कुशीनगर में दरोगा-शराब तस्कर के बीच डील का AUDIO: तस्कर बोला- 30 हजार में काम कराओ, चौकी इंचार्ज बोले- मिलकर बात करेंगे – Kushinagar News

2
कुशीनगर में दरोगा-शराब तस्कर के बीच डील का AUDIO:  तस्कर बोला- 30 हजार में काम कराओ, चौकी इंचार्ज बोले- मिलकर बात करेंगे – Kushinagar News

कुशीनगर में दरोगा-शराब तस्कर के बीच डील का AUDIO: तस्कर बोला- 30 हजार में काम कराओ, चौकी इंचार्ज बोले- मिलकर बात करेंगे – Kushinagar News


कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र की शालिकपुर पुलिस चौकी एक बार फिर सुर्खियों में है। चौकी इंचार्ज दिनेश राजभर और एक कथित शराब तस्कर के बीच बातचीत का एक ऑडियो सामने आया है। इस ऑडियो में अवैध शराब के एक मामले में पकड़े गए वाहन को छोड़ने के बदले पैसों के लेन-देन की कथित बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल की रात शालिकपुर चौकी क्षेत्र में पुलिस ने बिहार ले जाई जा रही अवैध शराब की एक खेप पकड़ी थी। इस कार्रवाई में शराब से लदा एक ऑटो जब्त किया गया था और एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। अब इसी कार्रवाई से संबंधित एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऑडियो में चौकी इंचार्ज और शराब तस्करी से जुड़े बताए जा रहे व्यक्ति के बीच बातचीत सुनाई देती है। बातचीत की शुरुआत में चौकी इंचार्ज कथित तौर पर कहते हैं कि उन्हें उस व्यक्ति का नया मोबाइल नंबर हाल ही में मिला है और वह उससे मिलने की बात करते हैं। इस पर दूसरा व्यक्ति जवाब देता है कि जब सारी बात फोन पर हो सकती है तो मिलने की क्या आवश्यकता है। इसके बाद बातचीत में जब्त किए गए वाहन का जिक्र आता है। ऑडियो में मौजूद व्यक्ति दावा करता है कि वाहन छोड़ने के लिए पहले 30 हजार रुपये की बात हुई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया। वह 40 हजार रुपये देने की पेशकश भी करता सुनाई देता है। वहीं, चौकी इंचार्ज कथित तौर पर ऐसी किसी भी बात से इनकार करते हुए व्यक्ति को मिलने के लिए कहते सुनाई दे रहे हैं। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ बोले- मामले की जांच हो रही वायरल ऑडियो को लेकर खड्डा क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो हाल की घटना नहीं, बल्कि अप्रैल माह में हुई शराब बरामदगी की कार्रवाई से जुड़ा बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उस मामले में पुलिस ने एक ऑटो से अवैध शराब बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक ने जिस व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया था, उसी नंबर पर चौकी इंचार्ज द्वारा संपर्क किया गया था। सीओ ने कहा कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है या किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल ऑडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है और लोग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar Pradesh News