गुना में बुजुर्ग डॉक्टर से मारपीट का आरोपी पकड़ाया: सामान खरीदकर घर वापस लौट रहे थे; लूटे गए पैसे भी जब्त – Guna News h3>
गुना के व्यस्ततम बोहरा मस्जिद चौराहा के पास बुजुर्ग डॉक्टर से मारपीट और लूट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दो बदमाशों ने राह चलते बुजुर्ग डॉक्टर के करीब छह हजार रुपये छीन लिए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट की राशि भी बरामद कर ली है। दूध लेने निकले थे बुजुर्ग डॉक्टर बताया जा रहा है कि सोमवार शाम करीब 7 बजे यह सनसनीखेज वारदात सामने आई थी। 78 वर्षीय पूर्व शासकीय चिकित्सक डॉ. गजेंद्र सिंह वैश्य दूध और अन्य घरेलू सामान लेने के लिए घर से निकले थे। डॉ. वैश्य चौधरन का बाड़ा के निवासी हैं और वर्तमान में हनुमान गली में अपना क्लिनिक संचालित करते हैं। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। मारपीट कर छीना पर्स बदमाशों ने डॉक्टर के साथ झूमा-झटकी शुरू कर दी। जब उन्होंने विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें जमीन पर पटक दिया। पीड़ित डॉक्टर ने बताया कि बदमाशों के हाथ में लाठी थी, जिससे उनके कंधे पर वार किया गया। इस हमले में उन्हें चोट भी आई है। इसके बाद बदमाशों ने उनका पर्स छीन लिया, जिसमें करीब 5 से 6 हजार रुपये रखे हुए थे। मोबाइल छीनने की भी की कोशिश लूट की वारदात के बाद बदमाशों ने डॉक्टर का मोबाइल भी छीनने की कोशिश की। इसी दौरान शोर सुनकर पास की एक दुकान का दुकानदार उनकी मदद के लिए दौड़ पड़ा। दुकानदार को आता देख दोनों बदमाश मौके से भाग गए। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस टीम ने डॉ. वैश्य के घर जाकर उनके बयान दर्ज किए और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक अंकित सोनी के निर्देशन में और सीएसपी प्रियंका मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। आरोपियों की पहचान के बाद कार्रवाई मौके पर मौजूद लोगों और पीड़ित के भतीजे ने बताया कि लूट करने वाले युवकों में एक का नाम अरवाज खान निवासी पवन कॉलोनी और दूसरा दानिश खान निवासी नाज होटल के पास बताया गया। आरोपियों की पहचान होने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी। एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी अरवाज पुत्र अजमेरी खान उम्र 20 वर्ष निवासी पवन कॉलोनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि लूट की रकम में से उसके हिस्से के दो हजार रुपये खर्च हो चुके हैं, जबकि पांच सौ रुपये उसके पास बचे थे। पुलिस ने उक्त राशि जब्त कर ली है। वहीं दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।