कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना: उन्नाव में भ्रष्टाचार, पेपर लीक और महंगाई पर उठाए सवाल – Unnao News h3>
उन्नाव में जिला कांग्रेस कमेटी ने शुक्रवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने आर्थिक संकट, भ्रष्टाचार, पेपर लीक और बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। कुशवाहा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आम जनता की जेब पर लगातार हमला कर रही है,जबकि अपने नेताओं और उद्योगपति मित्रों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि देश और प्रदेश इस समय आर्थिक संकट के दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि स्वयं प्रधानमंत्री भी भविष्य में आर्थिक संकट की आशंका जता चुके हैं। इसके बावजूद सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय “आपदा में अवसर” तलाशने की नीति पर काम कर रही है। सुरेंद्र कुशवाहा ने आरोप लगाया कि भाजपा के विधायक, सांसद और मंत्री भ्रष्टाचार के जरिए अपनी संपत्तियां बढ़ाने में लगे हुए हैं। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि वह विपक्षी नेताओं की संपत्तियों की जांच कराने की बात करती है, लेकिन अपने जनप्रतिनिधियों की संपत्ति की जांच क्यों नहीं कराती। कुशवाहा ने कहा कि यदि चुनाव के समय दिए गए हलफनामों और वर्तमान संपत्ति का तुलनात्मक परीक्षण कराया जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता की परेशानियों के पीछे भाजपा की पूरी मशीनरी जिम्मेदार है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पेपर लीक के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लगातार पेपर लीक होना सीधे तौर पर भ्रष्टाचार को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि गरीब और मध्यम वर्गीय छात्र वर्षों तक मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, कोचिंग पर लाखों रुपये खर्च करते हैं और सरकार आवेदन शुल्क के नाम पर उनसे मोटी रकम वसूलती है। इसके बाद परीक्षा का पेपर लीक हो जाता है, जिससे छात्रों का भविष्य अंधकार में चला जाता है। कुशवाहा ने हाल ही में हुए नीट परीक्षा पेपर लीक का जिक्र करते हुए इसे चार-पांच साल तक तैयारी करने वाले छात्रों के साथ अन्याय बताया। उन्होंने उन एजेंसियों की जांच की मांग की, जिनके माध्यम से परीक्षाएं आयोजित कराई जाती हैं। उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब परीक्षाओं के दौरान छात्रों की कड़ी तलाशी ली जाती है, कलावा तक कटवाया जाता है और महिलाओं की बिछिया तक उतरवाई जाती है, तब आखिर पेपर लीक कैसे हो जाता है। उन्होंने कहा कि इसकी नैतिक जिम्मेदारी सरकार और संबंधित एजेंसियों को लेनी चाहिए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने महंगाई और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आम आदमी की जेब से पैसा निकालकर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचा रही है। उन्होंने नोटबंदी, जनधन खातों और ईंधन की कीमतों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार लगातार जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। उन्होंने किसानों को डीजल वितरण में लगाए जा रहे प्रतिबंधों पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि किसानों से आधार कार्ड दिखाकर सीमित मात्रा में डीजल देने की बात कही जा रही है, जबकि भाजपा नेताओं के बड़े-बड़े काफिले बिना किसी रोकटोक के चलते हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर उन काफिलों के लिए डीजल कहां से आता है।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews