरोसा भी दिलाया।
विरासत गलियारे में प्रभावितों को पूरा मुआवजा देने का निर्देश
पांडेयहाता में विरासत गलियारे का निरीक्षण करते हुए सीएम ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य से प्रभावित सभी दुकानों और मकानों को मुआवजा दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी व्यापारी या नागरिक मुआवजे से वंचित न रह जाए।
घंटाघर में दुकानदारों को समायोजित करने का सुझाव
घंटाघर में विरासत गलियारा, मल्टीलेवल पार्किंग और सुंदरीकरण के मॉडल का अवलोकन करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जिन दुकानों को तोड़ा जाएगा, उन्हें पीछे या मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स में समायोजित किया जाए ताकि किसी भी दुकानदार का नुकसान न हो।
आर्यनगर में जनसुविधाओं के विस्तार के निर्देश
आर्यनगर में सीएम ने सार्वजनिक शौचालय, पेयजल व्यवस्था और खराब विद्युत पोलों को हटाने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा और जय श्रीराम के नारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
हजारीपुर में कैरेज वे चौड़ीकरण और नाले की सफाई पर फोकस
हजारीपुर में मुख्यमंत्री ने कैरेज वे को चौड़ा करने और नाले को ढकने के निर्देश दिए ताकि समय-समय पर उसकी सफाई संभव हो सके। उन्होंने कहा कि यह काम इस ढंग से हो कि भविष्य में कोई बाधा न आए।
मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह सहित प्रशासन, नगर निगम, पुलिस और पीडब्ल्यूडी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
