‘कांग्रेस राज में पेपर लीक की घटनाएं ना रूकी हैं, न रूकेंगी’, विधायक वासुदेव देवनानी का गहलोत सरकार पर अटैक

15
‘कांग्रेस राज में पेपर लीक की घटनाएं ना रूकी हैं, न रूकेंगी’, विधायक वासुदेव देवनानी का गहलोत सरकार पर अटैक

‘कांग्रेस राज में पेपर लीक की घटनाएं ना रूकी हैं, न रूकेंगी’, विधायक वासुदेव देवनानी का गहलोत सरकार पर अटैक


अजमेर : पूर्व शिक्षा मंत्री और अजमेर उत्तर के विधायक वासुदेव देवनानी ने अशोक गहलोत सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में पेपर लीक होने की घटनाएं ना पहले कभी रुकी हैं और ना ही इनके रहते रूक सकती हैं। जब पेपर लीक गिरोह के तार कांग्रेस सरकार और संगठन के लोगों तक जुड़े हुए हों, तो पेपर लीक रोकने की बात करना ही बेमानी दिखाई देता है।

देवनानी ने जारी बयान में कहा कि 19 फरवरी को सामुदायिक चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होना कोई नई बात नहीं है। कांग्रेस शासनकाल में अब तक जितनी भी भर्ती परीक्षाएं हुई हैं, उनमें से करीब 75 प्रतिशत परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं। रीट, द्वितीय श्रेणी शिक्षक भर्ती सहित अनेक भर्ती परीक्षाएं इसके उदाहरण हैं। इतना सब-कुछ होने के बावजूद कांग्रेस सरकार अभी तक पेपर लीक की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कोई भी ठोस कदम नहीं उठा पाई है। यही नहीं, पेपर लीक गिरोह से जुड़े ऊंचे रसूखदारों के खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। जिससे पेपर लीक गिरोह में शामिल लोगों के हौंसले बुलंद हैं और वे बेखौफ खुलेआम घूम रहे हैं।

देवनानी ने कहा कि पेपर लीक होना कांग्रेस सरकार की सबसे बड़ी विफलता का प्रमाण है। विधानसभा में पेपर लीक नहीं होने देने की लंबी-लंबी बातें करने के बाद भी पेपर आउट हो गया। यह सरकार केवल युवाओं को गुमराह करने के सिवाय कुछ नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने विधानसभा के बजट सत्र में यह घोषणा की कि अब किसी भी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक नहीं होने दिया जाएगा। सरकार ने अनेक इस घोषणा की हवा सामुदायिक चिकित्सा अधिकारी भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने के साथ ही निकल गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पेपर लीक सरकार है। उन्होंने कहा, यह बड़ा ही विचारणीय सवाल है कि जिस सरकार से खुद का बजट लीक होने से बचाया नहीं जा सका, वह पेपर लीक होने की घटनाओं पर कैसे अंकुश लगाएगी।

अजमेर उत्तर के विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल युवाओं की आंखों में धूल झोंक कर उनके सपनों और भविष्य का चकनाचूर कर रही है। पिछले बजट में जिन भर्तियों की घोषणा की गई थी, वह अभी तक नहीं हो पाई हैं। सरकार ने इस साल के बजट में फिर से एक लाख नौकरियां देने की घोषणा कर युवाओं को गुमराह किया है। देवनानी ने कहा कि इस सरकार का कार्यकाल पूरा होने में महज पांच-छह महीने बचे हैं। ऐसे में सवाल यह उठता है कि कब तो भर्तियों के लिए विज्ञप्तियां जारी कर आवेदन मांगे जाएंगे, कब परीक्षाएं और इंटरव्यू होंगे और कब सफल अभ्यर्थियों को नियुक्तियां मिलेंगी।

देवनानी ने कहा कि जब तक आवेदन मांगे जाएंगे और परीक्षाएं कराई जाएंगी, तब तक इस कांग्रेस सरकार के दिन पूरे हो जाएंगे। ऐसे में एक बार फिर युवा अपने आप को ठगा-सा पाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की चाल को युवा अच्छी तरह समझते और जानते हैं, इसलिए युवा वर्ग अब उनके बहकावे में बिल्कुल नहीं आएंगे। वो इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे।
रिपोर्ट- नवीन वैष्णव, अजमेर

राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Rajasthan News