किशनगंज में लूट का 24 घंटे में खुलासा: 3 आरोपी गिरफ्तार, ₹91 हजार कैश बरामद, एक फरार की तलाश जारी – Kishanganj (Bihar) News h3>
किशनगंज जिले में पुलिस ने एक बड़ी लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। 12 जनवरी की रात किशनगंज थाना क्षेत्र के पतलवा तीनमुहानी के पास हुई इस वारदात में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने लूटे गए 91,100 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, दो पावर बैंक और एक स्लिप निकालने वाले डिवाइस को भी सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है। यह घटना एल.टी. फाइनेंस कंपनी, बालूगंज ब्रांच, कटिहार के फ्रंट लाइन ऑफिसर (एफ.एल.ओ.) अनिल कुमार (लगभग 30 वर्ष) और उनके सहकर्मी सुशांत कुमार के साथ हुई थी। अनिल कुमार, जो पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी थाना क्षेत्र के जयनगरा निवासी शंकर मंडल के पुत्र हैं, किशनगंज क्षेत्र में कलेक्शन का काम पूरा कर रात करीब 8:10 बजे बालूगंज लौट रहे थे। मोबाइल फोन और अन्य सामान लूट लिए
इसी दौरान, चार अज्ञात अपराधियों ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर उनका रास्ता रोका और हथियार के बल पर उनसे नकद राशि, मोबाइल फोन और अन्य सामान लूट लिए। पीड़ित अनिल कुमार ने तत्काल किशनगंज थाने को घटना की सूचना दी, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज की गई। एसडीपीओ नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया
घटना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ गौतम कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित छापेमारी की, जिसके परिणामस्वरूप तीन आरोपियों को पकड़ लिया गया। निशानदेही पर लूटी गई संपत्ति बरामद
पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर लूटी गई संपत्ति बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहनवाज आलम (पिता अब्दुल कादिर), बब्लू आलम (पिता मुंशी कादिर) और बाबुल आलम (पिता अब्दुल खालिक) के रूप में हुई है। ये सभी किशनगंज थाना एवं जिला के पिछला और मोहम्मदपुर वार्ड संख्या 13 और 08 के निवासी हैं। चौथे आरोपी की तलाश जारी
एसपी संतोष कुमार ने बताया कि इस मामले में चौथा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। अनुसंधानकर्ताओं को पर्याप्त साक्ष्य संकलित कर शीघ्र चार्जशीट दाखिल करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस की इस सफलता से स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। पुलिस ने कहा कि अपराधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है और ऐसे अपराधों पर लगाम लगाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – BiharNews